Live news,बीकानेर का लोकल चैनल, हर पल की खबरें आप तक
Thursday, December 17, 2020
अवैध डोडा पोस्त मामले में फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
बीकानेर@ अवैध डोडा के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया हैं। खाजुवाला पुलिस ने यह कार्रवाई की हैं। पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए पुखराज पुत्र केशराराम जाट निवासी बड़ी छापरी को गिरफ्तार किया हैं। उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त को डीएसटी टीम ने कार्रवाई करते हुए जग्गासर चौराहे पर अवैध करीब 9 किलो डोडा पकड़ा था। जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
बीकानेर@ बलात्कर करने व हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। गंगाशहर पुलिस ने यह कार्रवाई की हैं। पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए कन्हैयालाल पुत्र सुरजाराम नायक उम्र 30 निवासी उदयरामसर हाल सूर्या कॉलोनी को गिरफ्तार किया हैं। जिसको बाद में न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया हैं।
उल्लेखनीय है कि 8 जुलाई को न्यायालय के आदेश से मुकदर्मा दर्ज करवाया था कि आरोपी ने प्रार्थी की नाबालिग बहन के साथ इच्छा के विरूद्ध जबरदस्ती खोटा काम किया और बहला फुसलाकर मंदिर ले जाकर शादी रचा ली और अब खुलेआम कह रहे हे कि हमने तुम्हारी बहन की हत्या कर पंखे से लटका दिया हैं।
आधार सीडिंग के कार्य में लाहपरवाही बरतने पर दो राशन डीलर के लाइसेंस निलम्बित
बीकानेर@ जिला रसद अधिकारी यंशवत सिंह भाकर ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशों की पालना में गुरूवार को वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत जिले में आधार सीडिंग के कार्य में लाहपरवाही बरतने पर दो उचित मूल्यों की दुकान का प्राधिकार-पत्र तुरन्त प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।
भाकर ने बताया कि निजाम केरोसीन तथा विधाचल चौबे को पूर्व में भी कई बार आधार सीडिंग के लिए निर्देशित किया गया था किन्तु विभागीय निर्देशो की अवहेलना करने एवं आधार सीडिंग में लाहपरवाही करने पर इन दो दुकानों का प्राधिकार-पत्र तुरन्त प्रभाव से निलम्बित किये गये है।
जिला रसद अधिकारी द्वितीय भागूराम महला ने बुधवार को आधार सीडिंग के कार्य में लाहपरवाही बरतने एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने पर 08 राशन डीलरों के प्राधिकार पत्र निलम्बित किये थे और अब तक कुल 13 राशन डीलरों का प्राधिकारी-पत्र निलम्बित किए जा चुके हैं।
जिला रसद अधिकारी बीकानेर द्वितीय भागूराम महला ने बताया कि जिन राशन डीलरों द्वारा सीडिंग कार्य में यदि अपेक्षित प्रगति नहीं की गई तो उनके विरूद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी।
सर्दी के प्रकोप पर रांका की राहत, जरुरतमंदों को मिलेंगे जूते
केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री चौधरी व देहात अध्यक्ष सारस्वत ने किया शुभारम्भ
बीकानेर। कड़ाके की पड़ रही ठंड से आम जनजीवन बेहाल हो रखा है। सर्दी के इस सितम पर नगर विकास न्यास के पूर्व चैयरमेन महावीर रांका द्वारा जरुरतमंदों को जूते भेंट कर राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रामलाल सूरजदेवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट, लूणकरण सरोज देवी सामसुखा चैरिटेबल ट्रस्ट व पूनमचन्द झंवरी देवी कच्छावा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा जरुरतमंदों को 1000 जूते वितरित किए जाएंगे।
ट्रस्ट के पवन महनोत ने बताया कि वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरुवार को केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा देहात अध्यक्ष ताराचन्द सारस्वत व पूर्व चैयरमेन महावीर रांका द्वारा किया गया। इस दौरान केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी का पूर्व चैयरमेन महावीर रांका ने अभिनन्दन करते हुए आचार्यश्री महाप्रज्ञजी द्वारा रचित साहित्य भेंट किया गया।
केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने रांका द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को सराहते हुए कहा कि जनता को राहत पहुंचाने में हर कार्यकर्ता तत्पर रहे। देहात अध्यक्ष ताराचन्द सारस्वत ने कहा कि पूर्व चैयरमेन रांका ने कोरोना काल में सेवाओं की शृंखला की मिसाल कायम की है।
शुभारम्भ अवसर पर पूर्व पार्षद राजेन्द्र शर्मा, कुम्भनाथ सिद्ध, मधुसूदन शर्मा, भगवती गौड़, आदर्श शर्मा, ओम राजपुरोहित, भगवान सिंह मेड़तिया, जितेन्द्र सिंह भाटी, आनन्द सोनी, गौरीशंकर देवड़ा, तेजाराम राव, टेकचन्द यादव, शंभु गहलोत, जय सामसुखा, पंकज गहलोत, रमेश सैनी, मोहित बोथरा, कौशल शर्मा, महेश मुण्ड, दिनेश चौधरी, जयनारायण गोलछिया, नृसिंह सेवग आदि उपस्थित रहे।
बीकानेर 17 दिसम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूचियों मंे पात्र व्यक्तियों द्वारा नाम जुड़वाने, हटवाने अथवा संशोधन करवाने हेतु आवेदन पत्र 21 दिसम्बर, 2020 तक बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों मंे अथवा मोबाईल एपध् आयोेग के वोटर सर्विस पोर्टल पर किये जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता दिनांक 01.01.2021 के संदर्भ में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम दिनांक 21 दिसम्बर, 2020 है तथा इसके पश्चात् निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा इन आवेदन पत्रों का निस्तारण 11 जनवरी, 2021 तक किया जायेगा तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 18 जनवरी, 2021 को किया जायेगा। नमित मेहता ने यह स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने अथवा संशोधन की प्रक्रिया एक सतत् प्रक्रिया है तथा 18 जनवरी, 2021 के बाद 01 जनवरी, 2021 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके पात्र व्यक्ति जिनके द्वारा पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आवेदन नहीं किया गया है वह आॅफलाईन अथवा आॅनलाईन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
