Friday, April 30, 2021

प्रदेश में कोरोना की नई गाइडलाइन जारी, 17 मई तक जारी रहेगा महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़ा

बीकानेर बुलेटिन


राजस्थान में कोरोना वायरस ने कोहराम मचा रखा है। लगातार बढ़ते मामले और इस महामारी से सूबे में हो रही मौतों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में ये तय था  कि सूबे में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां 3 मई के बाद भी जारी रहेंगी। यही नहीं सीएम अशोक गहलोत के निर्देश के मुताबिक इसे और सख्त किया जा सकता है। इस संबंध में आज फिर से 3 मई से 17 मई तक लॉकडाउन जैसी पबिंदया बढ़ा दी गई है।देखे गाइडलाइंस।





 













Labels:

गंगाशहर में तहसीलदार ने सीज की जिम

बीकानेर बुलेटिन






बीकानेर, 30 अप्रैल। तहसीलदार सुमन शर्मा ने कोविड प्रोटोकॉल की अवहेलना पर कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को नोखा रोड पर एक जिम सीज की। 

तहसीलदार ने बताया कि नोखा रोड स्थित राधे जिम खुली पाए जाने पर ढाई हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए इसे सीज कर दिया। वहीं महावीर चौक पर एक बारात रवानगी पर गाइडलाइन की अनुपालना नहीं लाए जाने पर पांच हजार का जुर्माना लगाया।

Labels: ,

एमसीएच विंग में नियुक्त होंगे"ऑक्सीजन मित्र" राउंड द क्लाॅक रखेंगे ऑक्सीजन व्यवस्था पर नजर

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 30 अप्रैल। जिला कलक्टर नमित मेहता ने शुक्रवार शाम एक बार फिर एमसीएच विंग में आॅक्सीजन सप्लाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा 'वार रूम' में वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि आॅक्सीजन व्यवस्था की प्रभावी माॅनिटरिंग प्रमुख जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। इसके लिए विभिन्न अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके और अधिक प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए एमसीएच विंग में नर्सिंग कर्मियों को

 ‘आॅक्सीजन मित्र’ के रूप में राउंड द क्लाॅक लगाया जाएगा। इनके द्वारा आॅक्सीजन फ्लो सहित इससे जुड़े प्रत्येक पक्ष पर नजर रखी जाएगी तथा इसका अपव्यय रोका जाएगा इसके लिए तीन पारियों में इनकी नियुक्ति करते हुए इन्हें तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एमसीएच विंग में गंभीर मरीजों के अलावा किसी भी मरीज के परिजन नहीं बेवजह प्रवेश नहीं करे। इसकी प्रभावी व्यवस्था अमल में लाई जाए। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ईएनटी विंग में दो सौ अतिरिक्त बैड की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए शनिवार तक आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। एमसीएच विंग में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त प्रशासनिक अधिकारी एवं चिकित्सकों को आपसी समन्वय के लिए निर्देशित किया।

Labels:

बीकानेर:जनरल स्टोर में मिले शराब के 19 कार्टून, जब्त कर सीज की दुकान

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 30 अप्रैल। पेमासर के एक जनरल स्टोर में शराब के 19 कार्टून मिलने के बाद इन्हें जब्त करते दुकान को आगामी आदेशों तक सीज कर दिया गया है।

उपखण्ड अधिकारी मीनू वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को पेमासर के कूकणा जनरल स्टोर के औचक निरीक्षण के दौरान यहां शराब के 19 कार्टून पाए गए। पुलिस थाने में इनकी जब्ती करवाकर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं दुकान को आगामी आदेशों तक के लिए सीज कर दिया गया। इसी प्रकार कोविड प्रोटोकॉल की अवहेलना पर जस्सूसर गेट के बाहर स्थित धर्माराम केशुराम किराणा स्टोर को भी सीज किया गया।

Labels:

ग्रामीण क्षेत्र में कोविड मृतक की पार्थिव देह के अंतिम संस्कार का व्यय भी राज्य सरकार वहन करेगी

बीकानेर बुलेटिन







जयपुर 30 अप्रेल ।मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड महामारी से मृत व्यक्तियों के विधियत अंतिम संस्कार में होने वाला व्यय भी राज्य सरकार द्वारा वहन करने का निर्णय किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से पार्थिव देह के परिवहन की निशुल्क व्यवस्था भी राज्य सरकार द्वारा ही की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड मृतक व्यक्तियों के ससम्मान अंतिम संस्कार की व्यवस्था के लिए जिला कलक्टरों तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक पार्थिव देह के अंतिम संस्कार में कोरोना प्रोटोकॉल की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्री गहलोत ने नगरीय क्षेत्रों में कोविड जनित मृत्यु के मामलों में ससम्मान अतिम संस्कार के लिए पार्थिव देह को चिकित्सालय से श्मशान अथवा कब्रिस्तान तक निशुल्क ले जाने तथा अंतिम संस्कार में होने वाला समस्त व्यय नगरीय निकायों द्वारा वहन किए जाने के निर्देश दिए थे।

Labels:

अनूठी पहल:प्रीतिभोज कैंसल कर कोरोना राहत के लिये दिए एक लाख

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर। इंसान के जीवन में विवाह एक बड़े उत्सव में शामिल है। जीवन की इन खुशियों को विवाह करने वाला व्यक्ति सबके साथ बांटना चाहता है। लेकिन ऐसे बिरला युवा होते है,जो अनूठा कार्य कर  समाज में एक मिशाल पेश करते है। बीकानेर के एक ऐसे युवक ने सामाजिक बंधनों से उपर उठकर सकारात्मक कदम उठाते हुए चकाचौंध की इस दुनिया में नया संदेश दिया है। वैद्य मघाराम कॉलोनी  निवासी स्वतंत्रता सेनानी स्व.रामनारायण शर्मा के पौत्र तरूण शर्मा ने एक अनूठी पहल करते हुए अपनी शादी समारोह का प्रीतिभोज न कर उसकी राशि का एक बड़ा हिस्सा कोरोना संक्रमण के बचाव के लिये  किये जा रहे राहत कार्य में कोरोना राहत कोष में सौंपी। स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामनारायण शर्मा के पौत्र तरूण ने सपत्निक एक लाख रूपये का सहायता राशि का चैक सौंपा। तरूण ने बताया कि एक ओर तो  प्रदेश व जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है और उसको देखते हुए संसाधनों की कमी है। इसको देखते हुए तरूण ने एक मई को होने वाला शादी का प्रीतिभोज स्थगित कर दिया। इसमें लगने  वाली राशि का एक हिस्सा कोरोना राहत के लिये देने का निर्णय लिया। तरूण ने बताया कि उन्होंने अपने दादा व परदादा की प्रेरणा से ऐसा कार्य किया है। तरूण ने बताया कि यह अलग जगाने की कोशिश  कि इस तरह के प्रीतिभोज से ना केवल हम कोरोना को हराने की तरफ एक सकारात्मक कदम बढ़ाएंगे बल्कि उस को समूल नष्ट करने के लिए होने वाली लड़ाई में अपना सकारात्मक कदम बढ़ा पाएंगे।  तरूण के पिता गणेश शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री राहत कोष के लिये 51000-51000  रूपये का चैक एडीएम सिटी अरूण प्रकाश शर्मा को भेंट किया। युवा तरूण की इस पहल की हिन्दु  जागरण मंच के जेठानंद व्यास,शैलेष गुप्ता,शांतिलाल शर्मा,भरत शर्मा ने प्रशंसा की।

Labels:

कोरोना अपडेट:नही दे रहा राहत, आज भी 1000 के पार

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर में कोरोना घातक रूप ले चुका है, इसके मामलों में गिरावट दूर-दूर तक नजर नही आती दिख रही । वंही इन पॉजिटिव आंकड़ों के बीच इससे होने वाली मौते बड़ी चिंता का कारण बनती जा रही है । बीते गुरुवार को 11 मौते हुई वरन यह सिलसिला कई दिनों से जारी है । बहरहाल आज शुक्रवार को सुबह की पहली रिपोर्ट में कोरोना ने जमकर उछाल मारी है जिसमे स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट में एक साथ 776 पॉजिटिव रिपोर्ट हुए है वहीँ दूसरी रिपोर्ट में 302 संक्रमित आये है। डॉ मीणा ने बताया आज 3205 सेंपल में से कुल 1078 संक्रमित आये जिसमें 354 को डिस्चार्ज किया गया वही 7 लोगों की मौत भी हुई इस पूरे माह में 11954 संक्रमित आये। शहर का ऐसा कोई इलाका नही बचा जंहा पॉजिटिव ना रिपोर्ट हुआ हो । बता दे, गुरुवार को 822 पॉजिटिव सामने आए थे।

Labels: ,

ऑपरेशन प्रहार:दस लाख से अधिक नशीली टेबलेट्स जब्त कर नशे के कारोबार पर प्रहार

बीकानेर बुलेटिन






बीकानेर, 30  अप्रैल। बीकानेर पुलिस रेंज में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं उपयोग रोकने और इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 12 दिसम्बर 2020 से आॅपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। महनिरीक्षक पुलिस कार्यालय द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके तहत अब तक दस लाख दो हजार नशीली टेबलेट्स, 106 क्विंटल डोडा-पोस्त, 31.619 किलोग्राम अफीम, 1.166 किग्रा हेरोईन तथा अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। रेंज के अधीनस्थ जिलों में आॅपरेशन प्रहार के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के 359 केस अब तक दर्ज किए गए हैं तथा इनमें 506 मुल्जिम/सप्लायर्स को गिरफ्तार किया गया है। इन प्रकरणों में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों से किए गए अनुसंधान के आधार पर चिन्हित किए गए सप्लायर्स के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। नशीली टेबलेट्स का बड़े स्तर पर कारोबार करने वालों एवं निर्माता कंपनियों को भी चिन्ह्ति किया जा रहा है। अनुसंधान के दौरान प्रतिबंधित दवाइयां एक विशेष कंपनी न्यू टेक हैल्थ केयर लिमिटेड नरेला दिल्ली के मालिक द्वारा फर्जी कम्पनी राज ट्रेडर्स स्वेग फार्म रामनगर, जयपुर के माध्यम से आगे सप्लाई करना पाए जाने पर मालिक को गिरफ्तार किया गया तथा अनुसंधान जारी है।

आमजन एवं नवयुवकों को नशे से दूर करने के लिए रेंज के सभी जिलों में पुलिस द्वारा थाना व बीट स्तर पर अब तक 328 नशा मुक्ति शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इनके अतिरिक्त विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाकर नशा मुक्ति के संबंध में जागरुकता पैदा की जा रही है।

Labels: ,

बीकानेर: इन क्षेत्रों शनिवार को रहेगी विद्युत आपूर्ति बाधित

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 30 अप्रैल। विद्युत उपकरणों के आवश्यक रख-रखाव हेतु शनिवार को  दोपहर 12 बजे से 4.30 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
बीकेईएसएल के सहायक अभियंता ने बताया कि शनिवार को वैद्य मघाराम कॉलोनी, चैननाथ धुना,कोठारी अस्पताल के पास,रांकावत भवन, पूगल बस स्टैंड, पंडित धर्म कांटा,प्रताप बस्ती, ट्यूबवेल नंबर 5, नैनो का मौहल्ला,चुना भट्टा, कालू मोदी बाड़े के पास, प्रताप बस्ती के पास, कब्रिस्तान, चौखूंटी पुलिया, सुभाष रोड, जिन्ना रोड एरिया में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

Labels:

राजस्थान:एक मई से नौ शहरों में 35-44 आयुवर्ग के लोगों को ही लगेगी वैक्सीन -चिकित्सा मंत्री,सीरम इंस्टीट्यूट शुरुआत में केवल तीन लाख डोज देने को तैयार

बीकानेर बुलेटिन





जयपुर, 30 अप्रेल। चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा है कि एक मई से 18 से 45 आयु वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीनेशन प्रारंभ नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया से वैक्सीन की सप्लाई होनी है लेकिन कंपनी ने राजस्थान को केवल तीन लाख संभावित डोज देने की हामी भरी है। उन्होंने कहा कि ऎसे में पूरे प्रदेश में 18-45 आयुवर्ग के लिए लोगों के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम प्रारंभ नहीं किया जा सकता। 

डॉ. शर्मा ने कहा कि जो हमें संभावित तीन लाख वैक्सीन की डोज मिलने जा रही हैं, उनका उपयोग प्रदेश के उन शहरों में सर्वप्रथम किया जाएगा, जहां संक्रमण अधिक है। इन शहरों में भी केवल 35-44 आयुवर्ग के लोगों का ही वैक्सीनेशन होगा। इसके बाद जब वैक्सीन की सप्लाई नियमित होगी तब तय आयुवर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन होगा। 

7 करोड़ डोज की आवश्यकता

चिकित्सा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18-45 वर्ष आयुवर्ग के करीब 3.25 करोड़ लोग है। इसलिए प्रदेश को 7 करोड़ वैक्सीन डोज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन नहीं मिलने के कारण फिलहाल सभी का वैकसीनेशन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से वैक्सीन मिलने के साथ ही प्रदेश में वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

7 लाख इंजेक्शन प्रतिदिन लगाने का तंत्र विकसित 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान में 7 लाख इंजेक्शन प्रतिदिन लगाने का तंत्र विकसित किया जा चुका है, जिसे और भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विभाग ने 5 लाख 80 हजार वैक्सीन एक दिन में लगाए थे। उन्होंने कहा कि 45 से अधिक उम्र के लोग करीब 2 करोड़ 9 लाख हैं। इनमें से भी कई लोगों को दूसरा डोज लगाना बाकी है। 

15 हजार रेमडेसिविर प्रतिदिन की जरुरत

डॉ. शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमितों की तेजी से बढ़ती संख्या के कारण प्रदेश को एक मई से 15 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन प्रतिदिन चाहिए। जबकि केन्द्र सरकार की ओर से जो आवंटन किया जा रहा है वह बेहद कम है। उन्होंने कहा कि अप्रेल माह में राजस्थान को 67 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन का आवंटन किया गया था, लेकिन प्रदेश को केवल 40 हजार इंजेक्शन की उपलब्ध हो सके।

बैड्स की कमी नहीं

चिकित्सा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अस्पतालों या कोविड केयर सेंटर में पर्याप्त संख्या में बैड्स उपलब्ध है, लेकिन आक्सीजन और रेमडेसिविर का आवंटन केन्द्र सरकार के हाथ में होने के कारण चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आक्सीजन की कमी और रेमडेसिविर के कम आवंटन सबंधी विषयों पर ही प्रदेश के मंत्री समूह ने हाल ही में दिल्ली जाकर सबंधित केन्द्रीय मंत्रियों को अवगत कराया था।

Labels: , ,

चिरंजीवी बीमा योजना के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ायी,बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने सीएम अशोक गहलोत का जताया आभार

बीकानेर बुलेटिन






बीकानेर। मजदूर दिवस पर 1 मई से राजस्थान के हर परिवार को रुपए 5 लाख का नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा चिरंजीवी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ के तहत मिलना शुरु हो जाएगा। अब राजस्थान सरकार की चिरंजीवी बीमा योजना के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 अप्रेल 2021 से बढ़ाकर 31 मई 2021 कर दी गई है। यह जानकारी देते हुए बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के उपाध्यक्ष अनिल सोनी झूमरसा ने बताया कि मंडल ने बीते दिनों ही पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल ऑनलाइन मीटिंग करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आग्रह किया था कि अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाए। झूमरसा ने बताया कि मंडल के अध्यक्ष रघुराज सिंह राठौड़, वेदप्रकाश अग्रवाल, महावीर चारण, मक्खनलाल अग्रवाल, दीपक पारीक, हेतराम गौड़, विनोद भोजक, ईश्वरचंद बोथरा, सोनूराज आसुदानी, नरपत सेठिया, कन्हैयालाल बोथरा, मनोज सोलंकी, सुशील शर्मा, रमेश चंद्र पुरोहित, विपिन मुशरफ सहित अनेक ने राजस्थान के गांधीवादी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का मंडल की मांग मानने पर आभार जताया है। उन्होंने बताया कि राज्य के 765 सरकारी और 330 से अधिक संबद्ध निजी अस्पतालों में भर्ती होने पर 5 लाख रुपए तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। साथ ही हार्ट, कैंसर, किडनी, डायलिसिस और कोविड-19 जैसी गंभीर बीमारियों सहित 1576 प्रकार के पैकेज और प्रोसीजन उपलब्ध है। झूमरसा के अनुसार 31 मई 2021 तक रजिस्ट्रेशन करवाने वाले परिवारों को रजिस्ट्रेशन की दिनांक से लाभ तथा इसके बाद बाद रजिस्ट्रेशन करवाने पर 1 अगस्त 2021 से लाभ मिलेगा।

Labels:

बीकानेर: ना करे लापरवाही, किराना स्टोर पर लगाया पच्चीस सौ रुपए जुर्माना

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 30 अप्रैल । पैकिंग खाद्य सामग्री पर मात्रा, मूल्य एवं मैन्युफैक्चरिंग तिथि अंकित नहीं पाए जाने पर शुक्रवार को व्यास कॉलोनी स्थित गोल मार्केट के हरियाणा स्टोर पर पच्चीस सौ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 के तहत प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
 जिला रसद अधिकारी यशवंत भाकर ने बताया कि कालाबाजारी तथा अन्य अनियमितता को रोकने के लिए गठित टीम द्वारा यह कार्यवाही की गई। निरीक्षण दल में विधिक माप विज्ञान अधिकारी भंवर सिंह राठौड़, प्रवर्तन अधिकारी इंद्रपाल मीणा और प्रवर्तन निरीक्षक सहदेव नैण शामिल थे।

Labels:

'शूटर दादी' चंद्रो तोमर का कोरोना से निधन

बीकानेर बुलेटिन






शूटर दादी के नाम से मशहूर चंद्रो तोमर का शुक्रवार को निधन हो गया. चंद्रो तोमर कोरोना से पीड़ित थीं और मेरठ के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. हाल ही में इनके जीवन पर आधारित एक फिल्म भी आई थी, 'सांड की आंख'. शूटर दादी चंद्रो तोमर उत्तर प्रदेश के बागपत में अपने परिवार के साथ रहती थीं. 

Labels:

कोविड-19 समीक्षा बैठक संक्रमण रोकने के लिए और सख्त हो जन अनुशासन की गाइडलाइन : मुख्यमंत्री

बीकानेर बुलेटिन




जयपुर, 30 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कोरोना के तेजी से बढ़ रहे संक्रमण की रोकथाम के लिए गृह विभाग को जन अनुशासन पखवाड़े की गाइडलाइन को और अधिक सख्त बनाने तथा इसे आगे भी लागू रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि  जरूरतमंद तबके की आजीविका का ध्यान रखते हुए ऎसी गाइडलाइन तैयार करें, जिससे लोगों का अनावश्यक आवागमन नहीं हो और संक्रमण की रफ्तार पर अंकुश लगाने में कामयाबी मिले। अन्यथा स्थितियां और विकट हो सकती हैं। 

श्री गहलोत गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रंंेंस के माध्यम से कोरोना संक्रमण एवं संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा कर रहे थे। उन्होेंने कहा कि चिकित्सा मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव गृह तथा पुलिस महानिदेशक तमाम स्थितियों को ध्यान में रखकर जन अनुशासन की गाइडलाइन तैयार करें। हमारा प्रयास यह होना चाहिए कि संक्रमण की गति हर हाल में धीमी हो, चाहे इसके लिए और सख्त कदम उठाने पड़ें। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर दवा सहित अन्य संसाधनों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, कैबिनेट सचिव श्री राजीव गौबा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजित डोभाल तथा प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव श्री पीके मिश्रा से दूरभाष पर चर्चा कर राजस्थान के हालातों से अवगत कराया है। उन्होंने राजस्थान के लिए ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर का कोटा बढ़ाने तथा अप्रेल माह के लिए आवंटित रेमडेसिविर के कोेटे को तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। साथ ही आगामी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राजस्थान को यह सभी संसाधन अधिक मात्रा में आवंटित करने की भी मांग रखी है। उन्होंने कहा है कि राजस्थान को संक्रमित रोगियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। 

श्री गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जामनगर से आवंटित ऑक्सीजन का 185 मैट्रिक टन का बैकलॉग कोटा तत्काल प्राप्त करने के प्रयास करें ताकि कुछ समय के लिए राहत मिल सके। यह कोटा प्रदेश को टैंकर उपलब्ध नहीं होने के कारण नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को संकट की इस घड़ी में ऑक्सीजन एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने ऑक्सीजन कॉन्सनटे्रेटर सहित अन्य संसाधन दूसरे देशों से आयात करने की प्रक्रिया की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीवन रक्षा के लिए संसाधन जुटाने में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाए। 

चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि लोगों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए जन अनुशासन पखवाड़े में और अधिक कड़े कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता के लिए विभाग के द्वारा तेजी से निर्णय किए जा रहे हैं। 

मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने बताया कि चिकित्सा उपकरणों के आयात के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुबोध अग्रवाल, आयुक्त विभागीय जांच डॉ. प्रीतम बी. यशवंत तथा संयुक्त सचिव वित्त टीना डाबी ने अन्य देशों से सम्पर्क शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन कन्सेनट्रेटर की पहली खेप की आपूर्ति जल्द मिल जाएगी।

अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने संसाधनों की आपूर्ति के लिए केन्द्र सरकार से किए जा रहे समन्वय एवं अन्य प्रयासों के बारे में जानकारी दी। 

प्रमुख सचिव गृह श्री अभय कुमार ने जन अनुशासन पखवाड़े की अवधि बढ़ाने और इसके लिए गाइडलाइन में संभावित सख्त दिशा-निर्देशों के संबंध में जानकारी दी। 

पुलिस महानिदेशक श्री एमएल लाठर, प्रमुख वित्त सचिव श्री अखिल अरोरा, प्रमुख शासन सचिव आईटी श्री आलोक गुप्ता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव श्री सिद्धार्थ महाजन, स्वायत शासन सचिव श्री भवानी सिंह देथा, सचिव उद्योग श्री आशुतोष एटी, आरएमएससीएल के एमडी श्री आलोक रंजन, आरयूएचएस के कुलपति डॉ. राजाबाबू पंवार, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भण्डारी, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने भी सुझाव दिए। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक श्री पुरूषोत्तम शर्मा भी उपस्थित थे।

Labels:

पीबीएम में रहे निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अभियंताओं की लगाई राउंड द क्लाॅक ड्यूटी

बीकानेर बुलेटिन




मौसम के बिगड़ते हालात के मद्देनजर की व्यवस्था

बीकानेर  30 अप्रैल। मौसम के बिगड़ते हालात में पीबीएम अस्पताल में भर्ती कोविड मरीजों के लिए आॅक्सीजन सप्लाई की निरतंतरता और विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के अविलम्ब निराकरण के लिए पीबीएम अस्पताल में दो अभियंताओं की राउंड द क्लाॅक ड्यूटी लगाई गई है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रिक डिविजन के अधिशाषी अभियंता जितेन्द्र मोहन (98296-11744) को पहली पारी में प्रातः 6 से सायं 6 बजे तक तथा सहायक अभियंता पीएल माथुर (94146-04716) को दूसरी पारी में सायं 6 से प्रातः 6 बजे तक के लिए नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को प्रतिदिन आठ-आठ घंटे की तीन पारियों में अपने अधीन कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं को पीबीएम अस्पताल में नियुक्त करने के लिए निर्देशित किया गया है। साथ ही पीबीएम और जिला अस्पताल में किसी भी स्थिति में विद्युत सप्लाई में ट्रिपिंग या अन्य प्रकार से कोई व्यवधान नहीं हो तथा राउंड द क्लाॅक निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुचारू रहे, यह भी सुनिश्चित करना होगा।

कोताही नहीं होगी बर्दाश्त

शर्मा ने बताया कि इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। अधिशाषी अभियंता जितेन्द्र मोहन विद्युत व्यवस्था संचालन के लिए नोडल अधिकारी होंगे तथा बीकेसीएल द्वारा नियुक्त अभियंताओं पर प्रभावी पर्यवेक्षण रखते हुए विद्युत व्यवस्था सुचारू रखना सुनिश्चित करेंगे।

Labels:

कोरोना के विरुद्ध जागरूकता अभियान, आमजन से की समजाइश, चस्पा किए स्टीकर

बीकानेर बुलेटिन






बीकानेर, 30 अप्रैल। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार चल रहे जागरूकता अभियान के अन्तर्गत शुक्रवार को शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं भीड़भाड वाले क्षेत्रों में एडवाइजरी की पालना की समझाइश की गई एवं वाहनों पर स्टीकर चस्पा किए गए । मुख्य कार्यक्रम जस्सूसर गेट क्षेत्र में आयोजित हुआ। जागरूकता अभियान के समन्वयक राजेन्द्र जोशी ने बताया कि जिला कलक्टर की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में सात राज बटालियन के एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट-गाइड के रेंजर-रोवर प्रतिनिधि शामिल हुए।
     
 जोशी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए सभी लोगों को सतर्क रहना जरूरी है। कोई भी घर से बाहर ना निकले और कोविड प्रोटोकॉल की पालना करे। नियमों की पालना से ही आम आदमी की सुरक्षा संभव है। उन्होंने बताया कि जागरुकता अभियान के इस चरण में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 
    
 इस दौरान प्रमुख दुकानों, एटीएम, पेट्रोल पंपों आदि पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पेम्पलेट्स तथा ऑटो रिक्शा और अन्य चौपहिया वाहनों पर परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए गए पोस्टर लगाए गए। 
    
इस दौरान एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर हितेश शर्मा, अंडर ऑफिसर तुषार बजाज, सर्जेंट गणेश गिरी, हेमलता, इंद्रजीत, नमोनारायण, दिनेश, आदित्य, श्रवण सिंह मौजूद रहे। जोशी ने बताया कि शुक्रवार को बारह टीमों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर समझाइश की गई।

Labels:

आयुष मंत्रालय का दावा: कोरोना के हल्के लक्षणों वाले मरीजों पर कारगर है आयुष-64

बीकानेर बुलेटिन




आयुष मंत्रालय और सीएसआईआर के वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि मलेरिया के उपचार में प्रयुक्त होने वाली दवा आयुष-64 कोरोना के हल्के मरीजों के उपचार में कारगर है। इस दवा को काफी समय पूर्व केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों ने विकसित किया था और दवा बाजार में उपलब्ध है। एक साल पूर्व इसके कोरोना रोगियों पर क्लिनिकल ट्रायल शुरू किए गए थे जिनके नतीजों के आधार पर इसे कोरोना मरीजों के उपचार के लिए अनुसंशित कर दिया गया है। 

आयुष मंत्रालय ने आयुष-64 समेत कई देशी दवा फामूर्लों को परखने के लिए सीएसआईआर के साथ मिलकर यह कार्यक्रम शुरू किया था। इसके लिए एक टास्क फोर्स गठित की गई थी। आयुष-64  समेत कई अन्य फामूर्लों का परीक्षण किंग जार्ज मेडिकल कालेज लखनऊ, एम्स जोधपुर समेत कई नामी एलोपैथी एवं आयुर्वेद अस्पतालों में कोरोना मरीजों पर किए थे। 

140 करोनो मरीजों पर परीक्षण
आयुष-64 दवा के 140 करोनो मरीजों पर परीक्षण के बाद उसे लक्षणविहीन, हल्के एवं मध्यम संक्रमण के उपचार के लिए उपयुक्त पाया गया है। यह चार जड़ी बूटियों सप्तपर्ण, कुटकी, चिरायता तथा कुबेराक्ष से निर्मित है। 

मंजूरी का इंजतार
इस शोध से जुड़े आईसीएमआर के पूर्व महानिदेशक डा. वी. एम. कटोच, डा, अरविंद चोपड़ा, डा. भूषण पटवर्धन तथा डा. एन. श्रीकांत ने गुरुवार को को एक वर्चुअल प्रेस कांफ्रेस में कहा कि दवा को हल्के लक्षणों वाले कोरोना रोगियों के उपचार के लिए प्रभावित घोषित किया गया। सरकार से कहा गया है कि राज्य ड्रग कंट्रोलरों को इस दवा को कोरोना मरीजों के उपचार की मंजूरी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि एलोपैथी दवा के साथ-साथ इसे लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दवा के सेवन से जल्दी आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आती है। शारीरिक लक्षण जल्द खत्म हो जाते हैं। मानसिक स्वास्थ्य भी ठीक रहता है। इससे मरीजों को जल्दी अस्पताल से छुट्टी मिल जाती है। 

Labels:

मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन, कोरोना वायरस से थे संक्रमित

बीकानेर बुलेटिन




मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना की कोरोना से मौत हो गई है। लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर काम कर रहे थे। सुधीर चौधरी ने ट्वीट किया, 'अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ काँपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी। ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफ़ी है...। ॐ शान्ति।' 

लंबे समय से टीवी मीडिया का चेहरा रहे रोहित सरदाना इन दिनों 'आज तक' न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो 'दंगल' की एंकरिंग करते थे। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था। वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी रोहित सरदाना की मौत की जानकारी दी है। उन्होंने ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा, 'दोस्तों बेहद दुखद खबर है। मशहूर टीवी न्यूज एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है। उन्हें आज सुबह ही हार्ट अटैक आया है। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।'

Labels:

जिला कलक्टर ने देर रात ऑक्सीजन व्यवस्था का लिया जायजा

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 29 अप्रैल। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने गुरुवार देर रात पीबीएम अस्पताल स्थित कोविड डेडिकेटेड एमसीएच विंग ऑक्सीजन प्लांट में ऑक्सीजन सप्लाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यहां भर्ती गंभीर मरीजों के लिए आक्सीजन की उपलब्धता और सप्लाई प्रेशर, इलाज तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर ऑक्सीजन का अपव्यय नहीं हो। यहां तैनात पुलिस कर्मी को इस पर नजर रखने के निर्देश दिए। 

जिला कलेक्टर मेहता रात ग्यारह बजे के बाद एमसीएच विंग पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली। जिला कलेक्टर ने मरीजों तक पहुंचाई जा रही आक्सीजन के प्रेशर की जानकारी भी ली और कहा कि आक्सीजन के प्रेशर और आपूर्ति पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक बारीकी से निगरानी रखें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। 

मेहता ने कहा कि एक-एक मरीज का जीवन हमारे लिए अहम है और हमारी प्राथमिकता हर जीवन को बचाना रहनी चाहिए। किसी भी मरीज के इलाज में किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं, आक्सीजन की उपलब्धता के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर बेस्ट सर्विस डिलीवरी के लिए चिकित्सक अतिरिक्त संवेदनशीलता रखें।
 इस दौरान निगम आयुक्त ए एच गौरी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आर्य, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ गुंजन सोनी, डॉ सुरेंद्र वर्मा सहित वरिष्ठ चिकित्सा व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



Labels: