बीकानेर बुलेटिन
बीकानेर. प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने की साजिश का मामला सामने आया है। जिसमें नोखा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक को गिरफ्तार किया है। रात्रि में प्रोपर्टी डीलर महावीर मूंधड़ा ने मामला दर्ज करवाया था। करीब तीन घंटों में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर उसकी हत्या करने की प्लानिंग का वीडियो वायरल हुआ। भूखण्ड विवाद में प्रतिद्वंदी पक्ष की ओर से उसकी हत्या करने का षडयंत्र किया गया। करीब 20 लाख रुपए गैंगस्टरों को को देकर हत्या करने की योजना बनाई थी। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि परिवादी लखोटिया प्याऊ के पास, नोखा निवासी महावीर पुत्र जवाहरलाल मूंधड़ा ने ढ़ाई साल पहले नोखा रोड़ बीकानेर स्थित बाहेती परिवार के एक भूखंड का सौदा करवाया था। परिवादी के अनुसार आसाम रहने वाले बाहेती परिवार ने उसे सौदा करवाने का प्रस्ताव दिया था। इस पर उसने बीकानेर की एक पार्टी को आमने सामने बिठाकर सौदा करवा दिया।
परिवादी का कहना है कि मोहित व कैलाश उक्त भूखंड का सौदा खुद करना चाहते थे। मगर उसके मार्फत किसी पार्टी को सौदा हुआ तो वह उससे रंजिश रहने लगे। आरोप है कि दोनों लोगों से कहने लगे कि महावीर की वजह से उसे बीस लाख का नुकसान हो गया। दोनों ने मुनाफे के बीस लाख रूपए मांगने शुरू कर दिए। पैसे ना देने पर गैंगस्टरों से अपहरण करवाकर जान से मरवा देने की धमकियां दी गई। वाट्सएप कॉल पर भी कई बार धमकियां दी गई। परिवादी के अनुसार दस दिनों से मोहित व कैलाश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें वे महावीर की हत्या की योजना बनाते नजर आ रहे हैं।
वहीं थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद का कहना है कि वीडियो वायरल नहीं हुआ, वह पुलिस के पास लाया गया। उसमें हत्या की योजना बनाने की पुष्टि हुई। आरोपियों ने महावीर की हत्या कर शव कहीं छिपा देने की योजना बनाई थी। बीती रात 1 बजे परिवादी ने नोखा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। तीन घंटे बाद ही आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व वाली टीम में एस आई भोलाराम, एएसआई गोविंद सिंह, हैड कांस्टेबल बलवान, कांस्टेबल कैलाश विश्नोई, गणेश, पुखराज डीआर, अशोक कुमार आर एसी, गणेशाराम डीआर सहित साईबर सैल बीकानेर के हैड कांस्टेबल दीपक यादव व दिलीप सिंह शामिल थे।
Labels: #बीकानेर
0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home