मेहता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम की अवधि में 19 दिसम्बर, 2020 (शनिवार) को सभी विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम सभा, वार्ड सभा की बैठकों का आयोजन किया जाना निर्धारित था किन्तु कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए इन बैठकों को निरस्त कर दिया गया है। अब बूथ लेवल अधिकारी 19 दिसम्बर, 2020 को प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 01.00 बजे तक मतदान केन्द्र पर उपस्थित रह कर दावे एवं आपत्तियों के प्रार्थना पत्र प्राप्त करेंगे, वहीं आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 21 दिसम्बर, 2020 को अपने क्षेत्र के पंजीयक, जन्म एवं मृत्यु कार्यालय में सम्पर्क कर मृत व्यक्तियों की सूची प्राप्त करेंगे ताकि इनका नियमानुसार मतदाता सूची से नाम विलोपित किया जा सके। साथ ही जन्म के रिकार्ड के आधार पर यह भी सुनिश्चित करेंगे कि 01 जनवरी, 2021 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले सभी पंजीकृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं अथवा नहीं तथा तद्नुसार आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे। इन कार्यालयों में सम्पर्क के दौरान बूथ लेवल अधिकारी, विवाह पंजीकरण रिकार्ड के अनुसार उन नव विवाहिताओं से भी प्रारूप-6 में आवेदन पत्र भरवाने की कार्यवाही करेंगे, जिनका की अभी तक मतदाता सूची में पंजीकरण नहीं हुआ है।
मेहता बताया कि कोविड-19 के होने के बाद भी राज्य के नागरिकों द्वारा पुनरीक्षण कार्यक्रम में उनकी सहभागिता पर प्रसन्नता जाहिर की है तथा मतदाता सूची में पंजीकरण से शेष रहे पात्र व्यक्तियों विशेषकर 18-19 आयुवर्ग के युवाओं से आव्हान किया है कि वह 21 दिसम्बर, 2020 तक आवश्यक रूप से आॅफलाईन, आॅनलाईन आवेदन भर कर प्रस्तुत करें ताकि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों में शतःप्रतिशत पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।मेहता ने मतदाता सूची में पंजीकरण से शेष रहे पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर आॅनलाईन आवेदन पत्र भर कर प्रस्तुत करने का आव्हान किया। उन्होंने अवगत कराया कि इसके लिये वह भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voterportal.eci.gov.in पर मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु आवेदन कर सकते हैं तथा पंजीकृत मतदाता अपनी प्रविष्टि की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ-साथ वोटर हैल्प लाईन मोबाईल एप पर भी पंजीकरण की कार्यवाही की जा सकती है। मतदाता सूचियों से संबंधित विभिन्न जानकारी हेतु टोल फ्री नम्बर 1950 पर कॉल कर सम्पर्क किया जा सकता है।
बीकानेर । नयाशहर थाना क्षेत्र के बिनाणी चौक में अब से कुछ देर पहले आग लग गयी। आग लगने से एकबारगी आसपास हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही नया शहर पुलिस मौके पर पहुंच गयी हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने के प्रसास जारी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थी कि करीब एक से दो किलोमीटर दूरी तक धुंआ उठ रहा था। आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और दमकल पहुँच गए और करीब एक डेढ़ घण्टे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।अचानक आग लग जाने से घर में रखे बिजली उपकरण और अन्य सामान जलकर राख हो गया है।फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है।
बीकानेर में कोरोना वैक्सीनेशन : प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में तीन रूम का सैट रखा जाए, संस्थान में रूम नहीं हो तो स्कूल में वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जाए : मेहता
बीकानेर, 17 दिसम्बर। जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरूवार को ग्रामीण क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और विद्यालय का औचक निरीक्षण व्यवस्थाआंे जायजा लिया।
मेहता ने दोपहर को शेरूणा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पर पहंुचे और स्वास्थ्य सेवाएं तथा बच्चों को आॅनलाइन दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शेरूणा तथा लखासर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य मंत्री निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं का टीकारण, संस्थागत प्रसव तथा बच्चों के टीकाकरण के बारे में संबंधित चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाॅफ से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दोनों की प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कोविड-19 के मद्देनजर चिकित्सा व्यवस्था और उपलब्ध दवाओं के बारे में चिकित्सकों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जो रोगी गंभीर हो, उसे तत्काल रैफर किया जाए। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देेश दिए कि किसी भी रोगी को बाहर की दवा नहीं लिखी जाए।
मेहता ने कोरोना वैक्सीनेशन के संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में तीन रूम का सैट रखने के निर्देश दिए और कहा कि संस्थान में रूम नहीं हो तो स्कूल में वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जाए। उन्होंने मौजूदा स्टाॅफ को वैक्सीनेशन प्रशिक्षण दिलाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.बी.एल.मीना और डूंगरगढ़ ब्लाॅक सीएमओ को निर्देश दिए।
