Tuesday, January 19, 2021

ऑस्ट्रेलिया में भारत की शानदार जीत, प्रधानमंत्री मोदी ने टीम इंडिया को दी बधाई

बीकानेर बुलेटिन



India vs Australia: ब्रिस्बेन के गाबा में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीन विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही भारतीय टीम ने चार मैचों की यह सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली. गाबा के मैदान पर पहली बार किसी ने टीम ने 300 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा किया है.


ऑस्ट्रेलिया में भारत ने दूसरी बार टेस्ट सीरीज जीती है. इससे पहले 2018-19 दौरे पर भी भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया था. उस वक्त भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर में टेस्ट सीरीज जीतने वाली एशिया की पहली टीम बनी थी. अब एक बार फिर भारत ने कंगारू टीम को उसके घर में हराकर इतिहास रच दिया है.

पंत और गिल ने खेली कमाल की पारी


भारत की इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत और सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल. पंत ने 138 गेंदो में 89 रन बनाकर नाबाद रहे. इस दौरान उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया. इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर भी बन गए. वहीं शुभमन गिल ने 146 गेंदो में 91 रनों की शानदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए.


पंत और गिल के अलावा चेतेश्वर पुजारा ने भी टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया. उन्होंने 211 गेंदो में 56 रनों की पारी खेलकर एक छोर बांधे रखा. गाबा की टूटी हुई पिच पर पुजारा दीवार बनकर खड़े रहे और भारत को मैच में बनाए रखा. पुजारा के कारण ही पंत तेजी से रन बनाते रहे और भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई.


ऐसा रहा पांचवां दिन


पांचवें दिन भारत को जीत के लिए 324 रनों की दरकार थी. लेकिन भारत को पहला झटका 9वें ओवर में ही रोहित के रूप में लग गया. रोहित 21 गेंदो में सात रन बनाकर आउट हुए. उन्हें पैट कमिंस ने विकेट के पीछे पेन के हाथों कैच आउट कराया. इसके बाद गिल और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की. गिल 91 रन बनाकर नाथन ल्योन का शिकार बने. गिल के आउट होने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे भी सिर्फ 24 रन बनाकर चलते बने. उन्हें पैट कमिंस ने पवेलियन भेजा.


इसके बाद पंत और पुजारा ने कमाल की बल्लेबाज़ी की. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी कर, भारत की जीत सुनिश्चित कर दी. लेकिन अंत में डेब्यू मैन वॉशिंगटन सुंदर ने भी पंत का खूब साथ दिया. सुंदर ने 29 गेंदो में दो चौको और एक छक्के की बदौलत 22 रन बनाए. इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की. इस जोड़ी ने ही मैच भारत की झोली में डाल दिया था.


वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 24 ओवर में 10 मेडन के साथ सिर्फ 55 रन देकर चार अहम विकेट झटके. इसके अलावा अपना 100वां टेस्ट खेल रहे नाथन ल्योन को दो सफलता मिलीं.

Labels: ,

4800 ग्रेड पे कार्मिकों को मिलेगी सौगात

बीकानेर बुलेटिन



जयपुर। राजस्थान में 95 हजार पुलिसकर्मियों को सफर में राहत देने के बाद अब राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने प्रदेशभर के विभागीय कर्मचारियों को किराए में छूट देने की तैयारी कर रहा है। रोडवेज प्रबंधन में इसकी कवायद जोरों से चल रही है। सबसे पहले 4800 ग्रेड पे कार्मिकों को इसकी सौगात दी जाएगी। प्रबंधन ऐसे कर्मचारियों का डाटा तैयार कर रहा है। इसके बाद बजट का आंकलन किया जाएगा। इस प्रस्ताव को सरकार के पास भेजा जाएगा, वहां से हरी झंडी मिलते ही स्मार्ट कार्ड तैयार किए जाएंगे। मासिक पास के लिए सैलरी से निर्धारित रुपए काटे जाएंगे। वहीं सरकार भी स्मार्ट कार्ड के लिए पैसा देगी।

