Thursday, April 13, 2023

संभागीय आयुक्त की नेक पहल, आमजन को इस गर्मी मिलेगी राहत

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर,13 अप्रैल। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के.पवन की पहल पर यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर शहर के सभी बस शेल्टर एवं बस बे'ज पर पीने के पानी की मटकियां रखी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सभी बस शेल्टर पर अगले चार दिनों में पंखे भी लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अन्य किसी भी स्थान पर पीने के पानी की मटकियां रखवाने की आवश्यकता हो तो, आमजन संभागीय आयुक्त कार्यालय को सूचित कर सकते हैं। आवश्यकता के अनुसार उचित प्रबंध करवाया जाएगा।

Labels: ,

Friday, January 13, 2023

साकार हुई देश की बहुरंगी संस्कृति, सजे-धजे ऊंटों के साथ थिरके देशी-विदेशी ‘पावणे’

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर कार्निवल के साथ हुई 29वें अंतराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की शुरूआत

साकार हुई देश की बहुरंगी संस्कृति, सजे-धजे ऊंटों के साथ थिरके देशी-विदेशी ‘पावणे’

बीकानेर, 13 जनवरी। बीकानेर कार्निवल के साथ शुक्रवार को 29वां अंतराष्ट्रीय ऊंट उत्सव प्रारम्भ हुआ। कार्निवल की शुरूआत लक्ष्मी निवास पैलेस से हुई। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन और जिला कलक्टर ने रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाकर और झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। जिला कलक्टर ने उत्सव की शुरूआत की घोषणा की। कार्निवल की शुरूआत मश्क वादन से हुई। इस दौरान पारम्परिक वेशभूषा में सजे-घजे रोबीलों ने राजस्थान की बहुरंगी संस्कृति को साकार किया। बीएसएफ के ऊंटों का दस्ता विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। इसका नेतृत्व सीआई संजू ने किया। इस दौरान एक हजार मीटर लम्बे साफे का प्रदर्शन किया गया। कार्निवल में टेबूलो थीम के साथ फेस्टिवल के मस्कट ‘फेलिक्स’ ने दर्शकों की वाहवाही लूटी। इस दल में विंटेज कारें और रॉयल इनफील्ड बाइक्स को भी सम्मिलित किया गया। इन पर पारम्परिक वेशभूषा में सज-धज बैठे विदेशी पर्यटकों ने सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। सेठ तोलाराम बाफना स्कूल के विद्यार्थियों ने डोरेमोन, छोटा भीम, नोबिता जैसे कार्टून पात्रों का रूप धर बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। इस कार्निवल में कच्छी घोड़ी नृत्य और मयूर नृत्य की प्रस्तुतियां भी शामिल रहीं। बहरूपियों ने विभिन्न देवताओं, चार्ली चेपलिन, मोटू-पतलू, रावण आदि का रूप धरा। चूरू के श्याम मित्र मंडल ने चंग की थाप के साथ लोकगीतों की सुमधुर स्वरलहरियां बिखेरी। सहरिया जनजाति के नृत्य को भी आमजन ने बेहद पसंद किया। इस दौरान पंजाब का भांगड़ा-गिद्दा, जम्मू का रउफ, गुजरात का राठवा, हरियाणा का घूमर फोग, पुरूलिया का छउ तथा महाराष्ट्र का सौंगी मुखौटा नृत्य के कलाकारों ने देश की विविध संस्कृतियों का प्रदर्शन करते हुए विविधता में एकता का संदेश दिया। कॉर्निवल में राजस्थानी वेशभूषा में सजी महारानी सुदर्शन कॉलेज की छात्राएं, ऊंट सवार रोबीले तथा ऊंट गाडों पर राजस्थानी लोक जीवन का दृश्य देखकर आमजन ने राजस्थान की ग्रामीण संस्कृति को जाना। जम्मू कश्मीर के कलाकारों ने रेगिस्तान के जहाज पर सवार होकर लोक गीत प्रस्तुत किए। डांडिया गैर, रासलीला और महिषासुर मर्दन की झांकी भी कार्निवल में शामिल रही। बच्चों ने समोसा, भुजिया और ओजार का रूप धारण कर आमजन को आकर्षित किया। कार्निवल के साथ मस्ती में झूमते बच्चों ने आमजन को भी थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। कार्निवल यहां से रवाना होकर तीर्थंभ सर्किल, नगर निगम के आगे से जूनागढ़ होते हुए पब्लिक पार्क पहुंची। शहरवासियों ने पलक पावडे़ बिछाकर इसका अभिनंदन किया। युवाओं ने इन यादगार क्षणों को अपने मोबाइल में कैद किया, वहीं कलाकारों के साथ सेल्फी लेने में भी आमजन मशगूल दिखे। ऊंट के ठुमक-ठुमक नृत्य को देखकर आमजन ने दांतों तले अंगुली दबा ली। एक ऊंट ने संभागीय आयुक्त के गले में फूलों की माला पहनाई तो वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर इसका अभिनंदन किया। इस दौरान बीएसएफ के डीआईजी पुष्पेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के., एडीएम प्रशासन ओमप्रकाश, एडीएम सिटी पंकज शर्मा सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

शनिवार को एनआरसीसी और करणी सिंह स्टेडियम में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

ऊंट उत्सव के दूसरे दिन प्रातः 10 से दोपहर 3 बजे तक राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र में ऊंट नृत्य, ऊंट फर कटिंग, ऊंट सज्जा और ऊंट दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं दोपहर 4 से सात बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में मिस मरवण, मिस्टर बीकाणा प्रतियोगिता के साथ बीकानेर फैशन शो का आयोजन होगा। सायं 7 बजे से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में फोक नाइट आयोजित होगी। इसमें राजस्थानी लोक कलाकारों सहित विभिन्न प्रदेशों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


शहरी क्षेत्र में ऊंट उत्सव की रही धूम

दम्मानी चौक में हुई वीर रस प्रधान अमर सिंह राठौड़ की रम्मत, मोहता चौक में पढ़ा पंचांग

शहर के ऐतिहासिक छतरी के पाटे वाले दम्मानी चौक में वीर रस प्रधान अमर सिंह राठौड़ की रम्मत हुई, तो मोहता चौक में पंचांग पढ़ने की पुरातन परम्परा का निर्वहन हुआ। हर्षोंं के चौक में  होली के अवसर पर खेले जाने वाले डोलची खेल को बड़ी स्क्रीन पर देखकर हर किसी ने बीकानेर की सांस्कृतिक विरासत को समझने का प्रयास किया। अवसर था बीकानेर बाई नाइट का। अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव के पहले दिन शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में पहली बार यह आयोजन हुआ। इस अवसर पर पूरे रूट को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन तथा जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल का दम्मानी चौक पहुंचने पर वेद मंत्रों के साथ स्वागत किया गया तथा राजस्थानी पगड़ी पहनाकर शहरवासियों ने उनकी अगवानी की। यहां वीर रस प्रधान अमर सिंह राठौड़ की रम्मत का मंचन हुआ। संभागीय आयुक्त ने बीकानेर की संस्कृति को अलहदा बताया तथा कहा कि यहां की जीवंतता पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। जिला कलेक्टर ने कहा कि बीकानेर शहर के लोग उत्सव धर्मी हैं। ऊंट उत्सव के दौरान यहां होने वाले कार्यक्रमों से शहरी परकोटे के अलावा देशी और विदेशी पर्यटकों को यहां की संस्कृति को जानने के अवसर मिलेंगे। बाय नाइट प्रभारी और पर्यटन विकास समिति के सदस्य गोपाल बिस्सा ने बताया कि हर्षों के चौक में बीकानेर का परम्परागत डोलची खेल बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। मोहता चौक में देशी-विदेशी पर्यटकों ने यहां की रबड़ी का स्वाद चखा। वहीं परम्परागत हस्त लिखित पंचांग का वाचन किया गया। यहां की हवेलियों की कारीगरी देखकर देशी विदेशी सैलानी अभिभूत हुए। आसाणियों के चौके में वेद पाठशाला के विद्यार्थियों ने वेद मंत्र प्रस्तुत किए। स्थानीय कलाकारों द्वारा हवेली संगीत की प्रस्तुति दी गई। ढढ्ढों के चौक में गणगौर घूमर नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं कोचरों के चौक में संगीत संध्या हुई। यहां फूड जोन बनाया गया। जहां बीकानेरी भुजिया, जलेबी और घेवर बनाया जाएगा तथा आमजन इनका स्वाद चखा। इस दौरान महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव डॉ. बिठ्ठल बिस्सा, राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कोषाध्यक्ष राजेंद्र जोशी, समाजसेवी रूप किशोर व्यास सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम जन मौजूद रहे।



Labels: , ,

Wednesday, December 21, 2022

हैप्पीनेस इंडेक्स बढ़ाने के लिए नवाचार करें नगरीय निकाय -राज्य वित्त आयोग, अनुपस्थित अधिशासी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस

बीकानेर बुलेटिन




संभाग के शहरी स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के साथ संवाद आयोजित

बीकानेर, 21 दिसंबर। छठे राज्य वित्त आयोग के सदस्यों ने बुधवार को संभाग के विभिन्न जिलों के शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर शहरों के ढांचागत व सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा की।

संभागीय आयुक्त कार्यालय की ओर से पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय आडिटोरियम में आयोजित बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग के सदस्य डॉ लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि यदि निकाय बाध्यकारी कर वसूल नहीं करेंगे तो संबंधित निकाय का अनुदान रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय अपने नियमित कार्यों के साथ- साथ आमजन का हैप्पीनैस इंडेक्स बढ़ाने के लिए नवाचार भी करें। नवाचार और अनुकरणीय कार्य करने वाले शहरी स्थानीय निकाय को 10 प्रतिशत इनसेंटिव देने की सिफारिश पर आयोग द्वारा गंभीरता से विचार किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि निकाय कर के माध्यम से आय बढ़ाने की दिशा में कार्य करें।  केवल अनुदान पर निर्भर ना रहें।मितव्ययता अपनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कार्य की नियमित मानिटरिग हों। सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट से आय सृजन के लिए कार्मिकों को पुणे, सूरत भेजकर प्रशिक्षण दिलवाएं और इस दिशा में काम शुरू करें।

आयोग सदस्य डॉ अशोक लाहोटी ने कहा कि निकायों में जनप्रतिनिधिगण और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल करते हुए उपलब्ध संसाधनों का कुशलतम उपयोग कर शहर की जनता को राहत दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि विज्ञापन, फायर एन ऐसी, यूटी टैक्स सहित कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां से निकाय आय जुटा सकते हैं। 

डा लाहोटी ने कहा कि नगरीय निकाय यूटी टैक्स कलेक्शन करें और इसे प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष ध्यान दें। नगरपालिका अपने शहर के विकास के लिए नियम बनाने का प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भिजवा सकती हैं। आज भी प्रदेश के निकायों में सीवरेज के पानी से , वेस्ट से आय नहीं हो रही , यह बहुत नकारात्मक पक्ष  है।   नगरीय निकायों में प्रोपर्टी सर्वे हो, ताकि टैक्स कलेक्शन हो सके।
आयोग सचिव एस सी देराश्री ने आयोग के वित्तीय पक्ष पर  बात रखी। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय इनसेंटिव प्राप्त करने हेतु उचित प्रस्ताव समय पर भिजवाएं।

सदस्यों ने ली वन टू वन रिपोर्ट
 
बैठक में निकायों को साफ़ सफाई, सीवरेज, युवा विकास सहित राज्य व केंद्र की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ देने के लिए किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

आयोग सदस्यों द्वारा मूलभूत ढांचा विकास, फ्लैगशिप योजनाओं पर कार्य, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट, घर घर कचरा संग्रहण आदि बिन्दुओं पर वन टू वन रिपोर्ट ली गई। 

संभागीय आयुक्त डॉ नीरज के पवन ने कहा कि
निकायों को रेगुलेशन व मानिटरिग के स्तर पर सही तरीके से काम करने की जरूरत है। निकायों में प्रशासनिक अमले में स्थायित्व की आवश्यकता है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से ही शहर का विकास संभव है।

निकायों में सिस्टेमेटिक बदलाव लाने की जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय अवैध कब्जे और अतिक्रमण हटवाने पर सबसे ज्यादा ध्यान दें तथा विज्ञापन के जरिए आमदनी बढ़ाएं।

बीकानेर नगर निगम महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने वित्तीय अनियमितताएं सुलझाने के लिए एक मैकेनिज्म की आवश्यकता जताई तथा बीकानेर नगर निगम की विभिन्न गतिविधियों व नवाचारों की भी जानकारी दी। 
बैठक में  अध्यक्ष देशनोक नगरपालिका ओमप्रकाश मूंदड़ा, रावतसर नगरपालिका से श्यामसुंदर मेघवाल , सूरतगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष, सुजानगढ़ से नीलोफर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवाचार व अन्य सुझाव दिए।

बैठक में अनुपस्थित अधिशासी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस

आयोग सदस्यों ने बैठक में उपस्थित नहीं होने वाले नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी  को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सदस्यों ने कहा कि ज़वाब संतोषजनक नहीं तो जिला कलक्टर कार्यवाही प्रस्तावित करें ।

 इससे पहले शहरी स्थानीय निकाय के ढांचे पर विस्तार से बात करते हुए आयोग के संयुक्त सचिव  राजेश गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि लोकतंत्र में स्थानीय स्वशासन सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि इन्हीं के द्वारा आमजन के मुद्दों को सबसे प्रभावी ढंग से संबोधित किया जा सकता  हैं। इसी क्रम में  शहरी स्थानीय निकाय को संवैधानिक दर्जा दिया गया। राज्य वित्त आयोग का गठन इन संस्थानों को मजबूत बनाने के लिए किया गया। राज्य में छठा राज्य वित्त आयोग इन संस्थानों को मजबूत बनाने के लिए शीघ्र सिफारिश प्रस्तुत करेगा।
बैठक में जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने निकायों को दिए जाने वाले अनुदान में शहर की आबादी में बढ़ोतरी को आनुपातिक रूप से जोड़ने, प्रकाश व्यवस्था, सेनीटेशन आदि पर अधिक फोकस करने के साथ प्राइमरी शिक्षा व स्वास्थ्य को शामिल करने तथा अधिक आय पर अधिक इनसेंटिव मिलने के सुझाव दिए।

हनुमानगढ़ जिला कलक्टर  रुकमणी रियार ने निकायों में कार्मिक बढ़ाने, अच्छे फर्म को टेंडर में शामिल करने, श्रीगंगानगर जिला कलक्टर सौरभ स्वामी ने सेनीटेशन, सेग्रीगेशन के माध्यम से आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने  की आवश्यकता बताई। चुरु कलक्टर सिद्धार्थ सियाग ने कहा कि निकाय यदि बेहतर काम करेंगे तो लोगों की कर देने में रुचि बढ़ेगी।  इस अवसर पर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ए एच गौरी, आयुक्त नगर निगम बीकानेर अरुण प्रकाश शर्मा, सहित संभाग की विभिन्न जिला परिषद, नगरपालिकाओं के  सभापति  व अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

Labels: ,

महिला मंडल के पास अतिक्रमण हटाने को लेकर तनाव, संभागीय आयुक्त नीरज के पवन और अन्य अधिकारी पहुंचे मौक़े पर

बीकानेर बुलेटिन



बीकानेर। शहर में संभागीय आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण तोडऩे की चल रही कार्यवाही के दौरान आज हंगामा हो गया। नगर निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता जैसे ही महिला मंडल स्कूल के सामने अवैध कब्जे तोडऩे पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने कार्यवाही का विरोध शुरू कर दिया। मामला बिगड़ता देख पुलिस को बुलाना पड़ा। मौके पर सदर थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह मय जाब्ता पहुंचे और लोगों को समझाईश का प्रयास किया। किन्तु स्थानीय लोग मानने को तैयार नहीं हुए। हालात बिगड़ता देख संभागीय आयुक्त नीरज के पवन सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विरोध करने वालों से बातचीत करनी चाही लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। ऐसे में संभागीय आयुक्त ने पांच मौजिज लोगों को ऑफिस में वार्ता के लिये बुलाया। हालांकि विरोध के चलते एक बारगी अतिक्रमण तोडऩे की कार्यवाही रोक दी गई। बताया जा रहा है कि यह महिला मंडल संस्था की पट्टेशुदा जमीन है।

Labels: ,

Sunday, July 10, 2022

सुजानदेसर गोचर क्षेत्र में विकसित होगा ‘सिटी फोरेस्ट’, पहले चरण में चार बीघा में पौधारोपण शुरू,आमजन लगांएगे पौधे, करेंगे देखभाल, शहर को हरा-भरा बनाने में रहेगी भागीदारी

बीकानेर बुलेटिन




जिला कलक्टर ने की ‘एडॉप्ट ए ट्री-मेक ऑवर सिटी ग्रीन’ अभियान की शुरूआत

आमजन लगांएगे पौधे, करेंगे देखभाल, शहर को हरा-भरा बनाने में रहेगी भागीदारी

बीकानेर, 10 जुलाई। सुजानदेसर गोचर की 6200 बीघा भूमि को चरणबद्ध तरीके से सिटी फोरेस्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में रविवार को चार बीघा क्षेत्र में सघन पौधारोपण कार्यक्रम की शुरूआत जिला कलक्टर और नगर विकास न्यास अध्यक्ष भगवती प्रसाद कलाल ने की। उन्होंने 'एडॉप्ट ए ट्री-मेक ऑवर सिटी ग्रीन' अभियान की शुरूआत भी की।

जिला कलक्टर ने बताया कि सुजानदेसर की गोचर भूमि शहर के नजदीक है। यह क्षेत्र हरा-भरा हो, संरक्षित रहे और सघन वन क्षेत्र विकास में आमजन की भावनात्मक भागीदारी हो, इसके लिए ‘एडॉप्ट ए ट्री’ कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। इसके तहत पौधारोपण के इच्छुक शहरवासी को पौधा तथा इस पर लगने वाली एडोप्टर की पट्टिका नगर विकास न्यास द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। पौधा लगाने के बाद भविष्य में इसके संरक्षण की संबंधित एडोप्टर की होगी। उन्होंने कहा कि शहरवासी अपने अथवा अपने परिजन के जन्म दिन, विवाह की वर्षगांठ अथवा ऐसे किसी अन्य महत्वपूर्ण दिवस पर यहां पौधारोपण करें तथा इस दिन को यादगार बनाने के साथ, शहर को हरा-भरा बनाने में भागीदार बनें।

लाखों लीटर पानी का होगा सदुपयोग
जिला कलक्टर ने बताया कि सुजानदेसर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन लाखों लीटर पानी का शोधन होता है तथा शोधन पश्चात इसे गोचर भूमि में ऐसे ही छोड़ दिया जाता है, जिससे इसका कोई उपयोग नहीं हो पाता। पौधारोपण से इस पानी का सदुपयोग हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए सिटी फोरेस्ट में विभिन्न स्थानों पर पानी की डिग्गियां बनाई जाएंगी तथा पम्प के माध्यम से पौधों तक पानी पहुंचाया जाएगा। पहले चरण में चार बीघा क्षेत्र को तारबंदी से सुरक्षित किया जाएगा। पौधे लगाने के इच्छुक शहरवासी नगर विकास न्यास को ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे। शीघ्र ही इसकी व्यवस्था की जाएगी। यहां स्थानीय महत्व के पौधों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। 

इस दौरान नगर विकास न्यास सचिव नरेन्द्र पुरोहित, अधीक्षण अभियंता राजीव गुप्ता, तहसीलदार कालूराम पड़िहार, भागीरथ नंदिनी संस्था के अध्यक्ष मिलन गहलोत, नरेश चुग, बंशी कच्छावा, मूलचंद सामसुखा, दुलीचंद गहलोत, बंशी लाल तंवर, उम्मेद सिंह राठौड़, अशोक कुमार सैन, तुलसीराम गहलोत सहित न्यास के कार्मिक मौजूद रहे।

Labels: , ,

Friday, July 8, 2022

बाल श्रम के विरुद्ध की औचक कार्यवाही, कोटगेट थाने में एफआईआर दर्ज

बीकानेर बुलेटिन




बीकानेर, 8 जुलाई। जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल के निर्देशानुसार बाल श्रम उन्मूलन के लिए गठित जिला स्तरीय टीम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण करते हुए एक नाबालिग बच्चे को बाल श्रम मुक्त करवाया। 

दल प्रभारी तथा रीपा अतिरिक्त निदेशक अरुण प्रकाश शर्मा ने बताया कि किशोर न्याय बोर्ड सदस्य किरण गौड के साथ भेरुजी मंदिर के पास सोनू फुटवियर पर औचक कार्यवाही की गई। मालिक द्वारा बच्चे को भगाए जाने पर कोटगेट थाने धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई। इसी प्रकार लाभूजी कटला स्थित गोपाल टेक्सटाइल्स में नाबालिग बच्चा कार्य करता पाया गया। बच्चे का रेस्क्यू करके बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया और गोपाल टेक्सटाइल्स के मालिक के खिलाफ कोटगेट थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई। औचक निरीक्षण के दौरान श्रम निरीक्षक आदित्य भार्गव, कोटगेट थाने से बाल कल्याण अधिकारी कमला एवं चाइल्ड लाइन से ललिता सांखला मौजूद रहे। शर्मा ने बताया बाल श्रम उन्मूलन के लिए यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Labels: , ,

Thursday, July 7, 2022

जिला कलेक्टर ने गोलरी में मॉडल आंगनबाड़ी निर्माण कार्य और खिलौना बैंक का किया शुभारंभ

बीकानेर बुलेटिन



श्रीकोलायत के आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगे हजारों खिलौने

बीकानेर, 7 जुलाई। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने गुरुवार को गोलरी में माॅडल आंगनबाड़ी कार्य का शुभारम्भ और खिलौना बैंक का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले के 500 से अधिक आंगनबाड़ी केन्द्रों को माॅडल केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें दीवारों पर आकर्षक ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदर्शित करने के साथ यहां खिलौना बैंक स्थापित किया जा रहा है। भामाशाहों के सहयोग से एलईडी भी उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही यहां पानी, बिजली सहित सभी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी 200 आंगनबाड़ी केन्द्रों को माॅडल केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें 20 से अधिक स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है। इन केन्द्रों पर पोषण वाटिकाएं स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यहां प्राप्त खिलौने श्रीकोलायत के सभी केंद्रों पर भेजे जाएंगे। 
जिला कलक्टर ने इन केन्द्रों के विकास के लिए भामाशाहों से आगे आने का आह्वान किया और विकास में भागीदारी निभाने वाले भामाशाहों का सम्मान भी किया। इस दौरान उन्होंने गांव की बेटी के जन्म दिन पर केक कटवाया और गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म करवाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा लक्षित वर्ग को समस्त सुविधाएं प्रभावी तरीके से मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। बच्चियों एवम महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए। 

महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक शारदा चौधरी ने बताया कि झंवरलाल सेठिया द्वारा केन्द्र के लिए एलइडी टीवी उपलब्ध करवाई गई है। वहीं भामाशाह पीके गुप्ता, सुंदरलाल काटिया और चानी सरपंच मोहनी देवी ने खिलौना बैंक के लिए आर्थिक सहयोग दिया। 

विकास अधिकारी दिनेश सिंह भाटी ने बताया कि श्रीकोलायत के 99 केंद्रों को मॉडल केंद्र बनाया जा रहा है। इनमें 30 पंचायत समिति और 69 केंद्रों के कार्य संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा करवाए जाएंगे। गोलरी केंद्र में पेंटिंग कार्य पंचायत समिति द्वारा और यहां शौचालय और टांका निर्माण ग्राम पंचायत द्वारा किया गया है। उपखण्ड अधिकारी प्रदीप चाहर ने आभार जताया। इस दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Labels: , ,

Wednesday, July 6, 2022

वाहन चालकों के लिए खारा टोल नाके पर नेत्र जांच शिविर आयोजित, जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

बीकानेर बुलेटिन


बीकानेर, 6 जुलाई। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों तथा अन्य सड़कों पर होने वाले सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए किए जाने वाले कार्यों की श्रृंखला में बुधवार को खारा टोल नाके पर वाहन चालकों के लिए नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 100 चालकों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 4 की आई साइट्स ठीक नहीं मिली। इन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि रोड ऐक्सिडेंट पर प्रभावी अंकुश के लिए सभी संबंधित विभागों को विभिन्न कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी श्रृंखला में यह शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने टोल नाके पर बने मेडिकल एड  कक्ष का निरीक्षण किया तथा यहां नॉर्म्स के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रादेशिक परिवहन अधिकारी नेमी चंद पारीक, अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जुगल किशोर माथुर, पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह, यातायात निरीक्षक प्रदीप चरण, निरीक्षक सुनील कुमार सहित एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, एनएच के अधिकारी और एएसजी अस्पताल के चिकित्सक मौजूद रहे।
रोड सेफ्टी ऑडिट पूर्ण
रोड सेफ्टी एक्ट के तहत लूणकरणसर मार्ग की ऑडिट करवाई गई। इस दौरान आई रेड कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके साथ ही जिले के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों का रोड सेफ्टी ऑडिट कार्य पूर्ण हो चुका है। इस दौरान प्राप्त सुझावों का क्रियान्वयन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी तरीके से किया जाएगा। इस दौरान 20 ओवरलोडेड, 3 गलत पार्किंग, 7 बिना नंबर और 1 निर्धारित गति से अधिक तेज चलता वाहन पाया गया। जिनके खिलाफ चालान किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा टोल नाकों पर वाहन चालकों के स्वास्थ्य जांच के लिए दो चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है।

Labels: , ,

संभागीय आयुक्त से मिले न्यायिक एवं विधि परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी

बीकानेर बुलेटिन


बीकानेर, 6 जुलाई। निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से आरजेएस, एपीओ और जेएलओ की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों ने बुधवार को संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन से मुलाकात की।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने बताया कि इन विद्यार्थियों को 24 फरवरी से ज्ञान विधि पीजी महाविद्यालय में आयोजित कोचिंग में न्यायिक एवं विधि से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही है। इसका उद्देश्य है कि विद्यार्थी, इन सेवाओं में सफल हों तथा बीकानेर का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि न्यायिक एवं विधि सेवाओं में बीकानेर का भरपूर प्रतिनिधित्व रहा है। युवा इस परम्परा को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं के निःशुल्क कोचिंग का यह प्रयास मील का पत्थर साबित होगा। संभागीय आयुक्त ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए टिप्स साझा किए तथा कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कानून की जानकारी के साथ अधिकारों एवं दायित्वों का बोध भी होना चाहिए।
संभागीय आयुक्त ने बताया कि बीकानेर की तर्ज पर पूरे प्रदेश में ऐसी निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए कोचिंग व्यवस्था के नोडल अधिकारी एड. धनराज सोनी द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया। जिला कलक्टर के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव स्तर पर यह कार्यवाही विचाराधीन है। 
इस अवसर पर ज्ञान विधि पीजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. एल. बिश्नोई और डॉ. योगेश पुरोहित ने सफलता के लिए कठोर परिश्रम के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान अधिवक्ता आर के सुथार, उमाशंकर, राजेंद्र सिंह चारण, निकिता सोनी, लक्ष्मी बिश्नोई, विद्या भाटी, रहमान खां, जयवंति शर्मा, सुरेंद्र कुमार, राजकिशोर राजपुरोहित आदि मौजूद रहे।

Labels: , ,

बाल विकास एवं संरक्षण विकास समिति की बैठक आयोजित

बीकानेर बुलेटिन


व्यक्तित्व विकास एवं कॅरियर निर्माण के प्रति बालिकाओं को करें जागरुक
बीकानेर, 6 जुलाई। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल की अध्यक्षता में बुधवार को बाल विकास एवं संरक्षण समिति की बैठक नारी निकेतन में आयोजित हुई।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि बालिका गृह की आवासित बालिकाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ इन्हें व्यक्तित्व विकास और कॅरियर निर्माण के प्रति जागरुक किया जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि बालिकाएं नियमित योगाभ्यास के साथ व्यायाम की आदत विकसित करें, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें और जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव का सामना करने का हौसला भी आए।
जिला कलक्टर ने बताया कि बालिका गृह में वर्तमान में शतरंज प्रशिक्षण चल रहा है। बालिकाओं की रुचि के अनुसार इन्हें बास्केटबॉल, पेंटिंग, नृत्य एवं संगीत जैसी विधाएं सीखाएं, जिससे इन बालिकाओं को कॅरियर चुनने में मदद मिले। उन्होंने बालिकाओं को गुड टच बैड टच की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। साथ ही बालिकाओं को समय-समय पर भ्रमण करवाने के लिए भी कहा।
जिला कलक्टर ने कहा कि बालिकाओं को गणित और विज्ञान जैसे कठिन विषयों में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए सरकारी शिक्षकों को जोड़ने के प्रयास हों। स्वेच्छा से सेवाएं देने वाले शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान जिला कलक्टर ने बालिकाओं से बातचीत की और उनकी रुचि के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि बालिकाएं अपने शौक को कॅरियर के रूप में अपनाएं। मजबूत इरादों के साथ लक्ष्य प्राप्ति में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में नारी निकेतन अधीक्षक शारदा चौधरी, बाल अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक कविता स्वामी, समिति सदस्य एवं नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, लक्ष्मण राघव, डॉ. दीपाली धवन आदि मौजूद रहे।

Labels: , ,

Tuesday, October 12, 2021

घर-घर सर्वे, फोगिंग और एंटी लार्वल गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा

बीकानेर बुलेटिन




जिला कलक्टर मेहता ने की डेंगू की स्थिति की समीक्षा

बीकानेर, 12 अक्टूबर। डेंगू से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एन्टी लार्वल गतिविधियों तथा फोगिंग का दायरा बढाया जाएगा। जिले के तीनों नगरीय निकायों तथा सभी ग्राम पंचायतों में जागरूकता की गतिविधियां संचालित होंगी। पीबीएम प्रशासन द्वारा डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों के लिए नया वार्ड प्रारम्भ किया जाएगा।

जिला कलक्टर नमित मेहता ने मंगलवार को जिले में डेंगू की स्थिति की समीक्षा के लिए कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में एंटी लार्वा एक्टिविटी, कीटाणु नाशक स्प्रे छिड़काव व फोगिंग की गति बढ़ाई जाए तथा आमजन को भी घरों में विशेष सतर्कता रखने के लिए जागरूक किया जाए। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में फोगिंग सुनिश्चित करने के लिए  नगर निगम द्वारा 2 फोगिंग मशीनें, अस्थाई रूप से कार्मिकों के साथ स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द की जाएगी तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा फोगिंग का कार्यक्रम निर्धारित करते हुए, इसके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। विभाग को इसकी दैनिक रिपोर्ट भी उपलब्ध करवानी होगी। उन्होंने कहा कि निगम और नगरीय निकाय यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी क्षेत्र में पानी रुका हुआ नहीं रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू से बचाव से सम्बंधित पेम्पलेट्स घर-घर वितरित करवाए जाएं। यह कार्य सीएचए के माध्यम से डोर टू डोर सर्वे द्वारा करवाया जाए। इस दौरान सीएचए आमजन को एंटी लार्वल गतिविधियों के बारे में भी जागरूक करें। उन्होंने पीबीएम और जिला अस्पताल में जांच, दवाइयों और  प्लेटलेट्स की उपलब्धता जानी और कहा कि पीबीएम द्वारा डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के इलाज के लिए नया वार्ड प्रारम्भ किया जाए। इसमें आवश्यक स्टाफ नियुक्त करते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखें, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में सहयोग के लिए सीएमएचओ द्वारा दस कार्मिक अस्थाई रूप से इस वार्ड में तैनात किए जाएंगे। 

बैठक में उपनिदेशक (स्थानीय निकाय) ए एच गौरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश, निगम उपायुक्त सुमन शर्मा, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ परमिंदर सिरोही, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ओ पी चाहर, डॉ संजय कोचर, राजस्व अधिकारी जगमोहन हर्ष, जिला महामारी विशेषज्ञ नीलम प्रताप सिंह मौजूद रहे। 

आमजन घरों में करें एंटी लार्वल गतिविधियाँ 
मिशन अगेंस्ट डेंगू को और गति देने के लिए आम जन को इस मुहीम से जुड़ते हुए एंटी लार्वा गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार मच्छरों की रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका होता है एंटीलार्वल एक्टिविटी, जिसके तहत मच्छरों को पनपने से ही रोक दिया जाता है। डेंगू व चिकनगुनिया फैलाने वाली मादा एडीज एजिप्टी मच्छर साफ़ पानी में अंडे देती है। अण्डों से लार्वा, फिर प्यूपा बनते हैं और 7 दिन  में वयस्क मच्छर बन जाता है। खुले व ठहरे हुए पानी के ऐसे जल स्रोतों को सप्ताह में एक बार अच्छे से साफ़ कर दिया जाए ताकि लार्वा से मच्छर बनने ना पाए। पानी की मटकी, चरी, टंकी एवं अन्य बर्तनों को ढक कर रखा जाये, जिससे मच्छर उनमें प्रवेश कर प्रजनन न कर सकें। पानी की मटकी व पक्षियों के लिए रखे जाने वाले परिंडों को सप्ताह में एक बार खाली कर उन्हें बर्तन साफ करने वाले झामे से रगड़ कर, साफ कर व सुखाकर मच्छर के अण्डे एवं लार्वा नष्ट कर पुनः भरा जाये। कूलर, फ्रीज के पीछे की ट्रे, गमले, फूलदान इत्यादि हेतु भी यही प्रक्रिया अपनानी जानी चाहिए। इसके साथ ही छत पर रखे टूटे-फूटे सामान, कबाड़-टायर इत्यादि को हटाकर पानी इक्कठा होने से रोका जाये।

Labels: , ,

Friday, June 11, 2021

एज्योर पावर ने भेंट की 30 बाईपैप मशीनें

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 11 जून। एज्योर पावर द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत पीबीएम अस्पताल के लिए 30 बाईपैप मशीनें शुक्रवार को जिला कलक्टर नमित मेहता को भेंट की गई।

इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि कोविड संक्रमण के दौर में विभिन्न कारपोरेट सेक्टर्स द्वारा मानव हित में भरपूर सहयोग दिया गया, जो कि सराहनीय है। सरकार और प्रशासन द्वारा इस दिशा में बेहतर प्रबन्धन किया गया। इसमें भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा कॉरपोरेट सेक्टर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। इससे महामारी जैसे संकट में मरीजों के त्वरित इलाज में सहयोग मिला है। 

एज्योर पावर के सिक्योरिटी हेड कर्नल मोहन सिंह ने कहा कि एज्योर पॉवर जनहित के कार्यों में सदैव तत्पर रही है। आगे भी इसके सतत प्रयास किए जाएंगे।

नगर निगम आयुक्त एएच गौरी ने कहा कि एज्योर पॉवर की यह पहल दूसरों के लिए प्रेरणादाई रहेगी। 

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, एसपी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ मुकेश आर्य, जागरुकता अभियान समन्वयक राजेंद्र जोशी, एज्योर पावर के प्रोजेक्ट इंचार्ज अमरेश श्रीवास्तव तथा एडमिन मैनेजर बनेश शर्मा मौजूद रहे।

Labels: ,

Monday, May 31, 2021

तीसरी लहर के मद्देनजर छोटे बच्चों के लिए एमसीएच विंग में तैयार होंगे पीकू और नीकू वार्ड

बीकानेर बुलेटिन




जिला कलक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा

बीकानेर, 31 मई। जिला कलक्टर नमित मेहता ने कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर छोटे बच्चों के लिए कोविड अस्पताल में की जाने वाली पूर्व तैयारियों की सोमवार को समीक्षा की।

एमसीएच विंग के वार रूम में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना की तीसरी लहर के दौरान छोटे बच्चे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। इसके मद्देनजर पीबीएम प्रशासन द्वारा छोटे बच्चों के इलाज से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 10 जून तक कर ली जाएं।

 उन्होंने बताया कि एमसीएच विंग में बच्चों के लिए 50 आईसीयू बैड के विशेष वार्ड तैयार किए जाएंगे। इनमें 25-25 बैड के पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू) तथा  नियो नेटल इंटेसिव केयर यूनिट (नीकू) वार्ड होंगे। आवश्यकता पड़ने पर पीकू वार्ड में 15-16 साल तक के बच्चों को एडमिट किया जाएगा। वहीं नीकू वार्ड में नवजात बच्चों को रखा जाएगा।  
जिला कलक्टर ने बताया कि एमसीएच विंग में 50 आईसीयू बैड के अलावा बच्चों के लिए आॅक्सीजन युक्त 100 बैड भी विकसित किए जाएंगे। इन वार्डों के लिए वेंटीलेटर, बाईपेप, पल्स आॅक्सीमीटर, विशेष मास्क सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों तथा आॅक्सीजन सप्लाई से संबंधित चर्चा की गई। उन्होंने पीबीएम अधीक्षक को समूची व्यवस्थाओं की माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डाॅक्टर्स की प्रभावी भूमिका के मद्देनजर जिले में दूसरी लहर पर प्रभावी अंकुश लग पाया है। अब तीसरी संभावित लहर को देखते हुए ‘टीम भावना’ के साथ काम किया जाए।

जिला कलक्टर ने कहा कि पीबीएम अस्पताल में विभिन्न मदों से बनने वाले आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट का निर्माण एक महीने में करवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कोविड अस्पताल में वर्तमान में भर्ती मरीजों तथा उनकी स्थिति के बारे में जाना। इस दौरान नगर निगम आयुक्त एएच गौरी, मेडिकल काॅलेज प्राचार्य डाॅ. मुकेश चंद्र आर्य, पीबीएम अधीक्षक डाॅ. परमिंदर सिरोही, डाॅ. बी. के. गुप्ता, डाॅ. सुरेन्द्र वर्मा, मुकेश बेनीवाल, डाॅ. सोनाली, डाॅ. शंकर जाखड़, डाॅ. जीएस तंवर आदि मोजूद रहे।

Labels: ,

Thursday, May 27, 2021

बीकानेर:रविवार तक पूर्ण करें डोर-टू-डोर सर्वे, मंगलवार से शुरू होगा नया चरण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

बीकानेर बुलेटिन






जिला कलक्टर ने ली बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

बीकानेर, 27 मई। जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि डोर टू डोर सर्वे का वर्तमान चरण रविवार तक पूर्ण कर लिया जाए। सर्वे के दौरान बीएलओ के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहयोगिन भी रहें। मंगलवार से अगले चरण का सर्वे प्रारम्भ किया जाएगा।

जिला कलक्टर ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र की जिन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) क्षेत्रों में सर्वे की गति धीमी है, वहां इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। कम्यूनिटी हैल्थ आॅफिसर्स (सीएचओ) को भी सर्वे से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण के दौरान सर्वे सतत रूप से किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। वर्तमान सर्वे को रविवार तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंगलवार को अगले चरण का सर्वे शुरू कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त दवाइयां रहें। सर्वे के दौरान आवश्यकता के अनुसार इनका तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए। सर्वे के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहयोगिन भी रहे। संबंधित यूपीएचसी प्रभारी द्वारा इसकी माॅनिटरिंग की जाएगी।

जिला कलक्टर ने वेक्सीनेशन की प्रगति जानी तथा कहा कि किसी भी स्थिति में इसका वेस्टेज नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सभी प्रकार की रिर्पोटिंग के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए इसकी सूचना दी जाए। निचले स्तर तक के चिकित्सा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण की योजना बनाई जाए, जिससे कोरोना की संभावित तीसरी लहर के विरूद्ध पुख्ता तैयारी हो। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इसका नियमित रिव्यू करने के निर्देश दिए।

मेहता ने कहा कि 'मेरा गांव-मेरी जिम्मेदारी' अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विभाग द्वारा इसके मद्देनजर कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के पंजीकरण की स्थिति के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि जिले में बनने वाले सभी आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट एक महीने में तैयार हो जाएं, इसके लिए चिकित्सा विभाग के अधिकारी संबंधित एजेंसी से समन्वय रखें। साथ ही विधायक कोष एवं अन्य मदों से चिकित्सकीय व्यवस्था सुदृढ़ीकरण से संबंधित सभी कार्यों को पूर्ण प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, नगर निगम आयुक्त एएच गौरी, प्रशिक्षु आईएएस सिद्धार्थ पलनिचामी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. ओ. पी. चाहर, सूचना एवं प्रौद्योगिकी वभ्ज्ञिाग के संयुक्त निदेशक सत्येन्द्र सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. बीएल मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Labels: ,

जिला कलक्टर ने जानी ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 27 मई । जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण विकास व पंचायतीराज विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मनरेगा के कार्यों को पुनः प्रारंभ करने की अनुमति दी गई है। इसके मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में अनुमत संख्या के आधार पर अधिकतम श्रमिकों का नियोजन हो। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना की जाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ग्रेवल सड़क, खेल मैदान, नाडी आदि कार्यों के प्रस्ताव बनाए जाएं।

जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा कहा कि सभी अनुमोदित कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 31 मई तक सभी परिवारों का पंजीयन करवाया जाए, जिससे इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग के संविदा कार्मिक का परिवार पंजीकरण से वंचित नहीं रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

जिला कलक्टर मेहता ने राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रारंभ किए गए ‘मेरा गांव-मेरी जिम्मेदारी’ अभियान के बारे में बताया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी कोविड प्रबंधन किया जाए। डोर टू डोर सर्वे व स्क्रीनिंग हो तथा होम क्वारेन्टीन मरीजों पर नजर रखी जाए। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए ग्रामीण स्तर पर योजना बनाकर कार्य किया जाए।

इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश ने ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं की प्रगति के बारे में बताया। वीडियो कांफ्रेंसिंग में विकास अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Labels: ,

Tuesday, April 20, 2021

तीनों फर्म प्रतिदिन कर सकेंगी लगभग ढाई हजार ऑक्सीजन सिलेंडर की रीफिलिंग,जिला कलक्टर ने किया अधिग्रहित फर्मों का अवलोकन

बीकानेर बुलेटिन





बीकानेर, 20 अप्रैल। जिला कलक्टर नमित मेहता ने आॅक्सीजन गैस की सुचारू सप्लाई और पर्याप्त उपलब्धता के लिए अधिग्रहित फर्मों का अवलोकन मंगलवार को किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन फर्मों द्वारा आॅक्सीजन रीफिलिंग अनवरत रूप से की जाए, जिससे आॅक्सीजन आपूर्ति को लेकर को लेकर कोई परेशान नहीं हो। पीबीएम अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सहायक औषधि नियंत्रक की देखरेख में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिकता से इसकी आपूर्ति की जाएगी। सक्षम अधिकारियों की अनुमति के बिना सिलैण्डर की सप्लाई नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए आपसी समन्वय रखने के निर्देश दिए।

इन फर्मों का किया अवलोकन

 जिला कलक्टर ने करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित दिलीप गैस एंटरप्राइजेज तथा विश्वकर्मा इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित बीकानेर गैसेज के प्लांट का अवलोकन किया। दिलीप गैस एंटरप्राइजेज की भराव क्षमता एक हजार तथा बीकाणा गैसेज की क्षमता 850 सिलेण्डर प्रतिदिन है। उन्होंने सिलैण्डर की उपलब्धता तथा सिलेण्डर भरने की प्रक्रिया भी देखी। वहीं जिला कलक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त (आबकारी) अजीत सिंह राजावत, सहायक औषधि नियंत्रक सुभाष मुटनेजा ने सैरूणा स्थित बी एस एयर प्रोडक्ट्स का अवलोकन किया। इसकी भराव क्षमता 600 सिलेण्डर प्रतिदिन है। उल्लेखनीय है कि जिला कलक्टर द्वारा सोमवार को आदेश जारी करते हुए तीन संस्थानों का अधिग्रहण किया था।

Labels: ,

Monday, April 19, 2021

बीकानेर:लगातार तीसरे दिन जिला कलक्टर ने किया सिटी राउंड देखे वीडियो..

बीकानेर बुलेटिन






बीकानेर, 19 अप्रैल। जिला कलक्टर नमित मेहता ने सोमवार को लगातार तीसरे दिन कर्फ्यू की पालना की समीक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा व जॉइंट एनफोर्समेंट टीमों के साथ शहर का दौरा किया। जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने कलक्ट्रेट से केईएम रोड, कोटगेट, दाऊजी रोड, सोनगिरी कुआं, जस्सूसर गेट, नत्थूसर गेट, शीतला गेट, मोहता सराय, गंगाशहर, गोगागेट, रेलवे स्टेशन, रानी बजार आदि क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि सभी कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर अपनाएं। उन्होंने एरिया मजिस्ट्रेटों द्वारा दिन भर में कई गई कार्यवाही की समीक्षा की। अधीक्षक प्रीति चंद्रा ने थानाधिकारियों को निर्देश दिए कि गाइडलाइन की पालना न करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाए।

Labels: ,

जन अनुशासन पखवाड़ा, एनफोर्समेंट की प्रभावी कार्यवाही तथा मेडिकल प्रोटोकाॅल की हो पूर्ण अनुपालना-जिला कलक्टर

बीकानेर बुलेटिन





जिला कलक्टर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से दिए निर्देश

बीकानेर, 19 अप्रैल। जन अनुशासन पखवाड़ा के प्रावधानों की जिले भर में शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता ने सोमवार को उपखण्ड स्तर के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की तथा सख्त हिदायत दी कि इस दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए। प्रत्येक व्यक्ति कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर की अनुपालना करे। अवहेलना पर सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए। अनुमत श्रेणी के अलावा कोई भी व्यक्ति सड़कों पर नहीं रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि कोरोना पाॅजिटिव मरीज, होम आइसोलेशन के नियमों की अवहेलना नहीं करें, इसके लिए प्रोपर माॅनिटरिंग हो। प्रत्येक क्षेत्र में पटवारी, ग्राम सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिन तथा अध्यापक आदि को मुस्तैद किया जाए तथा डोर-टू-डोर सर्वे में और गति लाएं। कोई भी व्यक्ति स्क्रीनिंग से वंचित नहीं रहे। उन्होंने चैक पोस्टों को अधिक सतर्क करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों से आने वाले प्रत्येक वाहन का रिकाॅर्ड संधारित किया जाए। प्रत्येक यात्री की स्क्रीनिंग हो तथा जरूरत पड़ने पर जांच के लिए सैंपल भी लिए जाएं।
मेहता ने कहा कि वर्तमान में पूरे जिले में पाबंदियां लागू की गई हैं। इसे ध्यान रखते हुए प्रत्येक क्षेत्र में एनफोर्समेंट की प्रभावी कार्यवाही तथा मेडिकल प्रोटोकाॅल की पालना हो। कोरोना पाॅजिटिव रिपोर्ट होने के बाद मरीज पर नजर रखी जाए। प्रोपर कांटेक्ट ट्रेसिंग हो। कोरोना पाॅजिटिव रिपोर्ट हुए व्यक्ति के परिजन भी बाहर नहीं निकलें, इसकी प्रभावी जांच हो। छोटे कस्बों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार माइक्रो कंटेंटमेंट जोन बनाने तथा इन क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। अनुमत श्रेणी की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में भी कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी प्रतिष्ठान द्वारा इन नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसे पंद्रह दिनों के लिए सीज कर किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा ने कहा कि कोविड गाइडलाइन की किसी भी स्तर पर अवहेलना करने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा एवं चालान हो। बसों में अनुमति से अधिक सवारियां नहीं हों, इसके लिए थानाधिकारियों को निर्देशित किया। पुलिस द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में नियमित गश्त करने तथा शादियों के दौरान 50 से अधिक व्यक्ति पाए जाने पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, अतिरिक्त कलक्टर (शहर) अरुण प्रकाश शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुकुमार कश्यप मौजूद रहे।

Labels: ,

Saturday, April 17, 2021

जिला कलक्टर ने लगातार दूसरे दिन लिया सिटी राउंड,अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश देखे वीडियो...

बीकानेर बुलेटिन




किसी भी स्तर पर ना हो ढिलाई, अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश

पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी रहे साथ

बीकानेर,17 अप्रैल। जिला कलक्टर नमित मेहता ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा तथा वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सिटी राउंड लेकर वीकेंड एवं नाइट कर्फ्यू की पालना का जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्फ्यू के प्रावधानों का किसी भी स्तर पर उल्लंघन नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करें। जीवन रक्षा के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इसमें किसी स्तर पर ढिलाई सहन नहीं होगी।बेवजह सड़कों पर घूमने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। सभी एरिया मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी से रहें और कर्फ्यू के दौरान जीरो मोबिलिटी सुनिश्चित की जाए। इसमें कोई कोताही नहीं हो। 
जिला कलक्टर ने कलक्ट्रेट परिसर से पुराना आरटीओ, दुर्गादास सर्किल, गजनेर रोड पुलिया, भुट्टा चौराहा, सर्वोदय बस्ती, मुक्ता प्रसाद नगर, पूगल रोड तथा करमीसर रोड से होते हुए मुरलीधर व्यास कॉलोनी क्षेत्र में स्थिति का जायजा लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों के अलावा शहरी क्षेत्र में भी नियमित गश्त की जाए। वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर पुलिस को अधिक मुस्तैद रहने की जरूरत है। नियमों की अवहेलना को सख्ती से लिया जाए। 



इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अरुण प्रकाश शर्मा, सीओ सुभाष शर्मा सभी एरिया मजिस्ट्रेट, थानाधिकारी और अन्य अधिकारी साथ रहे।

Labels: ,

होम आइसोलेट मरीजों को समय पर मिले दवाई, डोर-टू-डोर सर्वे में लाएं गति, रेलयात्रियों की हो प्रॉपर स्क्रीनिंग-नमित मेहता

बीकानेर बुलेटिन






जिला कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक, एमसीएच विंग सहित अस्पतालों और क्वारेंटाइन व्यवस्था का लिया जायजा

बीकानेर, 17 अप्रैल। जिला कलक्टर नमित मेहता ने शनिवार को कोविड प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली तथा स्थिति की समीक्षा की। एमसीएच विंग, एमएन हाॅस्पिटल, किसान घर एवं जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं देखी। सभी अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में पाॅजिटिव मरीज पाए जाते हैं, वहां प्रोपरली कांटेक्ट ट्रेसिंग करने को कहा। अब तक के डोर-टू-डोर सर्वे पर नाराजगी जताई और इसमें अधिक गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे टीमों की संख्या बढ़ाई जाए। इनमें अध्यापकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिन को जोड़ा जाए। किसी भी स्थिति में कोई भी घर सर्वे से नहीं छूटे। होम आइसोलेट मरीजों को आवश्यक दवाइयां समय पर मिले। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की मशीनरी को मुस्तैद करने के निर्देश दिए तथा कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। बाहरी राज्यों से आने वाली रेलयात्रियों की प्रोपर स्क्रीनिंग के निर्देश दिए तथा कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और रेलवे पुलिस की मदद ली जाए। जांच की रिपोर्ट में अनावश्यक विलंब नहीं हो। चिकित्सा संस्थानों में वैक्सीनेशन और सैम्पलिंग की अलग-अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आॅक्सीजन की उपलब्धता, आवश्यकता और खपत की समीक्षा की तथा मरीजों की बढ़ती संख्या के अनुसार आवश्यकता का आकलन करने को कहा। उन्होंने कहा कि विवाह समारोहों में कोविड गाइडलाइन की अवहेलना नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी वैवाहिक समारोहों का निरीक्षण किया जाएगा तथा ढिलाई पाए जाने पर सख्त कार्यवाही होगी। उन्होंने जाइंट एनफोर्समेंट टीमों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही की समीक्षा की।

एमसीएच विंग का लिया जायजा

जिला कलक्टर ने पीबीएम अस्पताल के एमसीएच विंग की स्थिति का जायजा लिया। यहां भर्ती मरीज तथा चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जाना। वार रूम, नियंत्रण कक्ष, डे केयर सेंटर, विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। दवाइयों और आॅक्सीजन की उपलब्धता के बारे में जाना। परिसर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यहां के वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इससे समूची स्थिति की निगरानी रखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि एमसीएच विंग में कोविड प्रोटोकाॅल की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाए। प्रवेश द्वार पर पूर्ण सख्ती बरतें तथा कोई भी बेवजह यहां प्रवेश नहीं करे। वार्डों में कार्यरत चिकित्सक, नर्सिंग कर्मी तथा सफाई कर्मी भी कोविड प्रोटोकॉल की पालना करें।

जिला अस्पताल में कोविड डेडिकेटेड वार्ड हो शुरू

मेहता ने एमएन हाॅस्पिटल में कोविड डेडिकेडेट वार्ड का अवलोकन किया तथा यहां की व्यवस्थाएं देखी। कोविड संबंधी सभी कार्यों के लिए अलग एंट्री-एक्जिट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के किसान घर का जायजा लिया तथा बैड एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आवश्यकता के अनुसार आॅक्सीजन सिलेण्डर की व्यवस्था को कहा। जिला अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए अलग से वार्ड तथा सभी व्यवस्थाएं शनिवार सायं तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार यहां मरीजों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके मद्देनजर जिला अस्पताल में राउंड द क्लाॅक आवश्यक स्टाफ नियुक्त करना होगा।

इस दौरान प्रशिक्षु आइएएस कनिष्क कटारिया, निगम आयुक्त ए एच गौरी, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, नगर विकास न्यास सचिव नरेन्द्र सिंह पुरोहित, पीबीएम अधीक्षक डाॅ. परमेन्द्र सिरोही, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. देवेन्द्र चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुकुमार कश्यप सहित विभिन्न अधिकारी साथ रहे।

Labels: ,