मेहता ने ब्लड प्रेसर मशीन को जांचा-जिला कलक्टर ने शेरूणा चिकित्सालय में लेबर रूम, डीडीसी, वार्ड का निरीक्षण किया और बीपी मशीन सही है या नहीं, इसे जांचने के लिए स्वयं के ब्लड प्रेसर की डाॅ. से जंाच करवाई। इस अवसर पर ब्लाॅक सीएमओ संतोष आर्य, डाॅ. दौलत राम व डाॅ. मनीष स्वामी उपस्थित थे।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शेरूणा का निरीक्षण-मेहता ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आॅन लाईन स्माइल कार्यक्रम की प्रगति के बारे में जाना। उन्होंने विद्यार्थियों को वाट्सएप् ग्रुप के जरिये दी जा रही शिक्षा के बारे में विद्यार्थियों के वाट्सएप ग्रुप में गृह कार्य पोट पोलियो का अवलोकन किया। इस दौरान मिड-डे मील के बारे में सूखा राशन वितरण के बारे जानकारी लेने में बताया गया कि पौषाहार का वितरण मई-जून तक ही हुआ है।
इसके बाद पौषाहार की आपूर्ति नहीं हुई है। इस पर जिला कलक्टर ने मौके पर ही जिला रसद अधिकारी ग्रामीण भागूराम मेहला को आज ही वस्तुस्थिति के बारे में रिकार्ड सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मुख्य ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ को पौषाहार वितरण की रिकाॅर्ड सहित तलब किया। इस अवसर पर स्कूल की प्रिसिंपल जयश्री चैरसिया ने कोविड काॅल मंे स्टाॅफ की सेवाएं, आॅनलाइन शिक्षा के बारे में फीड बैक दिया। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा हेतराम सारण ने आॅनलाइन पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी आॅन लाइन नहीं है, उन्हें घर जाकर गृह कार्य दिया गया है।
बीकानेर@विद्युत उपकरणों के रखरखाव के लिए शुक्रवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सकुधारा, रिजर्व पुलिस लाईन, रानीसर बास, विवेकनगर, विद्युत थाना, एम एस कालेज, पंजाब गिरान मौहल्ला, चांदनी होटल, पुलिसलाईन रोड, गिन्नाणी एरिया, भागवानों का मौहल्ला, रामपुरिया आईस फेक्ट्री, चैंखूटी, नगर निगम स्टोर, कमला काॅलोनी, नूरानी मस्जिद, सांसी मौहल्ला, विनोवा बस्ती, हुसैन मस्जिद, बडी जसोलाई, रामदेव मंदिर, प्रकाशनाथ मेडी, कुचीलपूरा, फड बाजार, मेनरोड, रोशनी घर चैराहा, हैड पोस्टआॅफिस, कमला काॅलोनी, भागवानों का मौहल्ला, गिरिषियों का मौहल्ला, रोशनी का चैराहा, नत्थू की टाल, हरिजन बस्ती, बडी गुवाड, पंवारसर कुआं, दैनिकभास्कर, महिला मण्डल स्कूल, केसरदेसर कुंए के पास, अगुना चैक, सिंकृटि स्कुल, निगमस्टोर के पीछे आदि़ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
घरेलू कनेक्शनों पर 15 हजार लीटर तक के उपभोग पर जल शुल्क माफ, चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बीच प्रदेश में समयबद्ध पेयजल प्रबंधन से जनता को राहत की नई मिसाल- जलदाय मंत्री डॉ. कल्ला
जयपुर@ मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जलदाय विभाग ने राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गांव-ढ़ाणी, कस्बे तथा नगर-नगर में घर-घर तक लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराते हुए पेयजल प्रबंधन में नई मिसाल कायम की है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विभाग द्वारा अर्जित महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि दो सालों का यह कार्यकाल जलदाय विभाग ने चुनौतियों स्थितियों के बीच पूरे प्रदेश में जनता को समयबद्ध पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी का जवाबदेही के साथ निर्वहन किया है। उन्होंने बताया कि सरकार के पहले साल मेें वर्ष 2019 की गर्मिर्यों के सीजन में पेयजल आपूर्ति को लेकर विभाग के सामने कई विकट चुनौतियां थी। मानसून और वर्षा की स्थिति को लेकर पूरा प्रदेश चिंतित था। श्री गहलोत के निर्देशन में उन स्थितियों में जलदाय विभाग ने एक के बाद एक ऎसे फैसले लिए जिनसे प्रदेश में कहीं भी जनता को पेयजल को लेकर किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आई और राज्य में पेयजल का शानदार प्रबंधन किया। मानसून में देरी की वजह से राज्य के समस्याग्रस्त क्षेत्रों में लोगों की जरूरतों का आंकलन कर विभाग द्वारा नलकूपों की स्वीकृति तथा कंटीजेंसी प्लान बनाकर निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए समय पर कदम बढ़ाए गए। इसके अलावा पाली में रेल के माध्यम से पानी पहुंचाया गया।
डॉ. कल्ला ने बताया कि सरकार के दूसरे साल में भी गर्मियों के सीजन को लेकर जलदाय विभाग ने काफी पहले से तैयारी कर ली थी। कोविड-19 के कारण लॉकडाउन की स्थिति से काफी पहले ही फरवरी माह में ही सभी जिला कलक्टर्स को कंटीजेंसी प्लान के तहत 50-50 लाख की राशि स्वीकृत की गई। प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर्स के माध्यम से जल परिवहन के लिए 65 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए। मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने कोरोना की वैश्विक महामारी के कारण पूरे प्रदेश में लॉकडाउन के कारण लोगों के सामने विकट स्थितियों में स्वयं अग्रिम मोर्चे पर कमान सम्भालते हुए फैसले लिए।
श्री गहलोत ने शासन में संवेदनशीलता और जवाबदेही के अपने संकल्प के अनुरूप लॉकडाउन के दौरान प्रदेश के सभी विधायकों के साथ वीडियों कॉंफ्रेंसिंग से संवाद किया। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति और आवश्यकताओं की निरंतर समीक्षा करते हुए सभी विधायकों को 25-25 लाख रुपये की स्वीकृति पेयजल प्रबंधन पर करने की भी मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए ऎसे ही त्वरित, सामयिक एवं समयबद्ध निर्णयों से विभाग ने राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश के सभी हिस्सों में निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जिम्मेदारी का सतत रूप से बखूबी निर्वहन किया है।
घरेलू कनेक्शनों पर 15 हजार लीटर तक के उपभोग पर जल शुल्क माफ जलदाय मंत्री ने बताया कि सरकार के कार्यकाल में राज्य के घरेलू पेयजल उपभोक्ताओं को बिलों पर देय पेयजल शुल्क में संशोधन कर चालू मीटर वाले घरेलू कनेक्शनों पर प्रतिमाह 15 हजार लीटर तक जल उपभोग करने पर जल शुल्क में शत-प्रतिशत छूट का तोहफा दिया। इसके तहत परियोजनाओं से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में डीडीपी ब्लॉक में 70 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन एवं शेष योजनाओं में 40 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन तक के उपभोग पर जल शुल्क में शत-प्रतिशत छूट दी गई है। अन्य ग्रामीण जल योजनाओं में भी जल उपभोग पर शत-प्रतिशत छूट प्रदान की गई है। पूरे प्रदेश में अब तक इस छूट से शहरी क्षेत्र के 56 लाख एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 280 लाख आबादी को सीधा लाभ मिला है।
गुणवत्ता प्रभावित क्षेत्रों परफोकस डॉ. कल्ला ने बताया कि गत दो सालों में जलदाय विभाग द्वारा प्रदेश में गुणवत्ता प्रभावित बस्तियों को लाभाविंत करने पर भी पूरा ध्यान दिया गया है। राज्य में ऎसी बस्तियों में गत दो सालों में 813 आर.ओ.प्लान्ट तथा 922 सौर उर्जा आधारित डी-फ्लोरिडेशन यूनिट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा प्रदेश में 5 हजार 339 नये नलकूप तथा 11 हजार 317 नए हैण्डपम्प लगाकर उन्हें चालू किया गया है, जबकि 4 लाख 63हजार खराब हैण्डपम्पों को भी सुधार कर पुनः चालू किया गया है।
वृहद पेयजल परियोजनाओं से शहर, गांव और ढाणियां लाभान्वित जलदाय मंत्री ने बताया कि कोविड-19 के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी क्षेत्रों में वृहद पेयजल परियोजनाओं के कामों को भी गति देते हुए जल आपूर्ति तंत्र को मजबूती प्रदान की है। इन मेजर प्रोजेक्ट्स के जरिए सतही जल स्रोत से वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 14 शहरों को आंशिक तौर पर तथा 2 हजार 544 ग्राम एवं 2 हजार 497 ढाणियों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित किया गया हैं।
उन्होंने बताया कि गत दो वर्षों में प्रदेश में 9 वृहद पेयजल परियोजनाओं को पूर्ण करते हुए इनसे जुड़ी आबादी को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाया गया है। इन बड़ी परियोजनाओं में बूंदी जिले की इन्द्रगढ-चाकन पेयजल परियोजना, चम्बल-बून्दी कलस्टर परियोजना (विस्तार चम्बल-भीलवाडा परियोजना), कोटा जिले की बोरावास-पदमपुरा पेयजल परियोजना, बारां जिले की अटरू-शेरगढ़ पेयजल परियोजना, प्रतापगढ़ शहर की विधमान पेयजल अ योजना के पुनर्गठन का कार्य, जयपुर शहर के लिए जयपुर-बीसलपुर पेयजल परियोजना (खोनागोरियन), बांसवाडा-प्रतापगढ़ की 344 ग्रामों की पेयजल परियोजना, झालावाड़ जिले में राजगढ़ पेयजल परियोजना एवं जोधपुर जिले की पांचला-घेवरा चिराई क्षेत्रीय जलप्रदाय योजना शामिल है।
उन्होंने बताया कि जलदाय विभाग ने उक्त सभी मेजर प्रोजेक्ट्स के कार्यों को मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पूरा कर इन क्षेत्रों की जनता को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया है। इसके अलावा विभाग की राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति द्वारा प्रदेश में 16 वृहद पेयजल परियोजनाओं के निर्माण तथा 27 वृहद पेयजल परियोजनाओं की डीपीआर बनाने की स्वीकृति दी गई है। इनके माध्यम से राज्य के अलग-अलग जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जल कनेक्शन प्रदान किये जाएंगे।
गुलाबी नगर में बीसलपुर पानी के लिए 853 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास डॉ. कल्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने जून 2020 में गुलाबी नगरवासियों को 853 करोड़ रुपये की लागत वाले दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स, बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना फेज-प्रथम स्टेज-2 तथा बीसलपुर-पृथ्वीराज नगर पेयजल परियोजना फेज-प्रथम स्टेज-प्रथम का शिलान्यास कर बड़ी सौगात दी।
उन्होंने बताया कि जयपुर शहर की बढ़ी हुई पेयजल मांग एवं आगामी दिनों में बढने वाली मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने दीर्घकालीन प्रस्ताव केन्द्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजे है। केन्द्र सरकार के स्तर पर लम्बित इन प्रस्तावों के बीच जयपुर शहर में पेयजल की बढी हुई मांग के मध्यनजर राज्य सरकार ने अपने स्तर पर तत्काल कदम उठाते हुए 288.90 करोड़ रुपये की बीसलपुर परियोजना फेज-प्रथम स्टेज-2 को स्वीकृति प्रदान की। इससे जयपुर शहर के सभी विधानसभा क्षेत्रों को 170 एमएलडी अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध होगा। इसका कार्य अक्टूबर 2022 तक पूर्ण किऎ जाने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि जयपुर में पृथ्वीराज नगर के लोगों की सुचारू पेयजल व्यवस्था की मांग के सम्बंध में भी जलदाय विभाग द्वारा बीसलपुर बांध से 170 एमएलडी अतिरिक्त पानी की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के बाद इस क्षेत्र के लिए 563.93 करोड़ रुपये की परियोजना को भी स्वीकृत किया गया है। इससे योजना से 175 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में रह रहे लोगों के लिए बुनियादी ढॉंचा विकसित होगा एवं पृथ्वीराज नगर क्षेत्रवासियों को अक्टूबर 2022 तक घर-घर पेयजल उपलब्ध होगा। इस परियोजना का कार्य भी अक्टूबर 2022 तक पूर्ण किया जाना लक्षित है।
राजस्थान विश्वविद्यालय को भी बीसलपुर का पानी जलदाय मंत्री ने बताया कि विभाग ने जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय में पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए यूनिवर्सिटी कैम्पस को बीसलपुर पेयजल परियोजना से जोड़ने के लिए 15.60 करोड़ रुपये की योजना तैयार की, जिसे राज्य सरकार द्वारा मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना के कार्य के लिए 30 सितम्बर 2020 को 7.05 करोड़ रुपये का कार्यादेश जारी किया गया। वर्तमान में योजना का कार्य प्रगति पर है, जिसे अक्टूबर 2021 तक पूर्ण किया जाना लक्षित है।
बीकानेर, 17 दिसम्बर। डूंगर काॅलेज के भूगोल विभाग की सहायक आचार्य डाॅ. श्वेता नेहरा ने लेफ्निेन्ट रैंक प्राप्त कर न केवल राजकीय डूंगर महाविद्यालय बल्कि सातवीं राज एनसीसी बीकानेर की सीनियर विंग की प्रथम महिला एनसीसी अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया। प्राचार्य डाॅ. जी. पी. सिंह ने बताया कि डाॅ. नेहरा ने एनसीसी आॅफिसर्स ट्रेनिंग एकादमी, ग्वालियर द्वारा प्री कमीशन्ड कोर्स में भाग लिया। डाॅ. सिंह ने बताया कि महाविद्यालयों में एनसीसी आॅफिसर पद पर नियुक्ति हेतु यह कोर्स अनिवार्य होता है।
मीडिया प्रकोष्ठ के डाॅ. राजेन्द्र पुरोहित ने बताया कि डाॅ. नेहरा को राजस्थान राज्य एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए कोर्स के दौरान आयोजित एक्सरसाइज-अनुभव, युवाशक्ति, दर्शन, शक्ति आदि में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण कोर्स की उच्चतम ग्रेड एल्फा ग्रेड से नवाजा गया। साथ ही डाॅ. श्वेता को सर्टिफिकेट आॅफ एक्सीलेन्स भी प्रदान किया गया।
रिश्वतखोर एईएन व जूनियर अकाउंटेंट को एसीबी ने रंगे हाथों दबोचा
बीकानेर। रिश्वतखोर एईएन व जूनियर अकाउंटेंट को एसीबी ने रंगे हाथों दबोच लिया है। एएसपी रजनीश पूनिया ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना में पोस्टेड एईएन दिनेश कुमार व जूनियर अकाउंटेंट पवन कुमार के खिलाफ शिकायत मिली थी। आरोपियों द्वारा इसी परियोजना के एक ठेकेदार से बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी।
जिस पर शिकायत के सत्यापन की कार्रवाई शुरू की गई। आज जब दोनों आरोपियों ने अपना अपना हिस्सा लिया, उसी वक्त एसीबी की टीम ने दबिश दी और आरोपियों को रंगे हाथों धर लिया। आरोपी दिनेश ने आठ हजार रुपए व पवन ने 15 हजार रूपए लिए थे।
बीकानेर 17 दिसंबर। प्रधान डाकघर में डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और बचत खाता खोलने के लिए मेले का आयोजन किया गया। मेले में मुख्य अतिथि राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के के पोस्टमास्टर जनरल सचिन किशोर थे। मेले में एक हजार पांच सौ बचत खाते खोले गए। डाक जीवन बीमा में पांच लाख पचास हजार और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के तहत तीन लाख पचास हजार रुपयों का प्रीमियम प्राप्त किया गया।
पोस्टमास्टर जनरल सचिन कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बचत के लिए सरकार की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। बीकानेर डाक मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए ज्यादा से ज्यादा योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने हेतु प्रेरित किया। क्षेत्रीय सहायक निदेशक तरुण शर्मा ने बीकानेर मंडल के कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों ने उत्कृष्ट कार्य किया है उन्हें शीघ्र सम्मानित किया जाएगा। मेले में बी.आर. राठौड़, मुकेश सोनी ने भी अपने विचार प्रकट किए। अधीक्षक डाकघर बीकानेर सीताराम खत्री ने बीकानेर मंडल की तरफ से आए हुए अधिकारियों, आमजन, मेहमानों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जयपुर। प्रदेश के नहरी सिंचित क्षेत्र ( canal irrigated area of the state ) में अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने और इसका संतुलित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने नहर विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( Chief Minister Ashok Gehlot ) ने इस संबंध में 75 करोड़ रूपये के अतिरिक्त बजट प्रस्ताव का अनुमोदन किया है, जिसका उपयोग इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) के द्वितीय चरण के तहत सिंचित क्षेत्र जल प्रबंधन के लिए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से अनुमोदित वित्त विभाग के इस प्रस्ताव के अनुसार, इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) की तीन नहरों, नोहर-साहवा लिफ्ट, गजनेर लिफ्ट तथा कोलायत लिफ्ट नहरों के कमांड क्षेत्र में दबाव सिंचाई पद्धति के विकास के लिए कार्य प्रगति पर हैं। इसमें कुछ लंबित प्रकरणों के भुगतान तथा प्रगतिरत कार्यों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त बजट राशि स्वीकृत की गई है।
अंतिम छोर तक पहुंच सकेगा पानी गौरतलब है कि कमांड क्षेत्र में दबाव सिंचाई के लिए आधारभूत ढांचे से जुडे़ कार्यों के पूर्ण नहीं होने से केवल नहर के शुरूआती छोर पर स्थित 10 से 12 प्रतिशत किसान ही पानी का समुचित उपयोग कर पा रहे हैं। अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा है। दबाव सिंचाई के ढांचे का समुचित विकास नहीं होने से इस क्षेत्र में कुल पानी का केवल 10 से 15 प्रतिशत ही प्रभावी ढंग से उपयोग में आ रहा है। अब कमांड क्षेत्र में विकास कार्यों के पूर्ण हो जाने पर प्रतिवर्ष हजारों हैक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।
बीकानेर@घर में बने पानी के कुंड में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पीबीएम से मिली जानकारी के अनुसार पांचू थाना क्षेत्र की अनिता घर में बने पानी के कुंड में गिर गई। परिजन उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पीबीएम अस्पतल की मोर्चरी में रखवाया है।
सब्जी बेचने वाले व्यक्ति से मारपीट कर लूट लिये रुपये
बीकानेर@गांव-गांव में टेम्पों में घुमकर सब्जी बेचने वाले व्यक्ति के साथ शेरेरां गांव में रात को कुछ लोग मारपीट कर रुपए छीन ले गए। सब्जी बेचने वाले के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वारदात का पता चलने पर नापासर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार शेरेरां गांव निवासी रतनाराम (41) टैम्पो में सब्जी घुम-घुम कर गांव में सब्जी बेचता है। बुधवार रात को वह सब्जी बेचकर वापस घर जा रहा था। रात करीब दस बजे शेरेरां गांव में एक कैम्पर गाडी में तीन-चार जने आए। उन्होंने टैम्पो के आगे कैम्पर गाडी लगाकर रुकवाया। उसके साथ मारपीट कर करीब 22 हजार से अधिक रुपए छीन ले गए। आरोपियों ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर मारी, जिससे उसके गंभीर चोट आई है। वारदात का पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घायलावस्था में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लेकर आए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में देररात तक नापासर थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।
फेसबुक पर फोटो डालकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के खिलाफ मुकदमा करवाने गये पीड़ित के साथ पुलिस ने की मारपीट
बीकानेर@पुलिस थाने में एसएचओ की मौजूदगी में एफआईआर दर्ज करवाने गए पीडि़त के साथ हैड कांस्टेबल द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठे हैं। मामला नयाशहर पुलिस थाने का है। धरने में शामिल वार्ड नंबर 17 के पार्षद प्रतिनिधि सुरेन्द्र डोटासरा का कहना है कि मुक्ताप्रसाद निवासी एक व्यक्ति की माताजी, भाभी व भतीजी को फेसबुक पर कुछ फोटो डालकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस पर टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को उलहाना दिया।
उसके बाद पीडि़त मुकदमा दर्ज करवाने के लिए नयाशहर पुलिस थाने पहुंचा और पूरी बात बताते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही तो वहां मौजूद हेड कांस्टेबल जयप्रकाश ने मारपीट की और मुकदमा दर्ज करने की बजाय पीडि़ता को धारा 151 यानी शांतिभंग के आरोप में बंद कर दिया। डोटासरा का आरोप है कि इस घटनाक्रम के दौरान नयाशहर एसएचओ भी थाने में मौजूद थे।
कोरोना अपडेट:- 1157 सेम्पल से आये आज इतने संक्रमित इन इलाकों से
बीकानेर मैं अब कोरोना जल्द ही विदाई लेता हुआ दिखाई दे रहा है अगर बीकानेर वासीसरकारी गाइडलाइन की सही तरीके से पालना करते रहे तो जल्द ही बीकानेर कोरोना मुक्त हो सकता है आज जारी हुई रिपोर्ट में 6 नए पॉजिटिव सामने आए।
बीकानेर। जिले के पुलिस स्पेशल टीम ने अवैध कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसते हुए एक ओर कार्यवाही की है। जिला पुलिस स्पेशल टीम के प्रभारी उपाधीक्षक ईश्वर सिंह के निर्देशन में टीम सदस्यों जयकुमार उनि., बिट्टु कुमार कानि., मुकेश कानि, श्रीराम कानि. व डीआर पूनम की आसूचना व सहयोग से शुक्रवार को थाना जामसर मय टीम ने कार्यवाही करते हुए लूणकरणसर हाईवे पर गाड़ी में अवैध नशीली गोलिया ले जा रहे अवतार सिंह पुत्र बलवीर सिंह जाति मजबी सिख उम्र 30 साल निवासी फतहगढ़ छना पीएस तनोला जिला बरनाला पंजाब व भगवन्त सिंह पुत्र लीलासिंह जाति मजबी सिख उम्र 32 साल निवासी सुखलब्दी पीएस रामामण्डी जिला भटिण्डा पंजाब के कब्जे से 8 हजार 400 अवैध नशीली गोलिया व होण्डा सीआरवी गाड़ी नम्बर डीएल 3सीएके 4181 को जब्त किया गया । आरोपीयों द्वारा इतनी मात्रा में अवैध नशीली गोलिया कहा से खरीदी गई व किस-किस को सप्लाई करते हैं के सम्बन्ध में पूछताछ की जा रही हैं
15 लाख की लूट ,नकाबपोश बदमाशों ने ग्रामीण बैंक पे की बड़ी वारदात
नागौर@नागौर के जायल में गुरुवार सुबह बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने ग्रामीण बैंक के मैनेजर को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद 20 मिनट में बैंक से 15 लाख रुपए लूट ले गए। वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। बदमाश अपने साथ पहले से ही एक झोला लाए थे जिसमें रखकर वे लूट की रकम लेकर भाग गए।
बीकानेर। जिले के लूणकरनसर तहसील थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक घर में घुसकर संदुक के ताले तोडक़र सोने के आभूषण चोरी कर ले गई है। पुलिस ने बताया कि लूणकरनसर के वार्ड नंबर 16 चौधरी कॉलोनी में रहने वाले विजय सिंह पुत्र सुलतान सिंह भाटी ने सुमन कंवर पत्नी स्व. पन्ने सिंह व सुशिल सिंह पुत्र पन्ने जिला चुरु ने मिलकर परिवादी के घर से सुंदक का ताला तोडक़र 5 भरी सोने के आभूषण कान के बाले रखड़ी व 2 लाख रुपये नगदी चोरी कर ले गये है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच बजरंगज लाल सउनि को दी गई है।
बीकानेर रास्ते की फुटकर दुकानें हों शिफ्ट बड़े व्यापारी, किसी की रोजी-रोटी नहीं हो प्रभावित, कलक्टर, स्थानीय व्यापारी एशोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलक्टर नमित मेहता से विभिन्न मुद्दों पर बात करते हुए शहर के मुख्य मार्ग से फुटकर दुकानें शिफ्ट करवाने और रास्ता खुलवाने की बात कही। कलक्टर मेहता ने व्यापारियों से दो टूक कहा कि किसी की भी रोजी रोटी को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
कलक्टर ने कहा कि किसी कि भी रोजी रोटी को प्रभावित किए बिना यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अव्यवस्था ना हो और ना ही कोविड-19 फैले। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की टीम व्यापारी वर्ग के साथ मुख्य बाजार का विजिट करेगी और जो समस्याएं आ रही हैं उनका समाधान किया जाएगा। बैठक के दौरान व्यापारी एसोसिएशन की ओर से बाजार के मुख्य मार्गों के पास स्थाई या अस्थाई पार्किंग निर्माण की मांग की गई।
जिला कलेक्टर ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर), नगर निगम, यूआईटी को निजी रूप से खाली पड़े भूखंड की तलाश करने को कहा जिसका प्रयोग पार्किंग बनाने के लिए किया जा सके। व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा महात्मा गांधी मार्ग और राजीव मार्ग, स्टेशन रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पर जिला कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षा अहम मुद्दा है। इसे देखते हुए इन मार्गों पर शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे चालू करवाए जाएंगे। जिला कलेक्टर ने कहा कि अभी कोरोना की जंग समाप्त नहीं हुई है।
अब तक किए गए प्रयासों को फलीभूत करने के लिए यह जरूरी है कि आम लोग कोरोना एडवाइजरी का अनुपालना करें। इस कार्य में विशेष तौर पर भीड़भाड़ वाले बाजारों, दुकानों, मॉल आदि में आने वाले ग्राहकों को सभी व्यापारी अपने स्तर पर समझाइश करें और सोशल डिस्टेंसिंग अनुपालना करने के लिए प्रेरित करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह कृष्णिया ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए मुख्य बाजारों में अतिरिक्त ट्रैफिक कांस्टेबल की नियुक्ति और उचित मॉनिटरिंग की जाएगी।
उन्होंने गत 5 माह से व्यापारिक संगठनों के द्वारा कोविड संकट के दौरान दिए गए सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण रोकथाम में समझाइश और जनचेतना सबसे महत्वपूर्ण पक्ष रहा है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) सुनीता चौधरी सहित महात्मा गांधी रोड व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम खंडेलवाल, श्याम कुमार तंवर और शांतिलाल कोचर, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी पी पच्चीसिया सहित विभिन्न व्यापारिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
व्यापारियों का एक्टिव पार्टिसिपेशन जरूरी
कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकथाम की निरंतरता के लिए व्यापारी वर्ग का एक्टिव पार्टिसिपेशन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों द्वारा आमजन को कोरोनावायरस एडवाइजरी की अनुपालना और समझाइश के साथ-साथ मास्क वितरण, सैनिटाइजेशन जैसी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग रहा है।
सभी के समन्वित प्रयासों से बीकानेर में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। आने वाले समय में इस स्थिति को बनाए रखा जा सके इसके लिए विभिन्न व्यापारिक संगठनों को भी प्रयासरत रहना होगा।
जयपुर: सामान्य वर्ग के परीक्षार्थियों को पास होने के लिए 60% जबकि बाकी को 55% मॉर्क्स लाना अनिवार्य होगा।
लंबे अरसे से अटकी राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला किया है। प्रदेश के प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने बुधवार को इस परीक्षा के लिए न्यूनतम पासिंग मार्क्स जारी किए हैं। इसमें एसटी एससी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस व एमबीसी कैटेगिरी के अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत प्राप्तांकों में छूट देने का निर्णय किया है। जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को प्राप्तांको में राहत नहीं दी गई है। इससे पहले रीट परीक्षा में सभी कैटेगरी में न्यूनतम प्राप्तांक 60 प्रतिशत अंक थे।
नए आदेश के मुताबिक, रीट परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य किया गया है। इसी तरह, अनुसूचित जनजाति (ST) व अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अति पिछड़ा वर्ग (MBC), आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग (EWS) कैटेगरी के परीक्षाथियों के लिए पास होने के लिए 55 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा सभी श्रेणी की विधवा, परित्यक्ता महिलाओं तथा भूतपूर्व सैनिकों के लिए 50 प्रतिशत, दिव्यांग श्रेणी में आने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत और सहरिया जनजाति के लिए सहरिया क्षेत्रों में 36 फीसदी प्राप्तांक लाना अनिवार्य किया है। वहीं, टीएसपी यानी ट्राइबल सब प्लान इलाके के एसटी के लिए 36 प्रतिशत प्राप्तांक अनिवार्य किया है।
प्रमाण पत्र की वैधता 3 वर्ष के लिए निर्धारित की शिक्षा विभाग ने रीट प्रमाण पत्रों की वैधता 3 वर्ष के लिए निर्धारित की है। पहले छात्रों को उम्मीद थी कि यह प्रमाण पत्र आजीवन वैध रहेगा। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा आज इस आदेश की ट्वीट करते हुए बताया है कि परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को नोडल एजेंसी बनाया गया है। साथ ही, उन्होंने लिखा है कि बहुत जल्द ही रीट परीक्षाओं की तारीखों का भी ऐलान कर दिया जाएगा।
रीट परीक्षा को लेकर सरकार आचार संहिता हटते ही प्राथमिकता से काम कर रही है, इस हेतु आज विभिन्न श्रेणियों हेतु न्यूनतम अर्हक अंकों में रियायत देने और इस परीक्षा हेतु माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को नोडल एजेंसी बनाने संबंधी आदेश जारी किया गया है।बहुत जल्द रीट परीक्षा की तारीख का ऐलान होगा।
राजस्थानी मोट्यार परिषद का प्रतिनिधि मिला मंत्री भाटी से, मिला आश्वासन काॅलेज भर्ती में राजस्थानी भाषा के पद होंगे शामिल
बीकानेर@ राजस्थानी भाषा को दुसरी राजभाषा बनाने, काॅलेज व्याख्याता भर्ती 2020 में राजस्थानी साहित्य विषय के पद विज्ञप्ति में शामिल करने, राजस्थानी साहित्य के नये पदों को सृजित करने सहित मांगों को लेकर राजस्थानी मोट्यार परिषद के प्रतिनिधियों ने बुधवार को सर्किट हाउस में भंवर सिंह भाटी उच्च शिक्षा मन्त्री से मुलाकात की।
मंत्री भाटी ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि इसी भर्ती में राजस्थानी भाषा के पद शामिल करने की कोशिश करेंगे। नहीं तो आगामी भर्ती में राजस्थानी के पदों पर भर्ती की जाएगी। जल्द ही काॅलेज व्याख्याता के ओर पदों पर भर्ती होनी है,जिसमें राजस्थानी साहित्य के भी पद होंगे।
प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री भाटी को अवगत करवाया कि विगत 8 फरवरी को महारानी सुदर्शना महाविद्यालय, बीकानेर के प्रांगण में मंच से आपने घोषणा कि थीं कि आगामी सत्र में महारानी सुदर्शना महाविद्यालय में राजस्थानी साहित्य विषय शुरू किया जाएगा। लेकिन आज तक ना विभाग बना ना ही राजस्थानी साहित्य विषय के लिए फाॅर्म भरवाये गये। इस पर मंत्री भाटी ने बताया कि जल्द ही इस पर विभाग के अधिकारियों से बात करके राजस्थानी साहित्य विषय शुरू करवाया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान की मातृभाषा राजस्थानी, विश्व की समृद्धतम भाषाओं में से एक हैं। 02/11/2020 को कॉलेज व्याख्याता भर्ती 2020 का राज्य लोकसेवा आयोग- अजमेर द्वारा 918 पदो के लिए विज्ञप्ति जारी की है, इसमे राजस्थानी साहित्य के पद नही होने सें बेरोजगार युवाओ को गहरा धक्का लगा हैं।
प्रदेश में राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर,सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय अजमेर,एस.एन.डी.बी, राजकीय महाविद्यालय नोहर हनुमानगढ़,राजकीय महाविद्यालय- शेरगढ़, जोधपुर सहित इन राजकीय महाविद्यालयो में राजस्थानी साहित्य विषय के व्याख्याता के पद रिक्त पड़े है, जिससे राजस्थानी के विद्यार्थीयों की पढा़ई बाधित हो रही हैं। 1992 की कॉलेज व्याख्याता भर्ती के बाद राजस्थानी साहित्य के व्याख्याता की भर्ती नही हुई हैं।
यह भेदभाव प्रदेश की मातृभाषा राजस्थानी के साथ क्यों हो रहा हैं। राजस्थानी भाषा से आज हजारो बेरोजगार जिन्होंने राजस्थानी भाषा से नेट/ पीएच. डी. कर रखी हैं। कॉलेज व्याख्याता भर्ती में पद नही होने के कारण भारी रोष है। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि जल्द ही इन समस्याओं का हल नही हुवा तो मजबूरन युवाओ को भूख हड़ताल, आमरण अनशन पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ेगा ।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में बीकानेर संभाग महामंत्री सरजीत सिंह, बीकानेर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश रामावत, महासचिव प्रशान्त जैन, सलाहकार भरतदान चारण, कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी, शंकर दान चारण, रामसिंह, पंकज सहित मोट्यार परिषद के सदस्य मौजूद रहें।
देश में लगातार चौथे दिन 30 हजार से कम आए केस, 24 घंटे में 33 हजार ठीक हुए, 355 की मौत
नई दिल्ली: भारत में लगातार चौथे दिन 30 हजार से कम कोरोना केस आए हैं. पिछले 24 घंटे में 24,010 नए संक्रमित मरीज आए हैं. वहीं 355 लोग कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए. अच्छी बात ये है कि बीते दिन 33,291 मरीज कोरोना से ठीक भी हुए हैं. देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 करोड़ के पास पहुंच गया है. यहां लगातार 18 दिनों से 40 हजार से कम कोरोना पॉजिटिव केस आ रहे हैं. दस दिनों में पांचवी बार 30 हजार से कम केस दर्ज किए गए हैं. कोरोना मामले बढ़ने की ये संख्या दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, टर्की, जर्मनी, रूस, ब्रिटेन के बाद सबसे ज्यादा है. वहीं मौत की संख्या दुनिया में नौवे नंबर पर है.
संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ के पास स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 99 लाख 56 हजार हो गए हैं. इनमें से अब तक एक लाख 44 हजार 451 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. कुल एक्टिव केस घटकर तीन लाख 22 हजार हो गए. अब तक कुल 94 लाख 89 हजार लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं.
देश में करीब 16 करोड़ कोरोना टेस्ट भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, 16 दिसंबर तक कोरोना वायरस के लिए कुल 15 करोड़ 78 लाख कोरोना के सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 11.58 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए. देश में पॉजिटिविटी रेट सात फीसदी है. 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक्टिव केस 20,000 से कम हैं और 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक्टिव केस 20,000 से ज्यादा हैं.
मृत्यु दर और रिकवरी रेट महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश समेत कुछ राज्यों में कोरोना वायरस के एक्टिव केस, मृत्यु दर और रिकवरी रेट का प्रतिशत सबसे ज्यादा है. राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. पिछले 20 दिनों से लगातार कोरोना वायरस के नए मामलों से ज्यादा रिकवरी हो रही हैं. देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.45 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 95 फीसदी से ज्यादा है. एक्टिव केस 4 फीसदी से भी कम है.