Tuesday, November 22, 2022

पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने का आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर। पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नयाशहर पुलिस ने की है। पुलिस ने 13 जनवरी 2022 को भगवानाराम डूडी द्वारा दर्ज करवाए गए मामले में यह कार्रवाई की है। इस सम्बंध में प्रार्थी ने बताया था कि दोपहर के समय में 3- 4 बोलेरो आयी जो कि बिना नम्बर की थी। गाड़ी में सवार होकर आए लोगें ने पेट्रोल पंप पर आते ही फायरिंग करनी शुरू कर दी और कहा कि आग लगा दो। इस दौरान बोलेरो में सवार लोगों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर जान से मारने की नियत से गाडी चढ़ाने का प्रयास किया लेकिन कर्मचारी अपना बचाव करते हुए इधर-उधर हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं इस मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे माणकासर निवासी प्रदीप मंडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


Labels:

झोलाछाप डॉक्टर पर छापेमारी, मेडिकल स्टोर व अवैध क्लिनिक को करवाया बंद

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील हर्ष की अगुवाई में जामसर मे झोलाछाप डॉक्टर की क्लिनिक पर छापेमारी की और मेडिकल स्टोर के साथ चल रहे अवैध क्लिनिक को बंद करवाया गया।

बीसीएमओ डॉ सुनील हर्ष ने बताया कि पीएचसी जयमलसर के निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लिनिक और उनमें काम कर रहे झोलाछाप डॉक्टर्स की शिकायत की गई। जिस पर तुरंत एक्शन लेते हुए टीम ने जयमलसर बाजार में संचालित वीर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। वहां कार्यरत झोलाछाप विजय गोस्वामी मौके से फरार हो गया और मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट भी अनुपस्थित मिला।

अवैध रूप से चल रहे क्लिनिक मे एक महिला मरीज का इलाज चल रहा था जिसकी मौके पर जांच मे कोई दवाई की पर्ची अथवा किसी डॉक्टर की पर्ची नहीं मिली। टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए मौके पर ग्रामीणों की उपस्थिति में मेडिकल स्टोर और क्लिनिक पर ताला बंद करवाया गया और मौजूद ग्रामीणों को झोलाछापों के बहकावे में न आने एवं रजिस्टर्ड मेडिकल प्रेक्टिशनर से ही इलाज करवाने की सलाह दी गई।

Labels:

आमजन के लिए 12 मार्गों पर मैजिक ऑटो चलाना प्रस्तावित,सड़क किनारे निर्माण सामग्री मिली तो होगी कार्यवाही

बीकानेर बुलेटिन





संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा की बैठक आयोजित

बीकानेर , 22 नवंबर । आमजन की सुविधा के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के तहत शहर में 12 रूट पर मैजिक ऑटो चलाया जाना प्रस्तावित किया गया है।
संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में 12 रूट पर मैजिक ऑटो चलाए जाने के प्रस्ताव को राज्य सरकार के स्तर पर अनुमोदित के लिए भिजवाने के निर्देश दिए गए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि ऐसे 12 मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। सरकार के स्तर पर इस प्रस्ताव के अनुमोदन के बाद मैजिक ऑटो चलाने के लिए आवेदन लिए जाएंगे।

संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन ने शहर में ट्रैफिक लाइट रोड, सेफ्टी साइनेज, रिफ्लेक्टर लगाने ,सर्किल सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।

सड़क किनारे निर्माण सामग्री मिली तो होगी कार्यवाही
संभागीय आयुक्त ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए निर्माण सामग्री का कोई वाहन शहर में नहीं आए, यह सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने कहा कि यदि सड़क किनारे निर्माण सामग्री पाई गई तो निगम और परिवहन विभाग जब्ती की कार्यवाही करे। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री का विक्रय केवल पत्थरमंडी में ही अनुमत है। इसका उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संभागीय आयुक्त ने कहा कि शहर के सभी मैरिज गार्डन को अपने यहां पार्किंग के लिए व्यवस्था करनी होगी। संभागीय आयुक्त ने शहर की समस्त मुख्य सड़कों पर रिफ्लेक्टर और ब्लिंकर लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न सड़कों व चौराहों पर ठेले ना लगे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस विशेष कार्यवाही करें।

संभागीय आयुक्त ने निराश्रित पशुओं की धरपकड़ अभियान में गति लाने के लिए निगम आयुक्त को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि फड़ बाजार और मुख्य बाजार की सड़कों पर निराश्रित पशु ना मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

चौराहा सौंदर्यकरण की समीक्षा करते हुए संभागीय आयुक्त ने कहा कि जिन निजी संस्थानों को चौराहे दिए गए हैं, उनसे फूलों के पौधे लगवना सुनिश्चित किया जाए। 

जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि महात्मा गांधी सड़क पर ट्रैफिक जाम नहीं हो तथा वन वे व्यवस्था सुगमता पूर्वक जारी रहे, इसके लिए सड़क पर किसी भी स्थिति में पार्किंग ना हो, ट्रैफिक पुलिस इसे सुनिश्चित करें। 
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के., अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ए एच गौरी, नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिरदा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) पंकज शर्मा, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जुगल माथुर, सीएमएचओ डॉ. मोहम्मद अबरार पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह होंगे प्रस्तावित रूट
बैठक में फल मंडी से म्यूजियम सर्किल वाया पूगल फांटा भीमसेन सर्कल,
म्यूजियम सर्किल से गोगा गेट सर्किल अंबेडकर सर्किल रानी बाजार, रेलवे स्टेशन से उदयरामसर वाया स्टेशन रोड गोगा गेट सर्किल कोचर सर्किल नया बस स्टैंड भीनसर, रेलवे स्टेशन से सुजानदेसर वाया स्टेशन रोड गोगागेट कोचर सर्किल महावीर चौक मैन बजार गंगाशहर, म्यूजियम सर्किल से वृंदावन एंक्लेव वाय डूंगर कॉलेज सोफिया स्कूल उदासर फंटा हल्दीराम प्याऊ वैष्णो धाम, म्यूजियम सर्किल से रिडमलसर वाया डूंगर कॉलेज सोफिया स्कूल उदासर फाटा हल्दीराम प्याऊ सागर, म्यूजियम सर्किल से शिव बाड़ी गांव वाया पंचशती सर्किल जांभोजी सर्कल व्यास कॉलोनी सर्किल शिवबाड़ी सर्किल, म्यूजियम सर्किल से पवनपुरी दक्षिण विस्तार वाया पूर्ण सिंह सर्किल ब्रह्मकुमारी आश्रम मेडिकल कॉलेज सर्किल बीकानेर नर्सिंग होम नागणेची जी मंदिर, रेलवे स्टेशन से जस्सूसर गेट  वाया लाल जी होटल राजीव गांधी मार्ग जेल रोड, कोटगेट के दो पीर दाऊजी मंदिर सोनागिरी कुआं,डागा चौक, , जस्सूसर गेट से शार्दुल सिंह सर्किल वाया चौखूंटी रोशनी घर चौराहा पर बाजार हेड पोस्ट ऑफिस पुराना बस स्टैंड, शार्दुल सिंह सर्किल से कृषि महाविद्यालय वाया जूनागढ़ नगर निगम तीर्थ स्थान भीमसेन सर्किल रोडवेज बस स्टैंड प्राइवेट बस स्टैंड आरएसी पुलिस मोटर ड्राइविंग स्कूल तथा कृषि विश्वविद्यालय तथा हल्दीराम प्याऊ से सार्दुल सिंह सर्किल वाया सोफिया स्कूल एलआईसी ऑफिस पंचायत समिति संगलपुरा डूंगर कॉलेज म्यूजियम सर्किल दुर्गादास सर्किल अमन हॉस्पिटल पब्लिक पार्क ब्रांच कोर्ट  डिस्पेंसरी जूनागढ़ कुंजगेट तक छोटे यात्री वाहनों के लिए नए मार्ग खोले जाने के प्रस्ताव भेजे जाने का निर्णय लिया गया ।

Labels:

ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार, हादसे में तीनों दोस्तों की मौत 

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर। बीकानेर के मैनसर गांव के तीन लड़के नागौर के कंवलीसर गांव से लौट रहे थे कि रास्ते में चारे से भरा एक ट्रक इनकी बाइक पर ही पलट गया। हादसे में तीनों दोस्तों की मौत हो गई। जिनका शव अब नागौर के अस्पताल में रखा गया है। सोमवार देर रात हुए इस हादसे के बाद अब मंगलवार को पोस्टमार्टम हो रहा है। घटना के बाद से जसरासर थाना क्षेत्र के मैनसर गांव में शोक की लहर है।

सोमवार रात इस हादसे के बाद से मृतकों की पहचान नहीं हो रही थी। मंगलवार सुबह तक मृतकों की पहचान हो सकी। मृतक मैनसर के दिनेश, तुलसीराम और मामराज तीनों दोस्त थे। इसमें दिनेश मुम्बई में लकड़ी का काम करता था और कुछ दिन पहले ही बीकानेर आया था। वो अपने दोस्त तुलसीराम और मामराज के साथ ही बाइक पर किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। लौटते वक्त रास्ते में ये हादसा हो गया। तीनों का शव नागौर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार नागौर से मैनसर की तरफ जा रहे थे। कंवलीसर गांव के पास एक चारे से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर इनके ऊपर ही पलट गया। ये तीनों बाहर नहीं निकल सके। राहगीरों ने जैसे-तैसे इनको बाहर भी निकाला लेकिन तब तक इनकी मौत हो गई।

गांव में शोक की लहर

जैसे ही मैनसर के तीन दोस्त की मौत का समाचार गांव पहुंचा, वैसे ही क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। ये तीनों दोस्त थे। बताया जा रहा है कि कुछ छह लोग घूमने के लिए नागौर की तरफ गए थे लेकिन रास्ते में तीन जने हादसे में जान गंवा बैठे। संभवत: दो अलग अलग बाइक पर छह जने गए थे। रात के अंधेरे में बाइक चलाना इन लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ।

Labels:

साधू के वेश में छिपा था हत्यारोपी, नौ साल बाद गिरफ्तार

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर। करीब 11 साल पहले हत्या एवं वर्ष 2013 में जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी रहा शख्स जमानत मिलने के बाद किसी भी पेशी पर नहीं पहुंचा। उसके खिलाफ स्थाई वारंट निकल गया। फरार घोषित होने के बाद बचने के लिए वह साधू बन कर छिपता रहा। अब करीब नौ साल बाद बीकानेर पुलिस ने उसे धर दबोचा है। पुलिस एक महीने से उसकी रेकी कर रही थी। सोमवार को बजरंग धोरे के पास उसे रोही में पकड़ा गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अमित कुमार बुड़ानिया ने बताया कि पूगल थाना क्षेत्र के करणीसर भाटियान गांव निवासी डूंगरसिंह (30) पुत्र विजयसिंह वर्ष 2011 में हत्या एवं वर्ष 2013 में जानलेवा हमला करने के मामले में जमानत मिलने के बाद छूटा,तो किसी भी कोर्ट पेशी में नहीं पहुंचा। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन यह हाथ नहीं लगा। आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी हो रखा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एएसआइ सुभाष यादव, कांस्टेबल सुभाष व प्रहलाद की टीम बनाई गई। करीब एक महीने की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को शाेभासर गांव की रोही से पकड़ा।

साधुओं के टोले में हो गया शामिल
आरोपी डूंगरसिंह बेहद चालाक है। वर्ष 2011 में हत्या के मामले में आरोपी था, तब वह नाबालिग था। उसे जमानत मिल गई। वर्ष 2013 में नयाशहर थाने में जानलेवा हमले के मामले में आरोपी बना। उस मामले में जब उसे जमानत मिल गई, तो वह फरार हो गया। आरोपी के मां-बाप की भी मौत हो गई है। भाई-बहन अलग रहते हैं। आरोपी ने सबसे नाता तोड़ लिया और हिमालय की ओर से चला गया। वहां साधु-संतों के साथ रहने लगा। इसके बाद वह हरियाणा आ गया। हाल ही में एएसआइ सुभाष यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम हरियाणा गई, तब वहां बीकानेर के किसी व्यक्ति के हत्या करने के बाद साधू बनने की बात सुनने को मिली।

बाड़मेर से लेकर हरियाणा तक छानबीन
एएसपी ने बताया कि जांच-पड़ताल में पता चला कि आरोपी हरियाणा में है। हरियाणा से आरोपी के बाड़मेर में साधुओं के साथ रहने का पता चला। तब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो पता चला कि आरोपी हाल ही में बीकानेर के शोभासर गांव में झोपड़ी बना कर रह रहा है। पुलिस टीम ने चार दिन तक पूरे गांव में सादा वर्दी में रह कर छानबीन की और पुष्टि होते ही उसे दबोच लिया। आरोपी एक महीने से ज्यादा कहीं पर नहीं रहता था। फरारी के दौरान एक हादसे में आरोपी का पैर कट गया। इसके बावजूद उसने अपने रिश्तेदारों से संपर्क नहीं किया।

Labels:

ट्रक की तलाशी ली तो पुलिस टीम हो गई हैरान, पशुआहार के बीच मिला...

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर। जामसर पुलिस ने अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपए हैं। ट्रक चालक व खलासी को गिरफ्तार किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार को जामसर एसएचओ इन्द्रकुमार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि लाखों रुपए की शराब अवैध रूप से परिवहन कर ले जाई जा रही है। सूचना के बाद एसएचओ इन्द्र कुमार, हेडकांस्टेबल विनोद भांभू एवं टीम ने खारा के पास नाकाबंदी लगाई। शाम को श्रीगंगानगर की तरफ से एक ट्रक आया, जिसे रोक कर तलाशी ली गई। चालक से बिल्टी मांगी, तो उसके पास पशुआहार की बिल्टी मिली। पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली, तो हैरान रह गए। पशुआहार के थैलों के नीचे शराब के कार्टन रखे हुए थे।

पंजाब निर्मित है शराब
ट्रक में पंजाब निर्मित लदी हुई थी। ट्रक से 834 कार्टन शराब के जब्त किए गए हैं। जब्त शराब की कीमत 50 लाख से अधिक बताई जा रही है। ट्रक चालक जालोर के हेमागुढ़ा निवासी बलवंतराम बिश्नोई (34) एवं भजनलाल बिश्नोई (30) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से शराब के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि उन्हें यह शराब गुजरात ले जाने के लिए कहा गया था। पुलिस मुख्य तस्कर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

हाथ नहीं लग रहा मुख्य तस्कर
बीकानेर रेंज में मंगलवार को एक ही दिन में शराब से भरे दो ट्रक पकड़े गए। एक ट्रक को राजियासर पुलिस और दूसरा जामसर पुलिस ने पकड़ा है। दोनों ही ट्रकों में शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। स्पष्ट है कि गुजरात में चुनाव के चलते शराब की वहां डिमांड बढ़ गई है। शराब की तस्करी करने वाले मुख्य तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग रहे हैं।

Labels: