Tuesday, March 16, 2021

बीकानेर: अवैध अफीम के 14430 पौधे जब्त

बीकानेर बुलेटिन



मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुनील कुमार और अधिकारी कोलायत सुखविंदर पाल सिंह के निर्देशानुसार गजनेर थाना अंतर्गत दलीपसिंह पुत्र बालूसिंह निवासी हाड़ला भाटियान के मकान के पास बाड़े में दबिश देकर सौफ की फसल के पास 2 क्विंटल 52 किलो 300 ग्राम यानी 14430 अवैध अफीम के पौधे जप्त कर दिलीप सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है । इस कार्यवाही के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसकी जांच बज्जू थानाधिकारी नरेश निर्वाण कर रहे हैं। कार्यवाही के दौरान टीम में शामिल रहे - गजनेर थानाधिकारी भजनलाल, हेड कांस्टेबल पारसमल, केशराराम, सुरेंद्र सिंह , जोगाराम, पवन, रामचंद्र, महबूब, कुलदीप, कोलायत टीम के दौलतराम, बनवारी , विजय शामिल रहे।

Labels: ,

1 लाख डोज के ऐतिहासिक पड़ाव को पार किया बीकानेर ने नोखा की 107 वर्षीय रूपा देवी ने टीका लगवाकर दिया आशीर्वाद

बीकानेर बुलेटिन





एक दिन में भी 118 सत्रों में रिकॉर्ड 12,108 लाभार्थियों का वैक्सीनेशन 

गाँव-गाँव नुक्कड़ सभाओं से बढ़ रही सामजिक चेतना
बुधवार को एक साथ 137 सत्रों में होगा कोविड टीकाकरण
प्रारम्भिक शिक्षा के फ्रंटलाइनर्स एक साथ दूसरी डोज लेकर दोहराएंगे कमाल 

बीकानेर, 16 मार्च। कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान में बीकानेर जिले ने मंगलवार को फिर एक एतिहासिक पड़ाव को पार कर लिया। कोविन ऑनलाइन पोर्टल अनुसार जिले में अब तक कोविड वैक्सीन की कुल 1,09,743 डोज लगाईं जा चुकी हैं। एक दिन की उपलब्धि के लिहाज से भी रिकॉर्ड 12,108 लाभार्थियों का वैक्सीनेशन किया गया। जिला कलेक्टर नमित मेहता द्वारा लगातार बैठकों और पुख्ता मोनिटरिंग के परिणामस्वरुप जिलास्तरीय से लेकर ग्राम स्तरीय अधिकरियों ने अपनी प्राथमिकताएं बदलते हुए मंगल टीका जागरूकता गतिविधियों को दैनिक लक्ष्यों में शामिल कर लिया है और गाँव-गाँव नुक्कड़ सभाओं व चैपाल चर्चाओं में टीके के लिए सकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है। 
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुकुमार कश्यप ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए सभी टीकाकर्मियों, वेरिफिकेशन स्टाफ, प्रभारियों व प्रबंधकीय स्टाफ सहित समस्त ब्लॉक सीएमओ को बधाई प्रेषित की है। डॉ कश्यप में बताया कि सोमवार को जिले में 118 सत्र आयोजित कर 7,465 बुजुर्गों सहित कुल 12,108 लाभार्थियों को कॉविड वैक्सीन लगाई गई। कुल 11,426 को पहली डोज जबकि 682 व्यक्तियों को कोविड वैक्सीनेशन की दूसरी डोज दी गई। 72 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली व 117 को दूसरी डोज लगाई गई। 300 फ्रंटलाइनर को पहली व 565 को दूसरी डोज दी गई। 45 से 59 वर्ष आयु के कोमोरबिडिटीज वाले व्यक्तियों में कुल 3,589 व्यक्तियों ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज ली। लूणकरणसर के करणीसर, नोखा के गजसुखदेसर व जेगला ने 150 के लाभार्थी लक्ष्य के विरुद्ध क्रमशः 281, 260 व 255 का टीकाकरण करते हुए प्रथम तीन पायदान पर कब्जा किया। कोविशील्ड वैक्सीन की 1,233 जबकि कोवैक्सीन की 10 वायल उपयोग में ली गई।


उम्र 107 साल पर जिजीविषा व जोश बरकरार
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा के स्टाफ को फिर से बड़ा आशीर्वाद मिला जब 107 वर्षीय रूपा देवी ने कोविड के विरुद्ध मंगल टीका लगवाया। टीकाकर्मी एएनएम विमला सहारण द्वारा स्वयं सक्रिय प्रयास कर प्रेरित कर उन्हें टीकाकरण के लिए आमंत्रित किया। विमला के अनुसार सेवा का ऐसा बेहतरीन मौका कोविड टीकाकरण अभियान के कारण ही प्राप्त हुआ है। वयोवृद्ध रूपा देवी ने टीका लगवाने के बाद विजय मुद्रा में पूरे जोश के साथ सेल्फी पोज दिए। 2 दिन पहले इसी केंद्र पर 105 वर्षीय पीथाराम ने टीका लगवाया था। 