यह है पुलिसकर्मियां के लिए योजना

करीब 95 पुलिसकर्मियों के मेट्रो की तरह स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं। वे प्रत्येक पुलिसकर्मी का एक रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटीफिकेशन डिवाइस (आरएफआइडी) कार्ड बनाया जाएगा। इससे पुलिसकर्मी पूरे महीने कभी भी रोडवेज की बसों में यात्रा कर सकते हैं। इस कार्ड के लिए पुलिसकर्मियों के वेतन से प्रतिमाह 200 रुपए काटे जाएंगे। इसके अतिरिक्त वन टाइम 40 रुपए भी काटे जाएंगे और इसमें 100 रुपए का योगदान राज्य सरकार देेगी। रोडवेज को भी हर माह 3 करोड़ रुपए और सालाना करीब 36 करोड़ रुपए की आय होगी।

छात्रों के लिए भी राहत के ये दो फैसले

1.रोडवेज ने प्रदेश के छात्रों और अभ्यर्थियों के लिए राहत के दो बड़े फैसले लिए हैं। यूपीएससी, आरपीएससी और राजस्थान अधीनस्थ सेवा की परीक्षाओं में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए 11 करोड़ रुपए सालाना खर्चा आएगा।

2.छात्रों के बनने वाले रोडवेज के मासिक पास में यात्रा के किलोमीटर बढ़ाए जा रहे हैं। पहले मासिक पास में 50 किमी तक की यात्रा का प्रावधान था। इसे बढ़ाकर 100 किमी करने की तैयारी की जा रही है। परिवहन विभाग को इसका प्रस्ताव भेजा गया है।

पुलिसकर्मियों की तरह सरकारी कर्मचारियों को भी रोडवेज का सस्ता सफर कराने की योजना ला रहे हैं। 4800 ग्रेड पे कर्मचारियों का डाटा तैयार कर रहे हैं। इससे रोडवेज को आय होगी, वहीं कर्मचारियों को राहत मिलेगी। प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजेंगे।

Labels:

बीकानेर:- महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, मामला दर्ज

बीकानेर बुलेटिन



जिले के नयाशहर पुलिस थाना एरिया में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता ने तीन नामजद सहित 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित यह आरोप बिठनोक निवासी मुन्ने खां, मुखत्यार ख़ां, मोटासर निवासी शेरू खां व उसके दो साथियों ने 2015 के जुलाई माह में कोल्ड ड्रिंक में दवाई मिलाकर पिलाई, जिससे वह बेहोस हो गई।

आरोप है कि बहोसी के दौरान आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बनाया। आरोप यह भी है कि इस वीडियो के जरिये आरोपियों ने उसे धमकी भी दी। परिवादिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जिसकी जांच सीओ सिटी सुभाष शर्मा करेंगे।

Labels: ,

मुकाम मंदिर में लाखो की चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर बुलेटिन


आमतौर पर शरीर पर चोट का निशान इंसान की पहचान का आधार बन जाता है लेकिन कई बार ऐसे निशान उसके अनुचित कार्यों में गिरफ्तारी का माध्यम भी बन सकता है। बीकानेर की नोखा पुलिस ने बिश्नोई समाज के सबसे बड़े तीर्थ स्थल मुकाम में चोरी करने वाले गिरोह को धर दबोचा है। इस गिरोह के एक साथी का हाथ कटा हुआ था, इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार किया बल्कि राज्यभर में हुई करीब एक दर्जन चोरियों का पर्दाफाश कर दिया है। खास बात यह है कि यह चोर मंदिरों में चोरी करने का ही शौकीन था।

दरअसल, नोखा में चोरी के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। धाम में लगे कैमरे में एक चोर ने कंबल ओढ रखी थी। गौर से देखने पर लगा कि उसके हाथ में कोई समस्या है। पुलिस ने मंदिर से बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों का भी पता किया। इस पर साफ हो गया कि एक चोर का हाथ कटा हुआ है। फिर ऐसे चोरों का पता लगाया गया जिनका हाथ कटा हुआ। खबरी ने बताया कि एक चोर महेंद्र उर्फ डूंगर है जो मंदिरों में ही चोरियां करता है और उसका हाथ कटा हुआ है। पुलिस ने महेंद्र का पीछा किया। इधर-उधर दबिश देते हुए जोधपुर में पिछले दिनों उसे दबोच ही लिया। महेंद्र खुद नागौर के खींवसर का रहने वाला है। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने सभी साथियों के नाम पते बता दिए। इसके बाद दो और युवकों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक शंकर गिरी निवासी बिरावा जालौर, दूसरा सुभाष नायक निवासी खींवसर नागौर शामिल है। अभी दो और युवक फरार है। इन तीन की गिरफ्तारी होते ही उनको पता चल गया। अभी एक टीम इन दो की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

इन चाेरियों का हुआ पर्दाफाश

1. जोधपुर ग्रामीण पुलिस के मातोड़ा थाना क्षेत्र में भोमिया जी के मंदिर से चांदी के छत्तर आदि चोरी की।

2. नागौर के खींवसर गांव के पास स्थित बूढ़ी माता के मंदिर से चांदी के छत्तर चोरी किए।

3. नागौर के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के मंटिलासर स्थित गांव में भी चोरी की थी।

4. बीकानेर के पलाना गांव में सती मंदिर में भी इन लोगों ने ही चोरी की थी।

5. नोखा के टांट गांव में और स्वरूपदेसर गांव में मंदिर के गले से नगदी, छत्तर आदि सामान चोरी में भी इनका हाथ था।

6. बाडमेर के धोरीमना के बोर गांव में माताजी के मंदिर में छत्तर चोरी किया।

7. बाडमेर के गुड़ामलानी में रामजी की गोल में माताजी के मंदिर से छत्तर चोरी करने में इस गिरोह की भूमिका थी।

8. बीकानेर के कतरियासर गांव में जसनाथ जी के मंदिर से छत्तर आदि चोरी करने में भी यही गिरोह था।

ऐसे करते थे चोरी

मोटाराम नायक, डूंगर उर्फ महेंद्र नायक, राजू उर्फ राजिया नायक, शंकर गिरी व सुभाष नायक एक साथ मंदिरों के आसपास पहुंचते। यह पता करते कि वहां छत्तर तक पहुंचने का रास्ता क्या है? कब सूनसान रहता है। फिर इनमें दो लोग छत्तर उतारने का काम करते और बाकी इधर उधर रखा अन्य सामान ले जाते थे।

जांभोजी का छत्तर उतारने की काेशिश

इन लोगों ने जांभाेजी के धाम से भी भारी भरकम छत्तर उतारने की कोशिश में मुख्य दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि इनसे मुख्य दरवाजा ही नहीं खुला। ऐसे में दान पात्र में रखे करीब डेढ़् लाख रुपए लेकर चले गए।

गिरफ्तारी में इनकी रही मुख्य भूमिका

प्रशिक्षु आरपीएस प्रेमकुमार, उप निरीक्षक जगदीश सिंह, उप निरीक्षक सुमन परिहार, हैड कांस्टेबल रामेश्वर लाल, श्रवण कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, रामस्वरूप, देवराम, कैलाश और हेम सिंह की मुख्य भूमिका रही।

बिश्नोई समाज ने जताया आभार

उधर, अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अशोक धारणिया ने पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा का आभार जताया है। डॉ. धारणिया ने बताया कि पुलिस ने बहुत जल्दी और योजनाबद्ध तरीके से जांभोजी के साथ ही अन्य मंदिरों की चोरियां भी पकड़ ली।

Labels:

जेल के सीसीटीवी कैमरे अभय कमांड सेंटर से जुडेंगे जिला मजिस्ट्रेट मेहता ने किया केन्द्रीय कारागृह का निरीक्षण

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर, 18 जनवरी। जिला मजिस्ट्रेट व कलक्टर नमित मेहता ने  कहा कि जेल की सुरक्षा के लिए लगाए गए समस्त सीसीटीवी कैमरे दुरूस्त रहें, यदि कुछ कैमरे खराब है तो उन्हें तुरंत प्रभाव से दुरूस्त करवाने की कार्यवाही की जाए। मेहता ने बताया कि इन कैमरों को अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। मेहता ने सोमवार को बीछवाल स्थित केन्द्रीय कारागृह का निरीक्षण करते हुए ये निर्देश दिए। 

उन्हांेने  कहा कि नगर विकास न्यास द्वारा कैदियों के उत्साहवर्धन , फिजिकल व मानसिक फिटनेस के लिए खेल उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। केन्द्रीय कारागृह में कैदियों के लिए बाॅलीबाॅल, चैस और कैरम की व्यवस्था करवाई जाएगी। नगर विकास न्यास द्वारा मुख्य मार्ग से जेल के मुख्य दरवाजे तक सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त करने की कार्यवाही शीघ्र की जाएगी।

नियम कायदों की करें पालना, जुड़ें समाज की मुख्यधारा से

 

जिला कलक्टर ने कैदियों से मुलाकात की और उन्हें अपना आचरण और व्यवहार बेहतर करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भूतकाल में हुई गलतियों से अपने भविष्य की दिशा तय ना करें। अपने वर्तमान पर ध्यान दें, कौशल का विकास करें, अपना व्यवहार सुधारने की तरफ काम करें। कानून के नियमों की पालना करें। नियम कायदों की पालना करने से ही समाज की मुख्यधारा में जुड़ सकेंगे।

Labels:

बीकानेर:- 12 साल के अभिषेक हर्ष ने बनाई सोशल नेटवर्क और ई- कॉमर्स जैसी वेबसाइट

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर,18 जनवरी। उम्र कभी काबिलियत का पैमाना नहीं होती यह सिद्ध किया है बीकानेर के 12 साल के अभिषेक हर्ष ने । बनाई है। बीकानेर के हर्षों के चौक में रहने वाले अभिषेक हर्ष पुत्र इन्द्रचंद हर्ष ने दो दो अलग अलग तरीके की वेबसाइट बनाने का कारनामा उस उम्र में कर दिखाया है जब इस उम्र के बच्चें सिर्फ अपनी पढ़ाई जैसी खेलने जैसी गतिविधियों में व्यस्त रहतें है।

हर्ष ने बताया कि उन्होंने दो तरीके की वेबसाइट बनाई है जिसमे एक का नाम बीकानेरी हस्ती- ए लॉकल मीडिया वेबसाइट है तो दूसरी ई-कॉमर्स की हर्ष गारमेंट है जो हर्ष के घरवालों की ही दुकान है। हर्ष ने हर्ष गारमेंट ई कॉमर्स जैसी वेबसाइट अमेजन और अन्य को देखकर किया है। वही बीकानेरी हस्ती एक तरीके की सोशल मीडिया वेबसाइट है जिसे हर्ष द्वारा अनुमति देने पर ही आगे शुरू किया जा सकता है। आप भी चाहे तो https://bikanerihasti.tk/ और https://www.harshji.store/ का लिंक खोलकर देख सकते है। फिलहाल हर्ष इन एप्प्स के वर्शन पर काम कर रहा है।

Labels:

मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर 18 जनवरी। जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता ने बताया कि सोमवार को मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया।

कलेक्टे्रट सभागार में इस संबंध में आयोजित हुई बैठक में इसका प्रकाशन किया गया। मेहता ने बताया कि 20 नवम्बर 2020 से 18 जनवरी 2021 तक अंतिम प्रकाशन में 44099 नये नाम जोड़े गये है जिनमें 23447 पुरूष व 20625 महिला है। वहीं 14704 नाम मतदाता सूची से हटाये गये है, जिनमें 7802 पुरूष एवं 6902 महिलाएं शामिल है। इस प्रकार मतदाता सूची में कुल 29395 मतदाताओं की वृद्वि हुई है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, संबंधित अधिकारी, चुनाव शाखा के राजेन्द्र तिवाड़ी व राजनैतिक पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समस्त प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान हुई प्रगति की जानकारी दी गई और प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि इसके पश्चात भी निरंतर अध्यतन के दौरान मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने के विकल्प खुले रहते हैं। अतः जिनके नाम मतदाता सूचियों में नहीं है वे आवेदन कर सकते है।

मेहता ने बताया कि सात विधानसभा क्षेत्रों में अब 1664555 मतदाता है,जिनमें 878515 पुरूष एवं 786040 महिला मतदाता पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में अब 221841 मतदाता है, जिनमें 118332 पुरूष एवं 103509 महिला मतदाता पंजीकृत है। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अब 223295 मतदाता है, जिनमें 115342 पुरूष एवं 107953 महिला मतदाता पंजीकृत है। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में अब 236407 मतदाता है, जिनमें 121103 पुरूष एवं 115304 महिला मतदाता पंजीकृत है। कोलायत विधानसभा क्षेत्र में अब 240756 मतदाता है,  जिनमें 129152 पुरूष एवं 111604 महिला मतदाता पंजीकृत है।
इसी प्रकार से लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र में अब 240462 मतदाता है, जिनमें 128051 पुरूष एवं 112411 महिला मतदाता पंजीकृत है। श्रीडूंगरगढ विधानसभा क्षेत्र में अब 243841 मतदाता है, जिनमें 128973 पुरूष एवं 114868 महिला मतदाता पंजीकृत है। नोखा विधानसभा क्षेत्र में अब 257953  मतदाता है ,जिनमें 137562  पुरूष एवं 120391 महिला मतदाता पंजीकृत है।

Labels:

विप्र फाउंडेशन शहर व देहात की संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित

बीकानेर बुलेटिन



विप्र फाउंडेशन शहर व देहात की संयुक्त संगठनात्मक बैठक आज धरणीधर रंगमंच में बीकानेर जोन के प्रदेशाअध्यक्ष भँवर पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित की गई हैं।

संगठनात्मक बैठक विफा में विफा के राष्ट्रीय सचिव,बीकानेर जोन प्रभारी दिपक पारीक,राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य खेताराम तावनिया, वीसीसीआई अध्यक्ष सीए सुधीष शर्मा,शिक्षा विभाग से विजय शंकर आचार्य सहित विफा शहर अध्यक्ष राजकुमार व्यास,देहात अध्यक्ष शिवरतन सारस्वत आदी ने ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान श्री परशुराम जी के तैलचित्र के समक्ष दिप प्रवज्जलित कर संगठनात्मक बैठक का विधिवत शुभारंभ किया गया।

विफा प्रदेस सचिव कैलाश आचार्य ने बताया कि संगठनात्मक बैठक में विप्र फाउंडेशन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ विभिन्न मुद्दों पर रणनीति तय की गई जिसमें विप्र शिक्षा निधि,लर्न एंड अर्न,सारथी कैरियर काउंसलिंग,बाबू मोशाय,संस्कारोदय प्रशिक्षण शिविर,आरोग्य सारथी,प्रतिभा सम्मान समारोह, महिला शक्ति केंद्र, सम्पर्क योजना, स्वच्छता अभियान सहित वीसीसीआई जैसे सेवा प्रकल्पों को सहित राज्य व केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों का परिणाम विप्र समाज को कैसे मिले इस हेतु विफा कार्यकर्ताओं ने शहर व प्रत्येक पंचायत स्तर पर एक कार्ययोजना के साथ कार्य करने का सामूहिक निर्णय हुआ।

प्रदेश संगठन महामंत्री देवेंद्र सारस्वत ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विफा द्वारा सम्पन्न कार्यो की समीक्षा के साथ ही संगठन की आगामी कार्ययोजना तय की गई है – बीकानेर में “विप्र बुक बैंक” विफा कल्याणकारी योजना हेतु अभ्यास वर्ग,भगवान परशुराम जन्मोत्सव,विफा परिवार की स्मारिका, EWS प्रमाण पत्र बनाने हेतु जिला स्तर पर कैम्प सहित अन्य आयोजन हेतु कार्ययोजना बनाई गई जिसको आगामी माह से सक्रियता के साथ लागू किया जाएगा।

बैठक में पार्षद सुधा आचार्य,प्रांतीय महिला महामंत्री आशा पारीक,शहर अध्यक्ष संतोष पारीक,देहात अध्यक्ष सीमा मिश्रा, अनुराधा आचार्य,सरला राजपुरोहित, चित्रा शर्मा, मधु शर्मा रेणु जोशी, सीमा पारीक, मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मीना आचार्य, इला पारीक सुनीता पारीक, गीता व्यास,अरुणा चुरा, विजयलक्ष्मी पारीक, रतनी आसोपा प्रेरणा जोशी सहित आदि ने संयुक्त रूप से कहा कि महिला सशक्त होगी तो समाज और सशक्त होगा इस हेतु स्वयं सहायता समूह व विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विप्र महिला शक्ति अपना योगदान प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर परमानंद ओझा,धनसुख तावनिया, प्रभुदयाल सारस्वत, प्रोफेसर विजय शंकर आचार्य, नगेन्द्र किराडू, बीकानेर पंचायत समिति प्रधान लालचन्द आसोपा, युवा देहात अध्यक्ष इतिहास गौड्, महामंत्री दिनेश सारस्वत देहात महामंत्री बिरजू प्यारे, कोलायत तहसील से रेंवत सांखी, भगवान देव सारस्वत,सरपंच रतिराम तावनिया, लूनकरनसर तहसील से मुकेश रंगा, बलदेव ओझाईया, बद्रीप्रसाद तावनिया, रामकुमार लाटा श्री डूंगरगढ़ से सुनील तावनियां, खाजूवाला से पवन सारस्वत, गोपाल तिवाड़ी व नंदकिशोर गालरिया, रमेश जाजड़ा, राजकुमार जोशी, सुशील व्यास, रमेश उपाध्याय, नारायण पारीक, योगेश बिस्सा, अशोक किराडू सोहन सिंह राजपुरोहित, घनश्याम ओझा, गोर्वधन आचार्य, केसी ओझा, जितेंद्र व्यास, मोहित जाजड़ा, उपाध्यक्ष विजय ओझा, मुकुंद खंडेलवाल, आशीष दाधीच, गोपाल व्यास, गोपाल ओझा सहित बीकानेर की सभी तहसीलों के प्रमुख पदाधिकारी कार्यकर्ता सहित गणमान्य विप्र बन्धु उपस्थित थें।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश संगठन महामंत्री देवेंद्र सारस्वत ने किया। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश सारस्वत, प्रदेश सचिव अरुण कल्ला, राजू पारीक, महामंत्री जितेंद्र भादाणी, विजय ओझा, महेश ओझा, जीएस सारस्वत सहित सभी प्रमुख कार्यकर्ता बंधुओ ने कार्यक्रम सफल बनाने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

बैठक के अंत मे दिवंगत स्व.श्री गजानंद सारस्वत के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रदांजलि अर्पित की।

Labels:

कृषि भूमि का फर्जी बैयनामा करवाने को लेकर सरपंच सहित पाँच जनो पे मामला दर्ज

बीकानेर बुलेटिन



सरपंच से मिलीभगत कर कृषि भूमि का फर्जी बैयनामा करवाने का मामला सामने आया है। मामले में पुरानी गिन्नाणी निवासी निर्मल तंवर ने पूगल थाने में सरपंच सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। परिवादी के अनुसार उसने 28 मई 2019 को पूगल के अमरपुरा उपनिवेशन क्षेत्र में 7.09 बीघा कृषि भूमि मोतीराम पुत्र कुंभाराम लुहार से खरीदी थी। एक लाख में सौदा तय हुआ, पचास हजार तुरंत दिए गए, शेष के लिए समय डाला गया। लेकिन बाद में लॉकडाउन की वजह से चालीस हजार रुपए भुगतान कर ज़मीन पर कब्जा प्राप्त कर लिया गया। इस दौरान विक्रेता मोतीराम से शेष दस हजार की राशि के लिए कुछ और समय लिया गया। लेकिन मोतीराम ने अमरपुरा सरपंच मुरली मोदी के साथ मिलीभगत कर फर्जीवाड़ा करते हुए भूमि का फर्जी बैयनामा सरपंच के भाई की पत्नी मीनाक्षी मोदी के नाम कर दिया। इस बैयनामें में घनश्याम मोदी व महेंद्रदान चारण भी गवाह बनें। 

आरोप है कि परिवादी की भूमि पर से उसका कब्जा छुड़ाने के लिए पटवारी, गिरदावर आदि ने भी आरोपियों का सहयोग किया। परिवादी को धमकियां दीं गई। इस पर परिवादी ने सिविल न्यायालय खाजूवाला में वाद प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मूल्यांकन करते हुए आदेश दिया कि परिवादी को विवादित भूमि से बेदखल ना किया जाए तथा राजस्व रिकॉर्ड में किसी तरह से छेड़छाड़ ना की जाए। उक्त आदेश तहसीलदार सहित संबंधित विभागों को दे दिया गया मगर आरोपी नहीं मानें। 
मामले में पुलिस ने मोतीराम लुहार, मीनाक्षी मोदी, घनश्याम मोदी, महेंद्र दान चारण व अमरपुरा सरपंच मुरली मोदी के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 व 120 बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। 
बता दें कि मामले में पटवारी व गिरदावर की भूमिका भी संदिग्ध है। 

Labels: