Skip to main content

हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा: संभाग में पांच लाख स्थानों पर फहराया जाएगा राष्ट्रीय ध्वज, निकलेंगी तिरंगा यात्राएं, सोशल मीडिया पर चलेगा विशेष अभियान

बीकानेर बुलेटिन



संभागीय आयुक्त ने की पूर्व तैयारियों की समीक्षा

बीकानेर, 16 जुलाई। संभाग के चारों जिलों में पांच लाख स्थानों पर 9 से 15 अगस्त तक तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। तिरंगा यात्राएं और प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। सोशल मीडिया पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन भी होगा।
संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन ने शनिवार को ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ अभियान की पूर्व तैयारियों से संबंधित वीडियो कांफ्रेंस के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बीकानेर में दो लाख तथा चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में एक-एक लाख स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा। सभी स्कूलों, कॉलेजों, राशन डीपो, आंगनबाड़ी एवं चिकित्सा केन्द्रों, पटवार मंडलों से जिला कलक्टर कार्यालय, पुलिस चौकियों से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालयों तक तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आमजन को भी जोड़ा जाएगा तथा ग्राम पंचायत तक लक्ष्य निर्धारित करते हुए पूरे संभाग में देश भक्ति की भावना का संचार किया जाएगा।

संभागीय आयुक्त ने कहा कि ध्वजारोहण के दौरान झंडा संहिता के सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करवाई जाए। इसके लिए 20 जुलाई और 5 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने तथा नगरीय निकायों में पार्षदों की बैठकें आयोजित करते हुए इन नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में किसी प्रकार की कोताही नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप संख्या में तिरंगे झंडे की व्यवस्था कर ली जाए तथा इनके वितरण के दौरान झंडा संहिता का प्रति भी साथ दी जाए।

व्हाट्सऐप की ‘डीपी’ पर होगा तिरंगा, संभागीय आयुक्त-जिला कलेक्टर ने की शुरुआत
संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभी सरकारी कार्मिकों के व्हाट्सऐप की डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) और ग्रुप की आइकन पिक्चर पर तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन और जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने व्हाट्सएप की डी.पी. बदलकर इसकी शुरूआत भी की। संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभी सरकारी वेबसाइट्स के अलावा कम्प्यूटर, मोबाइल और लैपटॉप के वॉलपेपर, डिजिटल स्क्रीन पर भी तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर सेल्फी पाइंट बनाए जाएंगे।

गांव-गांव होंगी प्रतियोगिताएं, निकलेंगी तिरंगा यात्राएं
डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा तिरंगा आधारित नारा लेखन, गीत, निबंध, वाद-विवाद, पेंटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कॉलेज शिक्षा विभाग द्वारा चारों जिलों के प्रमुख स्थानों पर वॉल पेंटिंग करवाई जाएगी। स्वाधीनता दिवस के समारोह से पूर्व प्रत्येक ग्राम पंचायत में तिरंगा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा पंचायत के प्रमुख स्थान से होकर कार्यक्रम स्थल तक निकाली जाएगी। इसी प्रकार पुलिस द्वारा भी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधीक्षक तक भागीदारी निभाएंगे। जिला स्तर पर विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी। इसमें आमजन को भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बसों से लेकर वेटिंग एरिया तक होगा तिरंगा
संभागीय आयुक्त ने कहा कि सरकारी एवं निजी बसों, सरकारी कार्यालयों, बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षा गृहों में नॉर्म्स के अनुसार तिरंगे के बैनर लगाए जाएंगे। मिठाई की डिब्बियों पर भी तिरंगा स्टीकर लगाया जाएगा। नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर सेल्फी पाइंट बनाए जाएंगे। स्कूली विद्यार्थियों को ड्राइंग सीट और तीन रंगों के स्कैच पेन दिए जाएंगे। खाद-बीज क्रय करने वाले किसानों, एएनसी जांच करवाने वाली गर्भवती महिलाओं, स्कूलों की प्रार्थना सभाओं सहित विभिन्न आयोजनों में तिरंगे के महत्व के बारे में बताया जाएगा। परिवहन विभाग द्वारा जागरुकता रैली निकाली जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों के मौजीज लोगों के वीडियो संदेश साझा किए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर चलेगा विशेष कैम्पेन
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि जिले के पांच हजार से अधिक सक्रिय महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर बने 557 व्हाट्सऐप गु्रप्स के माध्यम से अभियान की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। इसी प्रकार जिला कलक्टर के ऑफिसियल फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल पर भी विशेष कैम्पेन चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को ‘नो बैग डे’ के अवसर पर स्कूलों में जागरुकता की विभिन्न गतिविधियां होंगी। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक विभाग द्वारा एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

इस दौरान महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक योगेश यादव, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के., अतिरिक्त कलक्टर (नगर) पंकज शर्मा, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक सत्येन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जुगल किशोर माथुर, सहायक निदेशक (कॉलेज शिक्षा) डॉ. राकेश हर्ष, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक शारदा चौधरी, जिला रसद अधिकारी भागू राम महला, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राजकुमार शर्मा, अतिरिक्त निदेशक (उपनिवेशन) राम रतन सौंकरिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार आदि मौजूद रहे। वहीं संभाग के तीनों जिलो के जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।

Comments

Popular posts from this blog

बीकानेर: SP मेडिकल कॉलेज चौराहे से कबूतर पकड़ भाग रहे नगर निगम ट्रैक्टर को युवाओं ने घेरा; चलते वाहन पर कूदे, 4-5 बेजुबान आजाद

India-FirstNews ​— जागरूक युवाओं का साहसिक कदम: चुगाघर से जाल डालकर कबूतर ले जा रहे ट्रैक्टर का पीछा कर गंगानगर सर्किल पर ट्रैफिक पुलिस की मदद से रुकवाया। — चलते ट्रैक्टर पर लगाई छलांग: जीव प्रेमी विकाश बिश्नोई ने जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर रोका; कैद में मौजूद कबूतरों को सकुशल कराया मुक्त। — सदर थाने में मुकदमा दर्ज: रक्तवीर सेवा संस्था व जीव रक्षा संरक्षण टीम ने पशु क्रूरता व वन्यजीव अधिनियम में दर्ज कराई FIR। — कलेक्टर व निगम उपायुक्त को ज्ञापन: दोषी कर्मचारी को बर्खास्त करने व ट्रैक्टर (RJ07RF9737) को सीज करने की रखी मांग। ​ बीकानेर, 04 अगस्त।  बीकानेर शहर में जीव दया और इंसानियत की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। एसपी मेडिकल कॉलेज चौराहे पर स्थित पवित्र पक्षी चुगाघर से अवैध रूप से बेजुबान कबूतरों को पकड़कर ले जा रहे नगर निगम के ट्रैक्टर को जागरूक युवाओं ने साहस दिखाते हुए गंगानगर सर्किल पर घेर लिया। युवाओं ने ना सिर्फ ट्रैक्टर को रुकवाया बल्कि उसमें कैद बेजुबान कबूतरों को भी सकुशल मुक्त कराया। ​ चलते ट्रैक्टर पर छलांग लगाकर रोका वाहन ​घटना रविवार दोपहर की है। नगर निगम ...

बीकानेरी नेता सक्रिय:भाजपा से अर्जुनराम के हाथ में है कमान तो कांग्रेस से बी.डी. कल्ला कर रहे प्रचार

बीकानेर बुलेटिन भंवरलाल शर्मा के निधन से रिक्त हुई सरदारशहर विधानसभा सीट पर उप चुनाव में बीकानेर के नेताओं की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। भारतीय जनता पार्टी से जहां केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को जिम्मेदारी मिली हुई है, वहीं कांग्रेस से शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला सहित कई नेता पहुंच रहे हैं। इनके अलावा भी कई स्थानीय नेताओं को सरदारशहर में जातीय आधार पर जिम्मेदारियां दी गई है, जिन्होंने वहीं पर कैंप किया हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने तो सरदारशहर उपचुनाव की पूरी कमान ही मेघवाल को सौंप रखी है क्योंकि मेघवाल कभी चूरू के जिला कलक्टर हुआ करते थे। प्रशासनिक अधिकारी के रूप में मेघवाल ने यहां काफी समय तक काम किया। इस दौरान बने संपर्क का फायदा भाजपा लेना चाहती है। वहीं सरदारशहर में दलित वर्ग के वोट निर्णायक स्थिति में है, ऐसे में दलित वोट बैंक को प्रभावित करने के लिए भी मेघवाल कारगर साबित हो सकते हैं। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ से जुड़े कई भाजपा नेताओं को भी सरदारशहर में अपने संपर्कों के आधार पर प्रचार करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। मेघवाल की टीम के सदस्य भी इसी विधानसभा क्षेत्र में ...

युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला 

बीकानेर बुलेटिन बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में युवक पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना कोटगेट थाना क्षेत्र के जेलवेल टंकी के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पीपल गट्टे के पास कपिल राजपुरोहित युवक कुत्तों को दूध पिला रहा था। इस दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों द्वारा युवक के गर्दन, पीठ और गाल पर चाकू से वार किये है। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल युवक को पीबीएम अस्पताल ट्रोम सेंटर लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों द्वारा घायल का इलाज किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने पर कोटगेट थानाधिकारी गोविंद सिंह मय टीम के साथ पीबीएम पहुंचे हैं, जहां घायल युवक से घटना की जानकारी ले रहें हैं। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि हमला करने वाले युवक कौन थे और क्यों इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।