बुधवार को एक साथ 137 सत्रों में होगा कोविड टीकाकरण
जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशानुसार बुधवार को अब तक की सर्वाधिक संख्या यानी कि 137 सत्रों का आयोजन कर कोविड टीकाकरण किया जाएगा। आरसीएचओ डॉ राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इनमें मिलिट्री हॉस्पिटल आर्मी एरिया, लालगढ़ स्थित रेलवे हॉस्पिटल, जेल डिस्पेंसरी, पीबीएम अस्पताल, जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल गंगाशहर, समस्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चुनिंदा पीएचसी व उपस्वास्थ्य केंद्र शामिल रहेंगे। साथ ही आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़े सभी 6 अस्पतालों पर भी कोवीशील्ड उपलब्ध रहेगी। यूपीएचसी न. 4, बीछवाल व तिलकनगर पर को-वैक्सीन भी उपलब्ध रहेगी। सभी वर्गों को पहली डोज देने के साथ-साथ जिन्हें पहली डोज लगे 28 दिन हो चुके हैं उन्हें दूसरी डोज देने की व्यवस्था साथ ही साथ रहेगी।

राज्य भर में प्रारम्भिक शिक्षा के अध्यापक व फ्रंटलाइनर्स एक साथ जाएंगे दूसरी डोज के लिए
डॉ गुप्ता ने बताया कि पंचायती राज के अधीन आने वाले प्रारम्भिक शिक्षा के अध्यापक व फ्रंटलाइनर्स जिन्हें पहली डोज 17 फरवरी को लगी थी, वे बुधवार को उसी केंद्र पर टीकाकरण के लिए पहुंचेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से इस सम्बन्ध में कण्ट्रोल रूम बनाकर लाभार्थियों को मोबिलाइज किया जा रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।   

        

Labels:

कोरोना अपडेट: आज आये पॉजिटिव इन इलाकों से

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर शहर में जनवरी और फरवरी, 2021 माह कोरोना के प्रकोप से बचा रहा। इसी कारण मार्च आते आते मास्क लगाना, सेनेटाइजर लगाना और दो गज की दुरी रखना भुलने । यहीं कारण रहा की मार्च माह में लगभग हर दिन कोरोना पाॅजिटिव मिलें लगें। इसका मुख्य कारण हमारी अपनी लापरवाही है।

बीकानेर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुकुमार कश्यप से मिली जानकारी अनुसार बीकानेर में अभी अभी 4 कोरोना पाॅजिटिव मिलें हैं। जिनमें से एक कोरोना पाॅजिटिव बरसिंगसर से हैं तो वहीं तीन‌ शहर के रानी बाजार क्षेत्र से मिलें हैं।



Labels: ,

प्रदेश की तीन विधानसभाओं के लिए उप चुनाव कार्यक्रम घोषित, 17 अप्रेल को होगा मतदान, मतगणना 2 मई को

बीकानेर बुलेटिन




_विधानसभा उप चुनाव-2021_



_मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा स्वतंत्र-निष्पक्ष और शांतिपूर्ण के साथ ‘सुरक्षित चुनाव‘ करवाना भी विभाग की प्राथमिकता, कोरोनाकाल में आमजन से की सहयोग की अपील_

_तीनों जिलों में आज से प्रभावी होगी आचार संहिता_
_7.43 लाख से ज्यादा मतदाता कर सकेंगे मताधिकार का इस्तेमाल_ 
_1145 मतदान केंद्रों पर करवाए जाएंगे चुनाव_

जयपुर, 16 मार्च। भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा उप चुनाव-2021 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में राजसमंद जिले की राजसंमद, भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा और चूरू जिले की सुजानगढ़ विधानसभा सीटों के लिए 17 अप्रेल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 2 मई को करवाई जाएगी। तीनों विधानसभाओं में कुल 7 लाख 43 हजार 802 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, इनमें 3 लाख 80 हजार 192 पुरुष व 3 लाख 63 हजार 610 महिला मतदाता हैं। 
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण गुप्ता ने बताया कि कोरोना काल में प्रदेश में पहली बार विधानसभा के उप चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में सभी के लिए यह दौर बेहद संयम और सावधानी रखने वाला है। उन्होंने नामांकन से लेकर प्रचार और मतगणना तक कोरोना संबंधी सभी दिशा-निर्देशों की पालना कड़ाई से करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल, उनके समर्थक और मतदाताओं से इस दौर में पूरे सहयोग की अपेक्षा की है। 

श्री गुप्ता ने बताया कि भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा विधानसभा में कुल 2 लाख 47 हजार 400 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 1 लाख 24 हजार 100 पुरुष और 1 लाख 23 हजार 300 महिलाएं हैं। चुरू जिले की सुजानगढ़ में 2 लाख 74 हजार 792 मतदाताओं में से 1 लाख 43 हजार 374 पुरुष व 1 लाख 31 हजार 418 महिला मतदाता हैं। इसी तरह राजसमंद विधानसभा में 2 लाख 21 हजार 610 मतदाताओं में से 1 लाख 12 हजार 718 पुरुष और 1 लाख 8 हजार 892 महिला मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगी। 


उन्होंने बताया कि तीनों जिलों के लिए अधिसूचना 23 मार्च को जारी होगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हो जाएगा। 30 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 31 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच व संवीक्षा होगी तथा 3 अप्रेल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 17 अप्रेल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 2 मई को करवाई जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीनों विधानसभाओं में 1145 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें सहाड़ा में 387, सुजानगढ़ में 418 और राजसमंद में 340 मतदान केंद्र बनाए हैं। उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचन क्षेत्रों में शत-प्रतिशत फोटो पहचान पत्र का वितरण किया जा चुका है। 


श्री गुप्ता ने कहा कि कोरोना के चलते इस बार आयोग द्वारा ऑनलाइन नामांकन की भी वैकल्पिक व्यवस्था दी है। साथ ही चुनावी सभा करने, वाहनों की अनुमति लेने जैसे कई कार्य आनलाइन संपादित किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें मय फोटो, वीडियो आदि निर्वाचन आयोग के सी-विजिल-एप में की जा सकती है, जिससे इन पर 100 मिनट की अवधि में कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार व उनके समर्थक कोरोना के दौरान पूरी सावधानी और सतर्कता बरतेंगे तो प्रदेश में सुरक्षित मतदान संभव है। 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सरकारी वाहनों, हेलीकॉप्टर एवं विमान अनुमति के बाद ही उपयोग में लिए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकाशन सामग्री यथा पोस्टर, पंफलेट आदि पर प्रकाशक और मुद्रक का नाम आवश्यक रूप से प्रकाशित करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने वाले प्रिंटिंग प्रेस स्वामियों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127 (क) के तहत कार्यवाही की जाएगी।

80 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांगों को पोस्टल बैलेट

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उपचुनाव में 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता, क्वारंटीन और 40 फीसद से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को पेास्टल बैलेट के जरिए मतदान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान ध्यान रखा जाए कि केंद्र, राज्य सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइड लाइंस का उल्लघंन ना हो। 

इपिक कार्ड के साथ 11 अन्य दस्तावेजों से करें मतदान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा उप चुनाव-2021 में मतदाता केवल वोटर स्लिप के आधार पर मतदान नहीं कर सकेंगे। मतदान के लिए मतदाता को इपिक कार्ड (मतदाता फोटो युक्त पहचान पत्र) दिखाना होगा। इपिक कार्ड नहीं होने की स्थिति में 11 अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक को दिखाने पर ही मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। आयोग के निर्देशानुसार इस बार के लोकसभा चुनाव में इपिक कार्ड के अलावा पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेन्स, राज्य या केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा  अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैकों या डाकघरों द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, पेन कार्ड, आरजीआई एवं एनपीआर द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, विधायकों, सांसदों को जारी किए सरकारी पहचान पत्र या आधार कार्ड में से कोई एक दस्तावेज को मतदान करते समय दिखाना जरूरी होगा। मतदाता पर्ची पहचान का आधार नहीं मानी जाएगी। 

चुनावी व्यय पर रहेगी कड़ी नजर

उन्होंने बताया कि विधानसभा उप चुनाव के लिए उम्मीदवार द्वारा चुनाव व्यय की सीमा को 28 लाख से बढ़ाकर 30.80 लाख रुपए कर दिया है। उन्होंने बताया कि चुनाव व्यय के मॉनिटरिंग के लिए आयोग द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जिले में चुनाव व्यय की मॉनिटरिंग प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उड़न दस्ते, सहायक निर्वाचन व्यय पर्यवेक्षक, वीडियो अवलोकन टीम और वीडियो सर्विलांस टीम के माध्यम से की जाएगी। अधिसूचना जारी होने के पश्चात् प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्थैतिक सर्विलांस टीम भी कार्य आरंभ कर देंगी।

Labels:

मंगल टीका जागरूकता अभियान संवाद के साथ साथ 209 ने करवाया टीकाकरण

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर 16 मार्च 2021। आज बीकानेर जिला उद्योग संघ में जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा एवं ब्लोक सीएम्एचओ कोलायत डॉ. अनिल वर्मा के नेतृत्व में मंगल टीका जागरूकता अभियान के तहत बुद्धिजीवी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया | संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने बताया कि बीकानेर के हर नागरिक को आगे आकर टीकाकरण करवाना चाहिए क्योंकि टीकाकरण से ही हम कोरोना को भगाने में सफल हो पायेंगे और इसके लिए हमें अपने आस पास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करते रहना होगा | 


बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि संघ द्वारा अनेक संस्थाओं के माध्यम से कोरोना टीकाकरण हेतु जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार प्रसार करवाया गया था और बीकानेर जिला उद्योग संघ व रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में डिस्पेंसरी नं 7 के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दाऊदी एवं उनकी चिकित्सा टीम द्वारा कोरोना टीकाकरण केम्प का आयोजन किया गया जिसमें उद्योग संघ परिसर में 209 उद्यमी, व्यापारी व आम नागरिकों ने अपना टीकाकरण करवाया | 



इस अवसर पर रोटरी क्लब अध्यक्ष विनोद दम्माणी व सचिव सुनील सारडा ने बताया कि इस महामारी से बचाव हेतु आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस केम्प की पहल की गयी थी और आगे भी इस प्रकार के प्रकल्प जारी रखें जायेंगे | इस अवसर पर उद्योग अधिकारी अतुल शर्मा, बीकानेर जिला उद्योग संघ सचिव विनोद गोयल, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल सचिव वीरेंद्र किराडू, बींछवाल उद्योग संघ अध्यक्ष प्रशांत कंसल, बीकानेर फायर वर्क्स एसोसिएशन अध्यक्ष लूणकरण सेठिया, रोटरी क्लब पूर्व प्रांतपाल अरुण प्रकाश गुप्ता, निर्वाचित प्रांतपाल राजेश चुरा, रोटरी पूर्व अध्यक्ष मनीष तापडिया, किशन मूंधडा, मीनाक्षी दाधीच, दिलीप रंगा, राजाराम सारडा, पारस डागा, मुकेश बजाज सहित अनेक व्यापारी, उद्यमी व आम नागरिकों ने सहयोग प्रदान किया |

Labels:

बीकानेर: जमनादास कल्ला की विख्यात स्वांग मैरी रम्मत 25 को

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर। होली के दिनों में बीकानेर में होने वाली रम्मतों का इन दिनों जोरशोर से रियाज चल रहे है। कलाकार ख्याल और चौमासों के अभ्यास देर रात तक कर रहे है। इसी कड़ी में स्थानीय चौथाणी ओझाओं के चौक में रम्मत उस्ताद कपिल देव के नेतृत्व में होने वाली जमनादास कल्ला स्वांग मैरी का रियाज भी स्थित श्री हनुमान मंदिर में किया जा रहा है। रम्मत से जुड़े दिनेश ओझा ने बताया कि 25 मार्च की रात व 26 मार्च की सुबह होने वाली इस रम्मत का रियाज बसंत पंचमी से किया जा रहा है। जिसमें संरक्षक मींडा महाराज व वरिष्ठ रम्मत कलाकार एड मदन गोपाल व्यास के निर्देशन में देश विदेश के तत्कालीन विषयों पर व्यंग्य के बाण छोड़े जा रहे है। कवि पूनमचंद उर्फ जम्मू मस्तान द्वारा रचित ख्याल चौमासे का रियाज भी हो रहा है। उन्होनें बताया कि रम्मत का बड़ा गावणा 23 मार्च को रात 9 बजे चौथाणी ओझाओं में होगा। रियाज में वरिष्ठ कलाकारों के साथ युवा रवि,शंकर,शानू, नानू, विनोद,राहुल, कान्हा,राजा, मयूर,मनीष हिस्सा ले रहे है। नगाडा पर जगदीश उर्फ बंटी संगत दे रहे है।

Labels:

जल जीवन मिशन इस वर्ष अब तक 6 लाख से अधिक घरों में हुए कनैक्शन

बीकानेर बुलेटिन





प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल कनैक्शन के कार्य में आई तेजी

राज्य के 18 लाख से अधिक गांव-ढाणियों में नल से पहुंचा जल



प्रदेश के 405 गांवों और 50 ग्राम पंचायतों के सभी घरों में नल से जल कनैक्शन की सुविधा

406 घरों में 90 प्रतिशत से अधिक घरों का कवरेज पूरा

जयपुर, 16 मार्च। प्रदेश में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से जल कनैक्शन देने के कार्य में लगातार गति आ रही है। राज्य में इस वर्ष अब तक 6 लाख से अधिक परिवारों को घर-घर नल कनैक्शन दिए जा चुके हैं। इसे मिलाकर प्रदेश के गांव और ढ़ाणियों में जेजेएम के तहत 18 लाख 80 हजार के करीब घरों को नल कनैक्शन से जोड़ दिया गया है।

जलदाय मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में 405 गांवों और 50 ग्राम पंचायतों के सभी घरों में अब नल से जल कनैक्शन की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है इसके साथ ही 406 अन्य गांवों में 90 प्रतिशत से ज्यादा घरों में नल कनैक्शन दिए जा चुके है। ऐसे गांवों में शेष बचे घरों में नल कनैक्शन देकर पूरे गांवों का कवरेज शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। उन्होने बताया कि जलदाय विभाग में उच्च स्तर से प्रतिदिन मॉनिटरिंग और फील्ड में कार्यरत अभियंताओं की मेहनत से प्रदेश में जेजेएम के तहत प्रतिदिन नए गांवों और ढाणियों को जोड़ने का आंकड़ा भी अब 3 हजार के करीब पहुंच गया है।

डॉ. कल्ला ने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेश में जल जीवन मिशन के कार्यों में और गति देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नई योजनाओं की स्वीकृति, डीपीआर बनाने, टेंडरिंग और मौके पर ग्रामीणों को जल कनैक्शन से लाभान्वित करने के कार्यों में वृद्धि के लिए जेजेएम से जुड़े सभी घटकों की प्रगति की रोजाना समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्य स्तर से मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देश जारी किए जा रहे है। सभी सम्भागीय अधिकारियों के साथ हर सप्ताह वीसी के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही पिछले एक माह में राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति की तीन बैठकें आयोजित कर सिंगल एवं मल्टी विलेज स्कीम्स के साथ ही मेजर प्रोजेक्ट्स के तहत नई स्वीकृतियां जारी करने के कार्यों को भी सक्रियता से सम्पादित किया जा रहा है।


जलदाय मंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल जीवन मिशन की प्रगति में सकारात्मक सुधार के साथ ही ग्रामीणों की सहभागिता में वृद्धि और ग्राम स्तर पर लोगों से व्यापक चर्चा के बाद योजनाओं के निर्माण की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है। अभी तक 40 हजार से अधिक ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के गठन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन समितियों के 23 हजार 502 सदस्यों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

डॉ. कल्ला ने बताया कि प्रदेश में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक बीकानेर रीजन के तहत श्रीगंगानगर जिले में घर-घर नल कनैक्शन देने में 40 हजार 833 कनैक्शन के साथ लक्ष्य की तुलना में सर्वाधिक 74.1 प्रतिशत प्रगति दर्ज हुई है। अजमेर रीजन में नागौर जिला 69 हजार 349 कनैक्शन (लक्ष्य की तुलना में 61.7 प्रतिशत प्रगति) के साथ दूसरे तथा उदयपुर रीजन में राजसमंद 24 हजार 114 कनैक्शन (57.5 प्रतिशत प्रगति) के साथ तीसरे स्थान पर है। इसी प्रकार भरतपुर रीजन के सवाईमाधोपुर जिले में 15 हजार 640 कनैक्शन (54.3 प्रतिशत प्रगति), जयपुर रीजन-द्वितीय के सीकर जिले में 27 हजार  617 कनैक्शन (50 प्रतिशत प्रगति), एनसीआर रीजन के अलवर में 25 हजार 755 कनैक्शन (49.2 प्रतिशत प्रगति) तथा कोटा रीजन में बूंदी जिले में 6 हजार 798 कनैक्शन (47.6 प्रतिशत प्रगति) प्रगति अब तक दर्ज की गई है।

अन्य जिलों में इस वर्ष अब तक अजमेर में 11 हजार 971 कनैक्शन (भीलवाड़ा में 26 हजार 733 कनैक्शन, टोंक में 15 हजार 581 कनैक्शन, भरतपुर में 14 हजार 523, धौलपुर में 3 हजार 876, करौली में 9 हजार 761, बीकानेर में 8 हजार 880, हनुमानगढ़ में 23 हजार 121, चुरू में 25 हजार 793, दौसा में 4 हजार 169, झुंझुनू में 7 हजार 957, जयपुर में 56 हजार 265,  जोधुपर में 31 हजार 223, पाली में 16 हजार 341, बाड़मेर में 13 हजार 835, जैसलमेर में एक हजार 275, जालौर में 20 हजार 398, सिरोही में 7 हजार 794ख् बारां में 4 हजार 461, झालावाड़ में 7 हजार 252 कोटा में 6 हजार 440, चितौड़गढ़ में 25 हजार 328, डूंगरपुर में 13 हजार 45, प्रतापगढ़ में 2 हजार 562 तथा उदयपुर में 24 हजार 586 कनैक्शन दिए जा चुके है।


Labels: ,

लोकल सर्वर पर सुरक्षित रहेंगे पत्राचार, समय की भी होगी बचत,बीएसएनएल बीकानेर जोन आफिस के सभी कार्यालय डिजिटल प्लेटफार्म पर जुड़े

बीकानेर बुलेटिन







बीकानेर,16 मार्च। बीएसएनएल बीकानेर जोन आफिस में नागौर, के बाद हनुमानगढ़  और श्रीगंगानगर जिले के मर्ज हो जाने के साथ ही चारों कार्यालयों में संवाद व पत्राचार को सुगम बनाने के लिए बीकानेर कार्यालय द्वारा वर्तमान लोकल नेटवर्किंग पर डिजिटल प्लेटफार्म का निर्माण किया गया है । इस  लोकल इंट्रानेट का शुभारम्भ महाप्रबंधक  एन. राम द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस लोकल इंट्रानेट से सभी तरह के पत्राचार बीकानेर स्थित लोकल सर्वर पर सुरक्षित रहेंगे तथा इससे पेपर व समय की भी काफी बचत होगी । उपमहाप्रबंधक  बृजेश कटारिया ने बताया कि इस पोर्टल का निर्माण, डिज़ाइन व बैकअप संबंधित कार्य उपभोक्ता सेवा केंद्र के एसडीओ  जितेंद्र चिनिया व टीम  द्वारा किया गया हैै। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल द्वारा हाल ही में उपभोक्ताओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग व बिल इन्क्वारी सिस्टम भी डिज़ाइन किया गया था । 

उपमहाप्रबंधक वित्त  रवि सोनी ने बताया कि पोर्टल को बनाने में विभाग पर कुछ भी अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं डाला गया है तथा इसके उपयोग से नागौर व श्रीगंगानगर ऑफिस का बीकानेर हेड ऑफिस के साथ पत्राचार का सारा कार्य डिजिटल हो जाएगा जिससे समय व संसाधन दोनों की बचत होगी ।
पोर्टल एडमिन जितेंद्र चिनिया ने  स्टाफ को पोर्टल पर प्रदत्त सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

Labels:

गुजरात में लौटा नाइट कर्फ्यू, महाराष्ट्र में फिर लॉकडाउन... स्कूलों पर दोबारा लटका ताला

बीकानेर बुलेटिन




एक तरफ देश में कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में बढ़ते संक्रमण ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र सरकार ने संक्रमण को देखते हुए फिर सख्ती बरतते हुए पुणे, नागपुर और औरंगाबाद ने नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। गुजरात सरकार ने भी अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। वहीं, पंजाब सरकार ने 12वीं और 10वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं टालने का फैसला किया है। जबकि मध्य प्रदेश में नाइट कर्फ्यू पर आज फैसला आ सकता है। देश में बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मुख्‍यमंत्रियों के साथ बातचीत करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री कह चुके हैं कि कोरोना से बचाव के उपायों के प्रति लापरवाही से ये मामले बढ़ रहे हैं।

गुजरात में करोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाया है 17 मार्च से 31 मार्च के बीच चार महानगरों- अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है। 16 मार्च रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक इन चार महानगरों में प्री-नाइट कर्फ्यू सिस्टम बना रहेगा। इससे पहले अहमदाबाद में कोरोना के मामलों के मद्देनजर, गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने भारत- इंग्लैंड टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों का आयोजन बिना दर्शकों के करने का फैसल किया है।


50 फीसद सख्त प्रतिबंध लागू

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले 23 लाख को पार कर गए हैं। राज्य सरकार ने महामारी को नियंत्रित करने के लिए लॉकडाउन के बजाय 50 फीसद सख्त प्रतिबंध लागू किया है। महाराष्ट्र के कुछ शहरों में लाकडाउन के साथ नाइट कफ्र्यू भी लगाया गया है। होटल, रेस्तरां, सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को केवल 50 प्रतिशत क्षमता पर संचालित करने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा सभी सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शादियों में लोगों की संख्या को 50 और शोकसभाओं में 20 कर दिया गया है। नागपुर में सोमवार को कड़ी पाबंदियों के साथ एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान मास्क नहीं पहनने पर सैकड़ों लोगों पर जुर्माना लगाया गया।



Labels:

बीकानेर:युवती के साथ छेड़छाड़ व सामुहिक दुष्कर्म,मामला दर्ज

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर जिले के नाल थाना क्षेत्र में सरपंच सहित 9 जनों ने मिलकर एक युवती के साथ छेडछाड की तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। मिडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस से मिली जानकारी में नाल थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने 8 युवकों पर गंभीर मामलों में मामला दर्ज करवाया है इन्होनें सभी ने मिलकर पहले मेरे साथ छेडछाड की तथा बाद ने सभी ने मिलकर मेरे साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की लिखित शिकायत पर सुमेरसिंह राजपूत, भंवरलाल मेघवाल, सुखाराम, हुक्माराम, गंगाराम, सरपंच उदाराम, हेतराम जाट, फूसाराम व बाबूलाल के खिलाफ धारा 376-डी, 376(2)(एन), 354, 354ए, 354 बी, 506, 23 आईपीसी व एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच सीओ एससी एसटी सैल कर रहे हैं।

Labels: ,

क्या 31 मार्च 2021 तक रद्द कर दी गई हैं सभी ट्रेनें? जानिए क्या है सच्चाई

बीकानेर बुलेटिन




जब से सोशल मीडिया का प्रसार बढ़ा है, तब से रोजाना कुछ न कुछ वायरल होता रहता है। कभी कोई वीडियो तो कभी कोई ऐसी जानकारी वायरल हो जाती है, जिसे पढ़कर लोग घबरा जाते हैं। ऐसी ही एक खबर इन दिनों वायरल हो रही है। वायरल हो रही इस खबर में दावा किया जा रहा है कि 31 मार्च तक के लिए भारतीय रेलवे ने ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वॉट्सऐप, मैसेजेस समेत अन्य मैसेंजरों पर इस जानकारी के सामने आते ही लोग अपने करीबियों को फोन करने लगे हैं और उनसे मामले की सच्चाई जानने की कोशिश करने लगे।


 लोग जानना चाहते हैं कि क्या सच में ट्रेनों को 31 मार्च तक के लिए रद्द कर दिया गया है? लोग इस वजह से भी ज्यादा डर गए हैं, क्योंकि पिछले तकरीबन एक साल कोरोना वायरस की वजह से ट्रेनों का संचालन बंद है। कुछ ही ट्रेनों को चलाया जा रहा है, जबकि कोरोनाकाल से पहले जिस तरह से ट्रेनें चलती थीं, उस हिसाब से कब से चलेंगी, यह नहीं पता चल सका है। लोगों को इसके चलते यात्राओं को करने में भी दिक्कतें हो रही हैं। ऐसे में वायरल हो रही इस जानकारी ने लोगों के लिए नया सिर-दर्द पैदा कर दिया है।



Labels:

पीड़ित मानवता की सेवा नोखा वासियों का स्वभाव - डाॅ. कल्ला, नोखा क्षेत्र के ढांचागत विकास पर रहेगा विशेष जोर

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर, 15 मार्च। श्री जैन आदर्श सेवा संस्थान नोखा का सम्मान समारोह रविवार को नोखा के जैन आदर्श विद्या निकेतन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला थे। उन्होंने कहा कि नोखा के लोग विद्या, धन तथा शक्ति का उपयोग परोपकार एवं पीड़ित मानवता की सेवा के लिए करते हैं। कोरोना काल की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी यहां के लोगों ने किसी को भी भूखा नहीं सोने दिया।
डाॅ. कल्ला ने कहा कि नोखा विकास के पथ पर आरुढ़ हो रहा है। राज्य सरकार भी राज्य में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देगी। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में पेश किए गए बजट में नोखा के 145 गांवों के लिए 751 करोड रुपए की पेयजल योजना मंजूर की गई है। सरकार द्वारा 39 ट्यूबवेल स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जल जीवन मिशन के तहत 10 गांवों के लिए 20 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। आरयूआईडीपी के तहत नोखा में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और जल   सुदृढ़ीकरण के 154 करोड के काम स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार बजट में मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने नोखा क्षेत्र में 10 किलोमीटर सड़क बनाने तथा नोखा अस्पताल को जिला अस्पताल के रूप में क्रमोन्नत करने की सौगात दी है। पहली बार बजट में नोखा के लिए इतनी बड़ी घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि नोखा के लिए आवश्यकता के अनुसार अधिक से अधिक ट्यूबवेल स्वीकृत किए जाएंगे। नोखा में खानों के आसपास रहने वाले लोगों के पुनर्वास की मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री तथा खान मंत्री को अवगत करवाया जाएगा तथा इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाये जाएंगे।
पीएचइडी मंत्री ने श्री जैन आदर्श सेवा संस्थान द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा कहा कि युवाओं के कॅरियर संबंधी मार्गदर्शन तथा रोजगार संबंधी प्रशिक्षण भी संस्था द्वारा कराये जाए तो इसके अच्छे परिणाम आ सकते हैं।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में राज्य सरकार द्वारा बेहतरीन प्रबंधन किया गया। अब वैक्सीनेशन में भी राजस्थान अग्रणी है। मुख्यमंत्री द्वारा इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में भी कोरोना से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की।

पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर ने नोखा सब्जी मंडी को पीएचइडी परिसर में शिफ्ट करवाने पर ऊर्जा मंत्री का आभार जताया। नोखा नगरपालिका के अध्यक्ष नारायण झंवर ने नोखा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी के अधिशासी अभियंता कार्यालय की मांग की। उन्होंने कहा कि नोखा को साफ, सुथरा, स्वच्छ बनाने  में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
जैन आदर्श सेवा संस्थान के अध्यक्ष ईश्वर चंद बैद ने संस्थान की गतिविधियों के बारे में बताया। वरिष्ठ पत्रकार हेम शर्मा ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में नोखा में सराहनीय कार्य हो रहे है। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव कन्हैया लाल झंवर, नगर पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर, उपाध्यक्ष निर्मल भूरा सहित नगर पालिका के पार्षदों आदि का सम्मान किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर केसरीचंद गोलछा, गजेंद्रसिंह सांखला, राजाराम धारणिया, अशोक धारणिया, बाबूलाल जैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।


पुष्टिकर समाज ने किया ऊर्जा मंत्री का अभिनंदन

इस दौरान नोखा पुष्टिकर समाज द्वारा ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला का अभिनंदन किया गया। पुष्टिकर समाज के अध्यक्ष नरेंद्र आचार्य, रवि रंगा, रमेशकुमार व्यास, रामकुमार व्यास, राजेश व्यास, शिव व्यास, जुगल आचार्य, कैलाश व्यास और श्रीप्रकाश रंगा सहित समाज के अन्य लोगों ने डॉ. कल्ला को अभिनंदन पत्र भेंट कर अभिनंदन किया।

Labels:

बीकानेर:मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने महिला से बैग छीन फ़रार

बीकानेर बुलेटिन



चेन स्नैचरों और लुटेरों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में बीकानेर जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में तीन छीना झपटी व लूट की वारदातें हो चुकी है। 


तीसरी वारदात नयाशहर थाना क्षेत्र के गोकुल सर्किल पर हुई है। रात करीब 11 बजे मुरलीधर निवासी सुनील हर्ष अपनी पत्नी ज्योति के साथ घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोकुल सर्किल पर पीछे से आए दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने ज्योति के साथ से बैग छीना और फरार हो गए। 


हर्ष ने बदमाशों का पीछा भी किया मगर वे चकमा देने में कामयाब हो गए। हर्ष ने तुरंत नयाशहर थाने पहुंच कर घटना की सूचना दी। जिस पर डीओ एएसआई सुमन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। हर्ष के अनुसार वे रानी बाज़ार में एक शादी समारोह में जाकर वाया सिटी लौट रहे थे। जैसे ही गोकुल सर्किल तक पहुंचे कि यह वारदात हो गई। 

हर्ष ने बताया कि बैग में 16 हजार कीमत का एम आई 7 प्रो मोबाइल, 7 हजार रूपए नकद, ठीक करवाने के लिए पर्स में रखी टूटी हुई 3 तोला सोने की चेन व 251 के दो लिफाफे थे। नयाशहर पुलिस ने कहा कि सुबह होने पर कैमरे खंगाले जाएंगे। घटनास्थल पर टीम जाकर मौका मुआयना करके आई है। रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी।


बता दें कि बीती रात कोतवाली थाना क्षेत्र के दाऊजी रोड़ पर भी ठीक ऐसी ही छीना झपटी की घटना हुई थी। उस घटना में भी बदमाशों की संख्या दो थी, काले रंग की बाइक थी, पीछे से आए थे व टैक्सी में बैठी बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ मुदिला पोपली की गोद से बैग छीन कर फरार हो गए। वहीं इसके बाद रात तीन बजे नोखा में लूट की वारदात हुई। नोखा की नागौर रोड़ स्थित भट्टड़ पेट्रोल पंप पर स्विफ्ट कार में सवार होकर आए चार पांच बदमाशों ने बंदूक की नोक पर लूट की। यहां से करीब 7-10 हजार रूपए की लूट हुई। 

Labels: ,

कोविड वैक्सीनेशन पहली बार 11,000 पार 105 सत्रों में 7,099 बुजुर्गों सहित कुल 11,053 लाभार्थियों को किया प्रतिरक्षित

बीकानेर बुलेटिन




मंगलवार को एक साथ 116 सत्रों में होगा कोविड टीकाकरण
समाज कल्याण विभाग व कृषि विभाग के फ्रंटलाइनर्स को भी दूसरी डोज होगी शुरू

बीकानेर, 15 मार्च। कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान में सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा जब पहली बार टीकाकृत लाभार्थियों की संख्या ने 11,000 के आंकड़े को पार किया। जिले में 105 सत्र आयोजित कर 7,099 बुजुर्गों सहित कुल 11,053 लाभार्थियों को कॉविड वैक्सीन लगाई गई। पिछले कई दिनों से जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशन में चलाए जा रहे मंगल टीका जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। सोमवार को भी इस कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वरिष्ठ महिलाओं के साथ संवाद के कार्यक्रम जिले भर में आयोजित  कर टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुकुमार कश्यप ने बताया कि सोमवार को कुल 10,578 को पहली डोज जबकि 475 व्यक्तियों को कोविड वैक्सीनेशन की दूसरी डोज दी गई। 71 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली व 131 को दूसरी डोज लगाई गई। 247 फ्रंटलाइनर को पहली व 344 को दूसरी डोज दी गई। 45 से 59 वर्ष आयु के कोमोरबिडिटीज वाले व्यक्तियों में कुल 3,161 व्यक्तियों ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज ली। किसी को भी किसी प्रकार के साइड इफेक्ट परिलक्षित नहीं हुए। पीएचसी झज्जू, सीएचसी जसरासर व सीएचसी कोलायत ने 150 के लाभार्थी लक्ष्य के विरुद्ध क्रमशः 325, 321 व 304 का टीकाकरण करते हुए प्रथम तीन पायदान पर कब्जा किया। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने सभी ब्लॉक के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर टीम बीकानेर को बधाई प्रेषित की है। 

आरसीएचओ डॉ राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कोविशील्ड वैक्सीन की 1,122 जबकि कोवैक्सीन की 10 वायल उपयोग में ली गई। जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशानुसार मंगलवार को अब तक की सर्वाधिक संख्या यानी कि 116 सत्रों का आयोजन कर कोविड टीकाकरण किया जाएगा। इनमें मिलिट्री हॉस्पिटल आर्मी एरिया, लालगढ़ स्थित रेलवे हॉस्पिटल, जेल डिस्पेंसरी, पीबीएम अस्पताल, जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल गंगाशहर, समस्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चुनिंदा पीएचसी व उपस्वास्थ्य केंद्र शामिल रहेंगे। डॉ गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर ज्यादा दारोमदार रहेगा। साथ ही आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़े सभी 6 अस्पतालों पर भी कोवीशील्ड उपलब्ध रहेगी। पीएचसी जामसर, यूपीएचसी न. 4, बीछवाल व तिलकनगर पर कोवैक्सीन भी उपलब्ध रहेगी। सभी वर्गों को पहली डोज देने के साथ-साथ जिन्हें पहली डोज लगे 28 दिन हो चुके हैं उन्हें दूसरी डोज देने की व्यवस्था साथ ही साथ रहेगी। मंगलवार से समाज कल्याण विभाग व कृषि विभाग के फ्रंटलाइनर्स को भी दूसरी डोज शुरू हो जाएगी। 


कोवेक्सीन के लिए अब कंसेंट फार्म की जरूरत नहीं
आईसीएमआर के रिसर्च पर आधारित स्वदेशी कोवैक्सीन के लिए अब लाभार्थी से कंसेंट फॉर्म भरवाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य निदेशालय जयपुर के निदेशक आरसीएच डॉ लक्ष्मण सिंह ओला ने इस बाबत निर्देश जारी किए हैं कि आगे से कोवैक्सीन देने से पहले ना तो कंसेंट फॉर्म भरने की आवश्यकता है नाही एडवर्स इवेंट फार्म की। डॉ कश्यप ने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमिटी की अनुशंसा पर उक्त वैक्सीन के जनहित में आपात उपयोग को क्लीनिकल ट्रायल की तरह करने की आवश्यकता समाप्त कर दी गई है। 
       


Labels: